Share Market News Today, 18 Oct 2022: घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में तेजी का सिलसिला जारी है। वैश्विक शेयर बाजार में सुधार के बीच प्रमुख कंपनियों के शेयरों में लिवाली से बाजार में तेजी देखी जा रही है। हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 457.74 अंक यानी 0.78 फीसदी बढ़कर 58868.72 अंक पर खुला। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स निफ्टी 139.20 अंक (0.80 फीसदी) की तेजी के साथ 17451 के स्तर पर खुला। बाजार के खुलने के बाद तेजी और भी बढ़ गई। शुरुआती कारोबार में 1433 शेयरों में तेजी आई, 443 शेयरों में गिरावट आई और 83 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।
सूचना प्रौद्योगिकी (IT) और बैंकों के दूसरी तिमाही के अच्छे नतीजों से स्थानीय शेयर बाजार को समर्थन मिला है। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (FII) शुद्ध बिकवाल बने हुए हैं। उन्होंने सोमवार को 372 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे थे।
आपको किन शेयरों में लगाना चाहिए पैसा? देखिए स्पेशल रिपोर्ट
इन शेयरों ने निवेशकों को किया मालामाल
कारोबार की शुरुआत के दौरान बीएसई पर लिस्टेड सभी प्रुख कंपनियों के शेयर बढ़े थे। सबसे ज्यादा तेजी भारती एयरटेल के शेयर में आई। इसके अलावा रिलायंस, एसबीआई, अल्ट्राटेक सीमेंट, एचसीएल टेक, विप्रो, इंडसइंड बैंक, मारुति, टाटा स्टील, टीसीएस, एशियन पेंट्स, पावर ग्रिड, इंफोसिस, टाइटन, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, एचडीएफसी बैंक, एनटीपीसी, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी, टेक महिंद्रा, सन फार्मा, आदि शामिल हैं।
ग्लोबल बाजारों की बात करें, तो अमेरिकी और यूरोपीय के बाजार में तेजी का रुख है। पिछले सत्र में अमेरिकी बाजार हरे निशान में बंद हुआ था। डाउ जोंस में 550 अंक (1.86 फीसदी) की तेजी आई और नैस्डैक 3.43 फीसदी बढ़ा। इसके अलावा एस एंड पी 500 में 2.65 फीसदी की तेजी आई थी। FTSE 100, DAX और CAC 40 में क्रमश: 0.90 फीसदी, 1.70 फीसदी और 1.83 फीसदी की तेजी आई थी।
