Share Market News Today, 09 Dec 2022: शुक्रवार को दिनभर के उतार- चढ़ाव के बाद बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स और व्यापक एनएसई निफ्टी गिरावट के साथ बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 389.01 अंक (0.62 फीसदी) की गिरावट के साथ 62,181.67 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 112.75 अंक यानी 0.61 फीसदी लुढ़ककर 18,496.60 के स्तर पर बंद हुआ। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन लगभग सभी सेक्टर्स में गिरावट आई।
पिछले सत्र में ऐसा रहा मार्केट का हाल
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी बढ़त पर कारोबार कर रहे थे। वहीं पिछले कारोबारी सत्र में यानी गुरुवार को सेंसेक्स 160 अंकों की बढ़त के साथ 62,570.68 अंक पर बंद हुआ था। इस दौरान निफ्टी 48.85 अंकों की तेजी के साथ 18,609.35 अंक पर बंद हुआ था। अन्य एशियाई बाजारों की बात करें, तो आज सियोल, तोक्यो, शंघाई और हांगकांग के बाजारों में तेजी आई।
शुक्रवार को ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज कंपनियों की बात करें, तो बीएसई पर नेस्ले इंडिया, सन फार्मा, टाइटन, डॉक्टर रेड्डी, आईटीसी, एसबीआई, एचडीएफसी बैंक, इंडसइंड बैंक, एचडीएफसी, भारती एयरटेल और एशियन पेंट्स के शेयर बढ़त पर बंद हुए। वहीं आज पावर ग्रिड, आईसीआईसीआई बैंक, कोटक बैंक, एक्सिस बैंक, एम एंड एम, एल एंड टी, एनटीपीसी, मारुति, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, टाटा स्टील, अल्ट्राटेक सीमेंट, रिलायंस, टीसीएस, विप्रो, इंफोसिस, टेक महिंद्रा और एचसीएल टेक के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।
सेक्टोरल फ्रंट पर आज निफ्टी बैंक, एफएमसीजी और फार्मा के अलावा सभी सेक्टर्स गिरावट पर रहे। इनमें बैंक, फाइनेंस सर्विस, आईटी, मीडिया, मेटल, पीएसयू बैंक, प्राइवेट बैंक और रियल्टी शामिल हैं।
