बिजनेस

बाजार झूमा, निवेशक मालामाल , 6.52 लाख करोड़ बढ़ी पूंजी; Sensex 941, Nifty 298 अंक उछलकर बंद

शेयर बाजार में बुधवार को 6 मई को जबरदस्त उतार-चढ़ाव भरा रहा। लेकिन, दिन के आखिर में बाजार में जोरदार तेजी आई, जिससे निवेशकों की पूंजी में 6.52 लाख करोड़ का इजाफा हुआ है।

Image

शेयर बाजार मे तेजी

Share Market Live Today 6-May-2026 : भारतीय शेयर बाजार की बुधवार को मजबूत शुरुआत हुई है। लेकिन, दिनभर उठा-पटक चलती रही। हालांकि, दिन के आखिर में निफ्टी-सेंसेक्स सहित पूरे बाजार में जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली, जिससे निवेशकों की पूंजी में 6.52 लाख करोड़ का इजाफा हुआ है।

कारोबार खत्म होने तक BSE सेंसेक्स 940.73 अंक यानी 1.22% की तेजी के साथ 77,958.52 पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 78,022.78 का हाई भी छुआ। वहीं NSE निफ्टी 298.15 अंक यानी 1.24% चढ़कर 24,330.95 पर बंद हुआ। निफ्टी ने दिन में 24,356.50 का हाई बनाया।

बाजार की शुरुआत गैप-अप ओपनिंग के साथ हुई थी और दिनभर खरीदारी का दबदबा बना रहा। निवेशकों का फोकस खासतौर पर बैंकिंग और हाई बीटा सेक्टरों पर रहा।

बैंकिंग शेयरों ने दी ताकत

आज के कारोबार में बैंकिंग सेक्टर बाजार का सबसे मजबूत स्तंभ बनकर उभरा। निफ्टी बैंक इंडेक्स 2.63% चढ़कर 55,981.05 के स्तर पर बंद हुआ। PSU बैंक इंडेक्स 2.84% उछला, जबकि प्राइवेट बैंक इंडेक्स में 2.42% की तेजी दर्ज हुई। फाइनेंशियल सर्विसेज इंडेक्स भी 2.63% मजबूत रहा। बाजार जानकारों का कहना है कि मजबूत आर्थिक संकेतकों और बेहतर लिक्विडिटी उम्मीदों से बैंकिंग शेयरों में खरीदारी बढ़ी।

ऑटो, फार्मा और रियल्टी में शानदार तेजी

ऑटो इंडेक्स 2.41% और रियल्टी इंडेक्स 2.63% की मजबूती के साथ बंद हुए। वहीं निफ्टी फार्मा इंडेक्स 2.30% चढ़ा। हेल्थकेयर इंडेक्स में भी करीब 1.78% की तेजी देखने को मिली। मिडस्मॉल हेल्थकेयर इंडेक्स 2.46% और मिडस्मॉल IT एंड टेलीकॉम इंडेक्स 3.06% चढ़ा, जिससे बाजार में मजबूत रिस्क-ऑन सेंटीमेंट का संकेत मिला।

ब्रॉड मार्केट में चौतरफा खरीदारी

निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 1.76% और स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 1.93% उछल गया। मिडकैप 50 इंडेक्स में 2.21% की तेजी दर्ज हुई। बाजार की तेजी केवल बड़े शेयरों तक सीमित नहीं रही, बल्कि व्यापक बाजार में भी निवेशकों ने जमकर खरीदारी की।

VIX में बड़ी गिरावट

इंडिया VIX करीब 6.86% गिरकर 16.68 पर आ गया। VIX में गिरावट को बाजार के लिए पॉजिटिव संकेत माना जाता है क्योंकि इससे निवेशकों के बीच डर कम होने का संकेत मिलता है।

FMCG सेक्टर रहा कमजोर

तेज बाजार के बीच FMCG सेक्टर में हल्की कमजोरी देखने को मिली। निफ्टी FMCG इंडेक्स 0.26% गिरकर बंद हुआ। हालांकि बाकी ज्यादातर सेक्टर मजबूत बढ़त के साथ बंद हुए।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article