शेयर बाजार में आज शुक्रवार को मंदी का माहौल देखने को मिला। कारोबारी सप्ताह के आखिरी दिन बाजार की शुरुआत ही भारी गिरावट के साथ हुई, जिससे निवेशकों की चिंता बढ़ गई। बीएसई सेंसेक्स करीब 400 अंकों की गिरावट के साथ 82,065.76 पर खुला, जबकि एनएसई निफ्टी 100 अंक फिसलकर 25,010.35 के स्तर पर आ गया। ग्लोबल संकेतों में कमजोरी और मुनाफावसूली के चलते बाजार का मूड बिगड़ा नजर आ रहा है।
शेयर बाजार में आज सुस्ती का माहौल बना हुआ है, जिसकी मुख्य वजह ग्लोबल बाजारों से मिल रहे कमजोर संकेत हैं। गिफ्ट निफ्टी में 121 अंकों की गिरावट देखने को मिली और यह 25,000 के नीचे चला गया। हालांकि अमेरिकी बाजारों में तेजी जारी रही नैस्डैक और S&P 500 ने नए रिकॉर्ड बनाए, लेकिन डाओ जोंस 300 अंक टूटकर दिन के निचले स्तर पर बंद हुआ। हालांकि डाओ फ्यूचर्स में बाद में 100 अंकों की तेजी दर्ज हुई। जापान के निक्केई इंडेक्स में 200 से ज्यादा अंकों की गिरावट रही।
विदेशी निवेशकों की बिकवाली बनी चिंता का कारण
बीते दिन एफआईआई (FIIs) ने लगातार चौथे दिन बिकवाली जारी रखी और कैश, इंडेक्स व स्टॉक फ्यूचर्स को मिलाकर 3,080 करोड़ रुपये की नेट बिकवाली की। हालांकि घरेलू निवेशकों (DIIs) ने बाजार में 2,600 करोड़ रुपये लगाए और 14वें दिन भी खरीदारी जारी रखी।
सेंसेक्स-निफ्टी पर दबाव
शुक्रवार के शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स के 30 में से सिर्फ 4 शेयर हरे निशान में दिखे, जबकि बाकी 26 में गिरावट रही। निफ्टी के सेक्टोरल इंडेक्स में ऑटो, मेटल और एफएमसीजी शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली देखने को मिली।
Enviro Infra के शेयर में उछाल
Enviro Infra के शेयरों में करीब 4% की तेजी देखने को मिली और यह 286 रुपये के पास पहुंच गया। वजह रही – कंपनी को बेंगलुरु वाटर सप्लाई एंड सीवरेज बोर्ड से 221.3 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है। इस प्रोजेक्ट में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाना और ट्रीटेड पानी का दोबारा उपयोग शामिल है।
रुपया कमजोर, डॉलर के मुकाबले टूटा
रुपया शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले कमजोरी के साथ खुला। यह 16 पैसे टूटकर 86.57 प्रति डॉलर पर पहुंच गया, जबकि गुरुवार को यह 86.41 पर बंद हुआ था।
एशियाई बाजारों में मिलाजुला रुख
- गिफ्ट निफ्टी: 100 अंकों की गिरावट
- जापान का निक्केई: 288 अंकों की गिरावट
- हांगकांग का हैंग सेंग: 307 अंकों की कमजोरी
- ताइवान का बाजार: 25 अंकों की तेजी
- कोरिया का कोस्पी: 0.31% की तेजी
24 जुलाई का हाल
बुधवार को भी बाजार दबाव में रहा। सेंसेक्स 542 अंकों की गिरावट के साथ 82,184 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 158 अंक टूटकर 25,062 पर आ गया। सेंसेक्स के केवल 5 शेयर ही बढ़त में रहे। ट्रेंट, टेक महिंद्रा और बजाज फिनसर्व के शेयर 4% तक गिरे, वहीं जोमैटो, टाटा मोटर्स और सन फार्मा के शेयरों में 3.5% तक की तेजी आई थी।
