बिजनेस

SBI की इस कंपनी में मिलेगा पैसा बनाने का मौका, जल्द आ रहा IPO, जानें कब होगी शुरुआत?

भारत के IPO बाजार में एक और बड़ा नाम एंट्री लेने की तैयारी में है। SBI Funds Management, जो देश की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी है, जल्द ही शेयर बाजार में लिस्ट हो सकती है। कंपनी फरवरी के मध्य तक IPO के लिए ड्राफ्ट पेपर्स दाखिल कर सकती है, जबकि इश्यू के अप्रैल में खुलने की संभावना है। मजबूत AUM, लगातार बढ़ता मुनाफा और SBI ब्रांड की ताकत इस IPO को निवेशकों के लिए खास मौका बना रही है।

Image

फरवरी में डीआरएचपी फाइलिंग

SBI Mututal Fund IPO Timeline: कब आएगा एसबीआई म्यूचुअल फंड का आईपीओ। देश की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी SBI Funds Management अपने इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। ET की एक रिपोर्ट के मुताबिक मामले से जुड़े सूत्रों ने बताया है कि कंपनी फरवरी 2026 के मध्य या तीसरे सप्ताह तक IPO के लिए ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल कर सकती है। अगर बाजार की स्थिति और नियामकीय मंजूरी अनुकूल रही, तो IPO अप्रैल 2026 में खुलने की संभावना है। SEBI आमतौर पर IPO को मंजूरी देने में दो से तीन महीने का समय लेता है। ऐसे में DRHP फाइलिंग के बाद अप्रैल में इश्यू लॉन्च का रोडमैप तय माना जा रहा है।

कितना होगा SBI Mututal Fund IPO का वैल्यूएशन?

IPO के लिए निवेश बैंकरों ने SBI Funds Management का अनुमानित वैल्यूएशन $12 अरब से $14 अरब के बीच रखा है। इश्यू साइज $1.2 अरब से $1.4 अरब यानी करीब ₹10,000 से ₹12,000 करोड़ तक हो सकता है। अंतिम वैल्यूएशन और प्राइस बैंड DRHP फाइलिंग के करीब तय किए जाएंगे, जो बाजार की धारणा और निवेशकों की मांग पर निर्भर करेगा।

कौन-कौन बेच रहा हिस्सेदारी?

SBI Funds Management, देश के सबसे बड़े बैंक State Bank of India और फ्रांस की ग्लोबल एसेट मैनेजमेंट कंपनी Amundi का जॉइंट वेंचर है। IPO के तहत SBI अपनी 6.3 फीसदी हिस्सेदारी और Amundi 3.7 फीसदी हिस्सेदारी बेचने की योजना बना रही है। इस तरह कुल 10 फीसदी इक्विटी बाजार में उतारी जाएगी, जो मुख्य रूप से नियामकीय जरूरतों को पूरा करने के लिए है।

कितना है SBI Funds Management का AUM?

कंपनी के पास 31 दिसंबर तक औसतन ₹12.5 ट्रिलियन यानी ₹12.5 लाख करोड़ का एसेट अंडर मैनेजमेंट है। वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो SBI Funds Management ने FY25 में ₹2,531 करोड़ का नेट प्रॉफिट दर्ज किया, जो पिछले वित्त वर्ष के ₹2,062 करोड़ के मुकाबले मजबूत बढ़त को दिखाता है। बढ़ता AUM और स्थिर मुनाफा कंपनी के बिजनेस मॉडल को मजबूत बनाता है।

IPO मार्केट की मजबूती से बढ़ी उम्मीदें

भारत का IPO बाजार बीते एक साल में तेज रहा है। 2025 में रिकॉर्ड संख्या में कंपनियों ने बाजार से पूंजी जुटाई है और एसेट मैनेजमेंट सेक्टर में निवेशकों की दिलचस्पी लगातार बढ़ रही है। इसी माह ICICI Prudential Asset Management के IPO के बाद अब SBI Funds Management का इश्यू भी बाजार के लिए बड़ा आकर्षण माना जा रहा है। SBI ब्रांड, मजबूत AUM बेस और लगातार बढ़ते मुनाफे के चलते SBI Funds Management का IPO लंबी अवधि के निवेशकों के लिए खास मौका बन सकता है। हालांकि, निवेश से पहले IPO का प्राइस बैंड, वैल्यूएशन और बाजार की स्थिति पर नजर रखना जरूरी होगा।

डिस्क्लेमर: TIMES NOW नवभारत किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article