बिजनेस

रक्षाबंधन से पहले शेयर बाजार में चौथे दिन भी नहीं थमी गिरावट! सेंसेक्स-निफ्टी लाल निशान पर बंद

Share Market Updates: बीएसई सेंसेक्स आज 145.25 अंकों (0.18%) की गिरावट के साथ 80,478.01 पर खुला, जबकि एनएसई निफ्टी 51.90 अंकों (0.21%) की गिरावट लेकर 24,544.25 पर शुरू हुआ। इससे पहले गुरुवार को भी सेंसेक्स 281.01 अंकों और निफ्टी 110 अंकों की गिरावट के साथ बंद हुए थे। त्योहार के मौसम में जहां लोग रिटेल शॉपिंग में व्यस्त हैं, वहीं निवेशकों की नजर इस बात पर है कि बाजार आने वाले सत्रों में मुनाफा देगा या और नुकसान बढ़ाएगा।

Image

Share Market (Pic credit: iStock)

Photo : iStock

Share Market Updates: बीते कुछ दिनों से बाजार में उतार चढाव जारी है, वहीं कल यानी शनिवार को रक्षाबंधन का त्योहार भी है। त्योहार से ठीक पहले भारतीय शेयर बाजार निवेशकों को अब तक राहत नहीं दे पाया है। विदेशी निवेशकों की बिकवाली का सिलसिला लगातार जारी रहने और अमेरिकी शुल्क से जुड़ी चिंताओं के बीच शुक्रवार को स्थानीय शेयर बाजार में भारी गिरावट आई और सेंसेक्स 765 अंक लुढ़क गया। निफ्टी में भी 233 अंकों की गिरावट दर्ज की गई।

765 अंक पर बंद हुआ सेंसेक्स

बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 765.47 अंक यानी 0.95 प्रतिशत गिरकर 79,857.79 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 847.42 अंक टूटकर 79,775.84 अंक पर आ गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला सूचकांक निफ्टी भी 232.85 अंक यानी 0.95 प्रतिशत गिरकर 24,363.30 अंक पर बंद हुआ।

ये शेयर गिरावट के साथ हुए बंद

सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से भारती एयरटेल, टाटा मोटर्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, कोटक महिंद्रा बैंक, एक्सिस बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। हालांकि, एनटीपीसी, टाइटन, ट्रेंट, आईटीसी और बजाज फिनसर्व के शेयरों में तेजी का रूख रहा। शेयर बाजार से मिले आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 4,997.19 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की बिकवाली की। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 10,864.04 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे।

अमेरिका की तरफ से भारतीय आयात पर घोषित शुरुआती 25 प्रतिशत शुल्क बृहस्पतिवार से लागू हो गए। वहीं रूसी तेल खरीदने पर अलग से लगाए गए 25 प्रतिशत शुल्क 27 अगस्त से लागू होने वाले हैं। एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की सूचकांक सकारात्मक दायरे में बंद हुआ, जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट के साथ बंद हुए। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर कारोबार में ज्यादातर बढ़त में थे। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को मिले-जुले रुख के साथ बंद हुए थे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.59 प्रतिशत बढ़कर 66.82 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article