Share Market News Today, 13 Oct 2022: भारत के व्यापक आर्थिक आंकड़ों में कमजोरी और ग्लोबल मार्केट के कमजोर रुख के चलते गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार नुकसान के साथ बंद हुए। हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 390.58 अंक यानी 0.68 फीसदी की भारी गिरावट के साथ 57,235.33 के स्तर पर बंद हुआ। इसी के साथ बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 2,69,89,247.70 करोड़ रुपये हो गया। निफ्टी की बात करें, तो आज नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के प्रमुख इंडेक्स में 109.25 अंक यानी 0.64 फीसदी की गिरावट आई और यह 17,014.35 के स्तर पर पहुंच गया।
डिटेल में जानें कैसा रहा आज का बाजार -
ग्लोबल मार्केट में भी आई गिरावट
अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें, तो अमेरिका का डाओ जोंस 28 अंक यानी 0.09 फीसदी फिसल गया। Nasdaq में 0.08 फीसदी की गिरावट आई। S&P 500 की बात करें, तो यह 0.33 फीसदी लुढ़क गया। यूरोपीय बाजारों में भी कमजोरी देखने को मिली। FTSE 100 में 0.86 फीसदी, DAX में 0.39 फीसदी और CAC 40 में 0.25 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
गुरुवार को मीडिया, मेटल और फार्मा के शेयरों में तेजी आई, वहीं फाइनेंस सर्विस, एफएमसीजी, आईटी, पीएसयू बैंक, प्राइवेट बैंक, रियल्टी, बैंक और ऑटो के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।
BSE पर लिस्टेड प्रमुख कंपनियों में आज एचसीएल टेक, सन फार्मा, रिलायंस, डॉक्टर रेड्डी, अल्ट्राटेक सीमेंट, नेस्ले इंडिया, टीसीएस और एनटीपीसी में तेजी आई। वहीं इंडसइंड बैंक, टेक महिंद्रा, टाटा स्टील, आईटीसी, मारुति, कोटक बैंक, इंफोसिस, पावर ग्रिड, एक्सिस बैंक, बजाज फिनसर्व, टाइटन, भारती एयरटेल, एचडीएफसी, बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक, एशियन पेंट्स, आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई और विप्रो में गिरावट दर्ज की गई।
उल्लेखनीय है कि बुधवार को रिटेल इन्फ्लेशन और औद्योगिक उत्पादन के आंकड़ों के रूप में भारतीय अर्थव्यवस्था को दोहरे झटके का सामना करना पड़ा। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, खाद्य वस्तुओं की कीमतों में तेजी की वजह से खुदरा मुद्रास्फीति पांच महीने के उच्च स्तर पर यानी 7.4 फीसदी पर पहुंच गई।
