देशभर में लाखों खरीदार सालों से घर मिलने का इंतजार कर रहे हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि वह हर महीने बैंक की EMI तो भर रहे हैं लेकिन उन्हें पता ही नहीं है कि कब फ्लैट की चाबी मिलेगी। अब दिल्ली जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग (Delhi District Consumer Disputes Redressal Commission) कोर्ट ने ऐसे ही एक खरीदार के हक में ऐतिहासिक फैसला सुनाया है। आइए जानते हैं कि कोर्ट ने क्या फैसला दिया है और इसका असर दूसरे खरीदारों पर क्या होगा?
क्या है पूरा मामला?
दिल्ली में काम करने वाली एक सरकारी कर्मचारी, श्रीमती बेक के साथ कुछ ऐसा ही हुआ। उन्होंने गाजियाबाद की एक को-ऑपरेटिव सोसाइटी में फ्लैट बुक किया था। उन्हें दिसंबर 2015 में कब्जा देने का वादा किया गया था, लेकिन आज तक उन्हें फ्लैट नहीं मिला। उनकी मुसीबतें तब और बढ़ गईं, जब सोसाइटी ने उन्हें 'डिफॉल्ट का नोटिस' भेजा और अतिरिक्त पैसों की मांग की। श्रीमती बेक ने जो फ्लैट बुक किया था, उसकी कीमत 28,16,000 रुपये थी, लेकिन सोसाइटी ने बार-बार कीमत बढ़ा दी (जबकि ऐसा न करने का वादा किया गया था), जिसकी वजह से उन्हें 29 लाख रुपये से ज्यादा का भुगतान करना पड़ा। इसके अलावा, उन्होंने बताया कि उन्होंने स्टेट बैंक के लोन अकाउंट में ब्याज के तौर पर एक बड़ी रकम जमा की है और अभी भी बैंक को EMI चुका रही हैं।
इससे परेशान होकर, महिला ने दिल्ली जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग (Delhi District Consumer Disputes Redressal Commission) का दरवाजा खटखटाया। उन्होंने मांग की कि सोसाइटी 29,28,806 रुपये की रकम 18% ब्याज के साथ वापस करे, साथ ही 10 लाख रुपये या उससे अधिक का मुआवजा और मुकदमे के खर्च के तौर पर 2,00,000 रुपये का भुगतान करे। 30 अक्टूबर, 2026 को दिए गए अपने फैसले में, आयोग ने महिला के पक्ष में निर्णय सुनाया।
कंज्यूमर कमीशन ने क्या फैसला सुनाया?
दिल्ली उपभोक्ता आयोग ने पाया कि फ्लैट का कब्जा देने में असाधारण देरी हुई है। आयोग ने इसे सेवा में कमी (Deficiency in Service) और अनुचित व्यापार व्यवहार (Unfair Trade Practice) माना।
आयोग ने सुप्रीम कोर्ट के चर्चित फैसले 'लखनऊ विकास प्राधिकरण बनाम एम.के. गुप्ता' का भी हवाला दिया। इस फैसले के अनुसार, तय समय में सेवा उपलब्ध नहीं कराना सेवा में कमी के दायरे में आ सकता है और उपभोक्ता को इसके लिए राहत पाने का अधिकार है।
आयोग ने सोसाइटी को चार सप्ताह के भीतर श्रीमती बेक को 29,28,806 रुपये लौटाने का निर्देश दिया। इस रकम पर प्रत्येक भुगतान की तारीख से 9 फीसदी सालाना ब्याज भी देना होगा। इसके अलावा मानसिक पीड़ा और उत्पीड़न के लिए 1 लाख रुपये तथा कानूनी खर्च के तौर पर 25,000 रुपये देने का आदेश दिया गया।
