2027 Business Trends : नया साल कारोबार की दुनिया के लिए कौन से नए अवसर लेकर आएगा? आने वाले समय में किन सेक्टर्स में निवेश, टेक्नोलॉजी और कंजम्पशन का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है? आरपीजी एंटरप्राइजेज के चेयरमैन और दिग्गज उद्योगपति हर्ष गोयनका ने ऐसे ही सवालों के जवाब में भारत के 10 बिजनेस ट्रेंड्स की लिस्ट साझा की है, जिन पर 2027 में नजर रहेगी।
गोयनका ने 24 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, '10 बिजनेस ट्रेंड्स टू वॉच इन इंडिया इन 2027'। उनकी इस लिस्ट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डेटा सेंटर, डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग, सेमीकंडक्टर, रिन्यूएबल एनर्जी, हेल्थकेयर और लग्जरी कंजम्पशन जैसे सेक्टर शामिल हैं। खास बात यह है कि इसमें फूड प्रोसेसिंग, एग्री-टेक और स्पिरिचुअल टूरिज्म जैसे क्षेत्र भी जगह पाने में सफल रहे हैं। आखिर क्यों गोयनका ने 2027 में इन 10 क्षेत्रों में कारोबार और रोजगार के नए अवसर पैदा देखे हैं, जानते हैं।
AI अब प्रयोग नहीं, कारोबार का जरिया
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI का इस्तेमाल अब रिसर्च और चैटबॉट तक सीमित नहीं रहेगा। 2027 में कंपनियां इसे कस्टमर सर्विस, डेटा एनालिसिस, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट और बिजनेस ऑपरेशंस में बड़े स्तर पर अपना सकती हैं। इससे लागत घटाने और उत्पादकता बढ़ाने के अवसर बनेंगे।
डेटा सेंटर बनेंगे इंफ्रास्ट्रक्चर का नया बाजार
डिजिटल सेवाओं, क्लाउड कंप्यूटिंग और AI के बढ़ते इस्तेमाल से डेटा स्टोरेज की मांग बढ़ेगी। डेटा सेंटर के निर्माण से पावर, कंस्ट्रक्शन, इलेक्ट्रिकल इक्विपमेंट और कूलिंग सिस्टम से जुड़ी कंपनियों को भी कारोबार के अवसर मिल सकते हैं।
डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग में खुलेंगे नए मौके
भारत में घरेलू रक्षा उत्पादन और निर्यात पर बढ़ते जोर से डिफेंस सेक्टर को गति मिल सकती है। इसका फायदा हथियार निर्माता कंपनियों के अलावा ड्रोन, सेंसर, डिफेंस इलेक्ट्रॉनिक्स और रक्षा उपकरणों के कंपोनेंट बनाने वाली कंपनियों को भी मिल सकता है।
मजबूत होगा सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम
मोबाइल, कार, कंप्यूटर और AI उपकरणों में चिप की बढ़ती जरूरत भारत के लिए सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग के अवसर पैदा कर रही है। चिप निर्माण के साथ इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स, टेस्टिंग, पैकेजिंग और उपकरण बनाने वाली कंपनियों को भी फायदा मिल सकता है।
एनर्जी स्टोरेज और न्यूक्लियर पावर पर बढ़ेगा जोर
बिजली की बढ़ती मांग के बीच सोलर, विंड एनर्जी, बैटरी स्टोरेज और न्यूक्लियर पावर महत्वपूर्ण हो सकते हैं। इससे बैटरी, एनर्जी मैनेजमेंट सिस्टम और पावर इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी कंपनियों के लिए नए अवसर बनेंगे।
हेल्थकेयर में AI और बायोटेक की भूमिका बढ़ेगी
AI से मेडिकल जांच और बीमारी की पहचान बेहतर हो सकती है। वहीं, बायोटेक्नोलॉजी और पर्सनलाइज्ड मेडिसिन के जरिए मरीजों की जरूरत के मुताबिक इलाज विकसित करने पर जोर बढ़ेगा। इससे हेल्थटेक, डायग्नोस्टिक्स और फार्मा रिसर्च को बढ़ावा मिल सकता है।
लग्जरी और प्रीमियम कंजम्पशन का विस्तार
बदलती उपभोक्ता पसंद के साथ लग्जरी प्रोडक्ट, प्रीमियम सेवाओं और वेलनेस पर खर्च बढ़ सकता है। इससे लग्जरी रिटेल, फिटनेस, ब्यूटी और हॉस्पिटैलिटी कारोबार को नए ग्राहक मिल सकते हैं।
लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग होंगे स्मार्ट
ई-कॉमर्स और मैन्युफैक्चरिंग के विस्तार से स्मार्ट वेयरहाउसिंग और बेहतर सप्लाई चेन की जरूरत बढ़ेगी। ऑटोमेशन, डिजिटल ट्रैकिंग और इन्वेंट्री मैनेजमेंट से जुड़ी कंपनियों के लिए अवसर बन सकते हैं।
फूड प्रोसेसिंग और एग्री-टेक में बढ़ेंगे मौके
कृषि उत्पादों की प्रोसेसिंग, कोल्ड स्टोरेज और आधुनिक कृषि तकनीक से उनकी वैल्यू बढ़ाई जा सकती है। इससे फूड प्रोसेसिंग कंपनियों, एग्री-टेक स्टार्टअप और सप्लाई चेन कारोबार को फायदा मिल सकता है।
टूरिज्म और स्पिरिचुअल ट्रैवल में तेजी
धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन की बढ़ती संभावनाओं से होटल, रिसॉर्ट, ट्रैवल एजेंसियों, परिवहन और स्थानीय कारोबार को नए अवसर मिल सकते हैं। बेहतर कनेक्टिविटी और पर्यटन सुविधाएं इस सेक्टर को आगे बढ़ा सकती हैं।

