बिजनेस

शेयर बाजार में आज दिखी तेजी, रिकॉर्ड उच्च स्तर पर सेंसेक्स, निफ्टी हुए बंद

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 30, 2023, 05:29 PM IST

Share Bazar News Today, 30 June 2023: विदेशी पूंजी का प्रवाह और वैश्विक बाजारों में मजबूती के रुख के बीच घरेलू शेयर बाजारों ने नया रिकॉर्ड बनाना शुक्रवार को भी जारी रखा। दोनों मानक सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी अब तक के उच्चतम स्तर पर बंद हुए।

Image

शेयर बाजार

Photo : BCCL

Share Bazar News Today, 30 June 2023: विदेशी पूंजी का प्रवाह और वैश्विक बाजारों में मजबूती के रुख के बीच घरेलू शेयर बाजारों ने नया रिकॉर्ड बनाना शुक्रवार को भी जारी रखा। दोनों मानक सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी अब तक के उच्चतम स्तर पर बंद हुए। विश्लेषकों के मुताबिक, दिग्गज कंपनियों इंफोसिस, एचडीएफसी बैंक एवं एचडीएफसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज और टीसीएस में तगड़ी खरीदारी होने से निवेशकों की धारणा को मजबूती मिली। इसके असर में शेयर बाजार लगातार तीसरे दिन बढ़त के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स 803 अंक उछला

बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स 803.14 अंक यानी 1.26 प्रतिशत की जबर्दस्त छलांग लगाते हुए अपने सर्वकालिक उच्च स्तर 64,718.56 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 853.16 अंक यानी 1.33 प्रतिशत की नई ऊंचाई तक उछल गया था। एनएसई का निफ्टी भी 216.95 अंक यानी 1.14 प्रतिशत चढ़कर 19,189.05 की रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 229.6 अंक यानी 1.21 प्रतिशत बढ़कर 19,201.70 के अपने सर्वकालिक शिखर पर भी पहुंच गया था।

महिंद्रा एंड महिंद्रा में 4 फीसदी की तेजी

सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से महिंद्रा एंड महिंद्रा ने सर्वाधिक चार प्रतिशत की उछाल दर्ज की। इंडसइंड बैंक, इंफोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, मारुति, लार्सन एंड टुब्रो, टेक महिंद्रा, विप्रो, पावर ग्रिड, एचडीएफसी बैंक, एचडीएफसी, बजाज फाइनेंस और रिलायंस इंडस्ट्रीज के भी शेयर बढ़त दर्ज करने में सफल रहे।

ICICI बैंक में दिखी गिरावट

दूसरी तरफ, तेजी के इस दौर में भी आईसीआईसीआई बैंक और एनटीपीसी को नुकसान उठाना पड़ा और उनके शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का शंघाई कंपोजिट बढ़त के साथ बंद हुए जबकि जापान के निक्की एवं हांगकांग के हैंगसेंग में गिरावट रही। यूरोप के शेयर बाजार दोपहर में बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। एक दिन पहले बृहस्पतिवार को अमेरिकी बाजारों में खासी तेजी देखी गई थी।

बाजार में बढ़त पर एक्सपर्ट की राय

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, "घरेलू बाजारों में रौनक का दौर जारी है। वैश्विक बाजारों में खरीदारी होने के अलावा दक्षिण-पश्चिम मानसून के सक्रिय होने से भी निवेशकों की धारणा को मजबूती मिल रही है और सूचकांक नए रिकॉर्ड बना रहे हैं।"

विदेशी निवेशकों ने की खरीदारी

इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.61 प्रतिशत चढ़कर 74.79 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार से मिले आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने पिछले कारोबारी दिवस बुधवार को 12,350 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की खरीदारी की थी। ईद-उल-अज़हा यानी बकरीद के अवसर पर गुरुवार को बाजार बंद थे।

भाषा इनपुट के साथ

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article