बिजनेस

Share Market Crash: बाजार खुलते ही 5 लाख करोड़ साफ, निफ्टी 300 और सेंसेक्स 1018 अंक लुढ़के

मार्च के आखिरी कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत कमजोर हुई है। ग्लोबल संकेतों से पहले ही गिरावट की आशंका नजर आ रही थी। बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी जहां 270 अंक की गिरावट के साथ खुला है। वहीं, सेंसेक्स ओपनिंग में ही 1018 अंक फिसल गया है।

Image

प्री ओपनिंग में निफ्टी सेंसेक्स में 1 फीसदी से ज्यादा गिरावट

Share Market Sensex Nifty Today 30 March: आज 30 मार्च को भारतीय शेयर बाजार की ओपनिंग भारी दबाव में हुई है। बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी और सेंसेक्स के साथ ही ब्रॉड मार्केट और सेक्टोरल मार्केट के भी तमाम इंडेक्स भारी दबाव में हैं। सोमवार को शुरुआती कारोबार में ही निवेशकों की कमजोर धारणा और ग्लोबल संकेतों के दबाव के चलते बाजार में जोरदार बिकवाली देखने को मिली, जिससे प्रमुख सूचकांक लाल निशान में फिसल गए। सेंसेक्स जहां 1000 अंक से ज्यादा टूट गया, जबकि निफ्टी 22,550 के करीब फिसल गया। बाजार में चौतरफा बिकवाली और बढ़ती वोलैटिलिटी ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है, जिससे ट्रेंड फिलहाल कमजोर बना हुआ है।

5 लाख करोड़ साफ

शेयर बाजार में जारी चौतरफा गिरावट के चलते ओपनिंग सत्र में ही बाजार से करीब 5 लाख करोड़ की वैल्यू साफ हो गई है। शुक्रवार को क्लोजिंग के समय भारतीय बाजार में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप करीब 4,21,62,095.72 रुपये था, जो सोमवार 30 मार्च को बाजार खुलते ही 41675217.96 से नीचे चला गया। इस तरह शुरुआती कुछ मिनटों में ही 5 लाख करोड़ साफ हो गए।

सेंसेक्स और निफ्टी में तेज गिरावट

सेंसेक्स 72,565 के स्तर पर खुला 1,018 अंक यानी 1.38% टूट गया। वहीं निफ्टी भी 269.95 अंक की गिरावट के साथ 22,549.65 पर खुला। दोनों इंडेक्स अपने ओपन स्तर से नीचे तरफ खिसकते दिख रहे हैं। शुरुआती कारोबार में ही निफ्टी अपने पिछले क्लोजिंग लेवल 22,819.60 से गिरकर इंट्राडे लो 22,470.15 तक पहुंच गया, यानी करीब 349 अंक की तेज गिरावट दर्ज हुई। इसी तरह सेंसेक्स भी पिछले क्लोजिंग लेवल 73,583.22 से फिसलकर दिन के निचले स्तर 72,391.98 तक आया, जो लगभग 1,191 अंकों की बड़ी गिरावट को दर्शाता है। यह संकेत देता है कि बाजार में शुरुआती घंटों में ही मजबूत बिकवाली हावी रही और निवेशकों का सेंटिमेंट कमजोर बना हुआ है।

इंडेक्सप्रीवियस क्लोजइंट्राडे लोगिरावट (अंक में)गिरावट (%)
निफ्टी 5022,819.6022,470.15349.45-1.53%
सेंसेक्स73,583.2272,391.981,191.24-1.62%

हर सेक्टर में बिकवाली का असर

बाजार की कमजोरी केवल लार्जकैप तक सीमित नहीं रही। बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज और मिडकैप शेयरों में ज्यादा दबाव दिखा। निफ्टी बैंक और फाइनेंशियल इंडेक्स में डेढ़ फीसदी तक गिरावट दर्ज की गई, जबकि मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी एक फीसदी से ज्यादा टूटे।

वोलैटिलिटी में उछाल से बढ़ी चिंता

बाजार में गिरावट के साथ-साथ अस्थिरता भी बढ़ी है। इंडिया VIX करीब 8.77% उछलकर 26.80 पर पहुंच गया, जो निवेशकों के बीच बढ़ती घबराहट का संकेत देता है। उच्च VIX स्तर आमतौर पर बाजार में बड़े उतार-चढ़ाव की संभावना को दर्शाता है।

ब्रॉड मार्केट भी दबाव में

व्यापक बाजार में भी बिकवाली का असर साफ दिखा। निफ्टी 100, निफ्टी 200 और निफ्टी 500 सभी प्रमुख इंडेक्स एक फीसदी से ज्यादा टूटे। इसके साथ ही मिडकैप 100 और स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में भी गिरावट देखने को मिली, जिससे साफ है कि बाजार में कमजोरी व्यापक स्तर पर फैली हुई है।

गिरावट के पीछे क्या वजह

ग्लोबल मार्केट से कमजोर संकेत, मुनाफावसूली और बढ़ती अनिश्चितता इस गिरावट की बड़ी वजह मानी जा रही है। निवेशक फिलहाल नए ट्रिगर का इंतजार कर रहे हैं, जिससे बाजार में स्पष्ट दिशा का अभाव दिख रहा है।

आगे के स्तरों पर नजर

तकनीकी रूप से निफ्टी के लिए 22,500 का स्तर अहम सपोर्ट के तौर पर उभर रहा है। अगर यह स्तर टूटता है तो गिरावट और गहरी हो सकती है। वहीं 22,800 से 23,000 का दायरा निकट अवधि में मजबूत रेजिस्टेंस बना हुआ है।

डिस्क्लेमर: TimesNow Hindi किसी भी स्टॉक, म्यूचुअल फंड या आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां दी गई जानकारी केवल सूचना के उद्देश्य से है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article