बिजनेस

Closing Bell: सेंसेक्स 919 और निफ्टी 275 अंक उछलकर बंद, इन पांच वजहों से आई तेजी

Share Market Today (10-Apr-2026) Sensex Nifty Today: मजबूत ग्लोबल संकेत और एशियाई बाजारों में तेजी के बीच सेंसेक्स निफ्टी की पॉजिटिव शुरुआत हुई है। निफ्टी करीब 261 अंक और सेंसेक्स में 870 अंक तेजी में हैं।

Image

हरे निशान में बढ़त के साथ बंद हुए निफ्टी सेंसेक्स

Share Market Today Sensex Nifty Today: आज का शेयर बाजार (10-Apr-2026): घरेलू शेयर बाजार में आज जोरदार तेजी के साथ कारोबार बंद हुआ, जहां निफ्टी 50 275 अंकों की बढ़त के साथ 24,050.60 पर बंद हुआ और इंट्राडे में 24,074.05 का हाई छुआ। वहीं सेंसेक्स भी 918 अंकों की मजबूत तेजी के साथ 77,550.25 पर बंद हुआ, जिसने दिन के दौरान 77,622.50 का उच्चतम स्तर बनाया। पूरे सत्र में बाजार में खरीदारी का दबदबा रहा और हर गिरावट पर निवेशकों ने खरीदारी की, जिससे इंडेक्स अपने दिन के ऊपरी स्तरों के करीब बंद हुए। बैंकिंग, ऑटो और फाइनेंशियल शेयरों में मजबूती इस तेजी की प्रमुख वजह रही, जबकि ब्रॉड मार्केट में भी सकारात्मक रुझान देखने को मिला।

इंडेक्सबंद स्तरबदलाव% बदलावओपनहाईलो
निफ्टी 5024,050.60+275.50+1.16%23,880.5524,074.0523,856.35
सेंसेक्स77,550.25+918.60+1.20%77,121.0177,622.5076,851.16

कैसी रही ओपनिंग?

घरेलू शेयर बाजार ने आज मजबूती के साथ शुरुआत की है। निफ्टी 23,880.55 के स्तर पर खुला, जो पिछले बंद 23,775.10 से करीब 105 अंकों की बढ़त दर्शाता है। वहीं सेंसेक्स भी 489 अंकों की तेजी के साथ 77,121.01 पर खुला, जिससे बाजार में पॉजिटिव सेंटीमेंट साफ नजर आ रहा है। वैल्यूएशन की बात करें तो निफ्टी का P/E 20.89 और P/B 3.25 पर है, जो बाजार को अभी भी प्रीमियम वैल्यूएशन पर दिखाता है। हालांकि, 52 हफ्तों के हाई 26,373 के मुकाबले अभी भी इंडेक्स नीचे है, जिससे आगे रिकवरी की गुंजाइश बनी हुई है। इससे पहले अगर एशियाई बाजारों की बात करें तो जापान, कोरिया और चीन के प्रमुख इंडेक्स में तेजी बनी हुई है। जबकि, GIft Nifty भी मजबूत बना हुआ है। प्री-ओपनिंग में निफ्टी करीब 171 अंक उछला, वहीं सेंसेक्स में 900 अंक की तेजी आई। इससे पहले गुरुवार को बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ था।

इन 5 वजहों से बाजार में आई तेजी

घरेलू शेयर बाजार में आज आई तेज तेजी के पीछे कई मजबूत ट्रिगर रहे, जिनमें घरेलू सेक्टरियल खरीदारी से लेकर ग्लोबल संकेत तक शामिल हैं।

  1. फाइनेंशियल शेयरों में जोरदार खरीदारी : आज की तेजी का सबसे बड़ा ड्राइवर बैंकिंग और फाइनेंशियल सेक्टर रहा। फाइनेंशियल स्टॉक्स में करीब 1.6% की तेजी आई, जबकि पूरे हफ्ते में इसमें 8% से ज्यादा की बढ़त दर्ज हुई। PSU बैंक और प्राइवेट बैंक इंडेक्स में क्रमश: 1.48% और 1.78% की तेजी ने बाजार को मजबूत सहारा दिया।
  2. ग्लोबल बाजारों से मिला पॉजिटिव सपोर्ट : एशियाई बाजारों में मजबूती और अमेरिकी बाजारों की तेजी ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया। अमेरिका में S&P 500 अहम स्तर के ऊपर बंद हुआ, वहीं Nasdaq में टेक शेयरों की वजह से मजबूत उछाल आया। Amazon, Intel और Alphabet जैसे दिग्गज शेयरों में तेजी से ग्लोबल सेंटीमेंट पॉजिटिव रहा।
  3. रुपये में मजबूती से बढ़ा भरोसा : रुपया डॉलर के मुकाबले मजबूत हुआ और 92.41 के स्तर पर पहुंचा। करेंसी में मजबूती से विदेशी निवेशकों का भरोसा बढ़ता है, जिससे इक्विटी बाजार को सपोर्ट मिलता है। हालांकि, आगे भी ग्लोबल घटनाओं के चलते उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।
  4. जियोपॉलिटिकल तनाव में नरमी की उम्मीद : अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौते और सीजफायर की उम्मीद से बाजार में राहत का माहौल बना। इससे क्रूड ऑयल की कीमतों पर दबाव कम होने की उम्मीद है, जो भारत जैसे आयातक देश के लिए पॉजिटिव संकेत है।
  5. गिरावट के बाद रिकवरी और वैल्यू बायिंग : पिछले सत्र में बाजार में भारी गिरावट आई थी, जहां सेंसेक्स 900 अंकों से ज्यादा टूटा था। ऐसे में आज निवेशकों ने निचले स्तरों पर खरीदारी (value buying) का फायदा उठाया, जिससे बाजार में तेज रिकवरी देखने को मिली।

कैसा रहा सेक्टोरल मार्केट का हाल?

घरेलू बाजार में आज की तेजी पूरी तरह ब्रॉड-बेस्ड रही, जहां सेक्टोरल और ब्रॉड मार्केट दोनों में मजबूत खरीदारी देखने को मिली। बैंकिंग, फाइनेंशियल, ऑटो और रियल्टी सेक्टर 2% तक की तेजी के साथ रैली को लीड कर रहे थे, जबकि PSU और प्राइवेट बैंक दोनों में दमदार भागीदारी दिखी। FMCG, मेटल और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में भी स्थिर मजबूती रही, जो डिमांड रिकवरी का संकेत है। हालांकि IT सेक्टर करीब 2% टूटकर सबसे कमजोर कड़ी रहा, जिससे साफ है कि ग्लोबल टेक दबाव अभी भी जारी है। ब्रॉड मार्केट में मिडकैप, स्मॉलकैप और माइक्रोकैप इंडेक्स में 1.5% से 2% तक की तेजी ने बाजार की चौड़ाई (breadth) को बेहद मजबूत बनाया, जो संकेत देता है कि यह रैली केवल बड़े शेयरों तक सीमित नहीं बल्कि व्यापक भागीदारी के साथ है।

सेक्टरस्तर% बदलाव
निफ्टी ऑटो26,640.90+2.85%
निफ्टी बैंक55,912.75+1.99%
निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज26,213.90+2.06%
निफ्टी FMCG48,194.05+1.16%
निफ्टी आईटी31,030.60-1.91%
निफ्टी मेटल12,356.40+1.04%
निफ्टी फार्मा22,164.85+0.13%
निफ्टी PSU बैंक8,778.25+2.01%
निफ्टी प्राइवेट बैंक26,779.95+1.98%
निफ्टी रियल्टी759.25+2.08%
निफ्टी ऑयल एंड गैस11,193.40+0.91%
निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स36,464.15+1.74%

IT सेक्टर में दबाव, ग्लोबल संकेत कमजोर

आईटी सेक्टर आज का सबसे कमजोर कड़ी बना हुआ है और 1.5% से ज्यादा की गिरावट के साथ ट्रेड कर रहा है। अमेरिकी बाजारों से कमजोर संकेत और टेक स्टॉक्स में दबाव का असर भारतीय आईटी कंपनियों पर साफ दिख रहा है। डॉलर की चाल और क्लाइंट स्पेंडिंग आउटलुक पर भी नजर बनी हुई है।

इंडेक्सस्तर% बदलाव
निफ्टी 10024,809.80+1.32%
निफ्टी 20013,581.30+1.36%
निफ्टी 50022,346.75+1.40%
निफ्टी मिडकैप 10057,843.95+1.52%
निफ्टी स्मॉलकैप 10016,840.10+1.65%
निफ्टी मिडस्मॉलकैप 40019,246.65+1.60%
निफ्टी माइक्रोकैप 25021,449.20+2.11%

विक्स की कमजोरी ने बढ़ाया भरोसा

आज बाजार की तेजी के पीछे एक बड़ा संकेत इंडिया VIX में आई तेज गिरावट भी रही। वोलैटिलिटी इंडेक्स करीब 7% से ज्यादा टूटकर 18.85 के स्तर पर आ गया, जो यह दर्शाता है कि बाजार में डर और अनिश्चितता तेजी से कम हो रही है। आमतौर पर VIX में गिरावट को स्थिर और भरोसेमंद बाजार का संकेत माना जाता है, जहां निवेशक जोखिम लेने के लिए ज्यादा तैयार होते हैं। यही वजह रही कि आज की रैली में चौतरफा खरीदारी देखने को मिली और बाजार ऊपरी स्तरों पर मजबूती से टिकने में सफल रहा।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article