बिजनेस

इनकम टैक्स में 2026-27 से बड़े बदलाव: छोटी गलतियों पर भारी जुर्माने से मिलेगी राहत, जानें 7 नए नियम

Income Tax Rules: 2026-27 से नए इनकम टैक्स नियमों में छोटी गलतियों पर राहत, पेनल्टी प्रक्रिया आसान, विदेशी संपत्ति और रिपोर्टिंग चूक में नरमी, जबकि क्रिप्टो लेनदेन की निगरानी सख्त की गई है।

Image

इनकम टैक्स में बड़े बदलाव

Photo : iStock

Income Tax Rules 2026 : वित्त वर्ष 2026-27 से इनकम टैक्स नियमों में कई बड़े बदलाव (Income Tax Changes) लागू हो गए हैं। इनकम टैक्स एक्ट, 2025 और इनकम टैक्स रूल्स, 2026 को 1 अप्रैल 2026 से लागू किया गया है। इन बदलावों का मुख्य उद्देश्य टैक्सपेयर्स को छोटी और अनजाने में हुई गलतियों के लिए बड़ी पेनल्टी और कानूनी कार्रवाई से राहत देना है। बजट 2026 में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी कहा था कि आम लोगों को मामूली टैक्स चूक के लिए कठोर दंड नहीं दिया जाना चाहिए। हाल ही में चेन्नई ITAT में एक मामले में एक भारतीय कर्मचारी पर ब्लैक मनी एक्ट के तहत 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था। कर्मचारी ने अपने ESOP शेयरों की जानकारी इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) के शेड्यूल FA में नहीं दी थी, जबकि इन शेयरों पर पहले ही टैक्स चुकाया जा चुका था। ऐसे मामलों को देखते हुए सरकार ने पेनल्टी और प्रॉसिक्यूशन के नियमों में बदलाव किए हैं।

मिसरिपोर्टिंग पर भी मिलेगी पेनल्टी से राहत

नए नियमों के तहत अगर किसी टैक्सपेयर से इनकम रिपोर्टिंग में गलती हो जाती है, तो कुछ शर्तों के साथ उसे पेनल्टी और मुकदमे से राहत मिल सकती है। इसके लिए टैक्सपेयर को बकाया टैक्स, ब्याज और अतिरिक्त टैक्स का भुगतान करना होगा और उसे अपील भी दाखिल नहीं करनी होगी। सामान्य मिसरिपोर्टिंग के मामलों में अतिरिक्त टैक्स की राशि टैक्स के 100 प्रतिशत तक हो सकती है, जबकि अघोषित आय के मामलों में यह 120 प्रतिशत तक निर्धारित की गई है।

क्रिप्टो लेनदेन की गलत रिपोर्टिंग पर जुर्माना

सरकार ने क्रिप्टो एसेट से जुड़े लेनदेन की रिपोर्टिंग को भी सख्त किया है। जिन संस्थाओं को क्रिप्टो ट्रांजैक्शन की जानकारी देनी जरूरी है, उन्हें सही जानकारी देनी होगी। अगर कोई संस्था स्टेटमेंट जमा नहीं करती है तो उस पर रोजाना 200 रुपये का जुर्माना लगाया जा सकता है। वहीं गलत जानकारी देने या गलती सुधारने में असफल रहने पर 50,000 रुपये की तय पेनल्टी लग सकती है।

छोटे विदेशी संपत्ति मामलों में ब्लैक मनी एक्ट से राहत

1 अक्टूबर 2024 से विदेशी संपत्तियों की छोटी-मोटी जानकारी छूट जाने पर राहत दी गई है। अगर किसी व्यक्ति की विदेशी संपत्ति (अचल संपत्ति को छोड़कर) की कुल कीमत 20 लाख रुपये से ज्यादा नहीं है, तो ब्लैक मनी एक्ट की धाराओं 49 और 50 के तहत आपराधिक कार्रवाई शुरू नहीं की जाएगी। इससे उन लोगों को राहत मिलेगी, जिनसे अनजाने में छोटी विदेशी संपत्ति की जानकारी ITR में छूट गई थी।

टैक्स अपराधों में सजा के नियम हुए आसान

नए नियमों में इनकम टैक्स से जुड़े अपराधों में सजा के प्रावधानों को सरल बनाया गया है। कई मामलों में कठोर कारावास की जगह साधारण कारावास का प्रावधान किया गया है। साथ ही टैक्स चोरी की राशि के आधार पर सजा तय करने की व्यवस्था की गई है। 10 लाख रुपये और 50 लाख रुपये की टैक्स राशि को महत्वपूर्ण सीमा माना गया है। कुछ छोटे अपराधों में जेल की जगह केवल जुर्माने का प्रावधान किया गया है।

कई पेनल्टी को बदला जाएगा तय फीस में

सरकार ने कई मामलों में पेनल्टी व्यवस्था को आसान बनाने की कोशिश की है। ऑडिट में देरी, ट्रांसफर प्राइसिंग रिपोर्ट में देरी और SFT (Statement of Financial Transaction) जमा नहीं करने जैसे मामलों में पेनल्टी की जगह तय फीस लागू की जा रही है। हालांकि टैक्स सर्वे के दौरान सहयोग नहीं करने पर जुर्माना बढ़ाकर 1,000 रुपये से 25,000 रुपये कर दिया गया है।

असेसमेंट के साथ ही तय होगी पेनल्टी

1 अप्रैल 2026 से पेनल्टी की प्रक्रिया को असेसमेंट प्रक्रिया के साथ जोड़ा जाएगा। अब टैक्स अधिकारी असेसमेंट के दौरान ही टैक्सपेयर को कारण बताओ नोटिस (Show Cause Notice) जारी करेंगे और उसे अपना पक्ष रखने का मौका मिलेगा। 1 अप्रैल 2027 के बाद किए जाने वाले असेसमेंट या री-असेसमेंट में अंडर-रिपोर्टिंग और मिसरिपोर्टिंग की पेनल्टी असेसमेंट ऑर्डर में ही शामिल की जा सकती है।

अपील पेंडिंग रहने तक पेनल्टी पर नहीं लगेगा ब्याज

नए नियमों के अनुसार 1 अप्रैल 2026 से अगर टैक्सपेयर पेनल्टी के खिलाफ अपील करता है, तो अपील लंबित रहने के दौरान पेनल्टी राशि पर ब्याज नहीं लगाया जाएगा। यह राहत तब तक जारी रहेगी, जब तक CIT(A), JCIT(A) या ITAT की ओर से अंतिम आदेश नहीं दे दिया जाता।

टैक्सपेयर्स के लिए क्या मतलब है?

इन बदलावों से आम टैक्सपेयर्स को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। सरकार का उद्देश्य टैक्स नियमों को सरल बनाना और जानबूझकर टैक्स चोरी करने वालों तथा अनजाने में हुई छोटी गलतियों के बीच अंतर करना है। नए नियमों से छोटी चूक पर भारी जुर्माने और लंबी कानूनी प्रक्रिया का बोझ कम हो सकता है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article