बिजनेस

Share Market Today : सेंसेक्स 700 अंक तक उछला, निफ्टी 24,150 के पार; IT शेयरों ने भरी उड़ान

सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन घरेलू शेयर बाजार ने शानदार शुरुआत की। बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स जहां 700 अंक तक चढ़ गया, वहीं, निफ्टी 24,150 के ऊपर चला गया है।

Image

शेयर बाजार में तेजी

Photo : iStock

Share Market Today : शुक्रवार सुबह कारोबार शुरू होते ही खरीदारी का माहौल बन गया। शुरुआती कारोबार में Sensex 698 अंक की तेजी के साथ 77,440.25 पर पहुंच गया, जबकि Nifty 50 करीब 198 अंक चढ़कर 24,161.25 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। इससे पहले गिफ्ट निफ्टी ने भी मजबूत शुरुआत के संकेत दिए थे और उसका असर घरेलू बाजार में साफ नजर आया।

आईटी शेयर बने बाजार की सबसे बड़ी ताकत

आज की तेजी में सबसे बड़ा योगदान IT सेक्टर का रहा। Nifty IT इंडेक्स 3.34% तक उछल गया, जिससे साफ संकेत मिला कि निवेशकों ने टेक कंपनियों में जोरदार खरीदारी की। इसके अलावा Metal, वित्तीय सेवाएं, बैंकिंग, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और ऑयल एंड गैस शेयरों में भी अच्छी बढ़त देखने को मिली। दूसरी ओर फार्मा और हेल्थकेयर शेयरों में हल्की बिकवाली रही।

निवेशकों का भरोसा क्यों बढ़ा?

वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों ने घरेलू निवेशकों का भरोसा मजबूत किया। अमेरिका में एसएंडपी 500 और नैस्डैक बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि एशियाई बाजारों में निक्केई, हैंगसेंग, शंघाई और कोस्पी में भी तेजी देखने को मिली। इससे जोखिम लेने की धारणा मजबूत हुई और भारतीय बाजार में खरीदारी बढ़ी।

डर कम हुआ, तेजी को मिला सहारा

बाजार की घबराहट मापने वाला India Vix 5.46% गिरकर 12.63 पर आ गया। आमतौर पर Vix में गिरावट को निवेशकों के बढ़ते भरोसे का संकेत माना जाता है। इसी दौरान डॉलर के मुकाबले रुपया भी मजबूत दिखा, जबकि ब्रेंट क्रूड 76 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार करता रहा, जिससे निवेशकों का रुख सकारात्मक बना रहा।

किन सेक्टरों पर रहेगी निवेशकों की नजर?

आज के कारोबार में IT सबसे मजबूत सेक्टर बनकर उभरा। इसके अलावा बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं, मेटल और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में भी तेजी बनी रही। वहीं फार्मा और हेल्थकेयर शेयरों में दबाव देखने को मिला। अगर वैश्विक बाजारों का सकारात्मक रुख जारी रहता है और विदेशी निवेशकों का भरोसा बना रहता है, तो दिन के कारोबार में बाजार की तेजी आगे भी कायम रह सकती है। हालांकि निवेशकों की नजर अब दिनभर आने वाले वैश्विक संकेतों और संस्थागत निवेशकों की गतिविधियों पर रहेगी।

    Yateendra Lawaniya
    यतींद्र लवानियाauthor

    प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

    और पढ़ें
    End of Article