बिजनेस

रोजाना 20 रुपये के निवेश पर 1 लाख रुपये बनाएगी SBI की स्कीम, समझें पूरा गणित

भारतीय स्टेट बैंक (SBI) अपनी 'हर घर लखपति' स्कीम के तहत एक ऐसा निवेश प्लान पेश कर रहा है, जिसमें आपको लखपति बनने के लिए रोजाना मात्र 20 रुपये (यानी महीने के लगभग 610 रुपये) बचाने होंगे।

Image

SBI Har Ghar Lakhpati Scheme (Photo: iStock)

एक बड़ा फंड बनाने के लिए छोटी-छोटी बचत ही एक सही शुरुआत मानी जाती है। अगर आप भी छोटी-छोटी बचत से एक बड़ा फंड बनाने की सोच रखते हैं तो आपको देश के सबसे बड़े पब्लिक सेक्टर बैंक एसबीआई की हर घर लखपति (Har Ghar Lakhpati) स्कीम के बारे में जरूर जानना चाहिए।

SBI हर घर लखपति स्कीम क्या है

SBI Har Ghar Lakhpati Scheme

SBI Har Ghar Lakhpati Scheme (Photo: istock)

State Bank of India (SBI) की हर घर लखपति (Har Ghar Lakhpati) स्कीम एक खास तरह की Recurring Deposit (RD) योजना है, जिसमें ग्राहक हर महीने एक तय राशि जमा कर एक तय समय के साथ 1 लाख की रकम आसानी से बना सकते हैं। बैंक की ओर से ग्राहकों को 2, 3 और 4 लाख का लक्ष्य भी निवेश के साथ हासिल करने की सुविधा दी जाती है। इस स्कीम की सबसे खास बात यह है कि इसमें निवेश की राशि और अवधि पहले से तय कर दी जाती है, ताकि मैच्योरिटी पर ग्राहक ‘लखपति’ बन सके।

कितने समय में बनेंगे 1 लाख रुपये

एसबीआई की इस स्कीम में 3 साल से लेकर 10 साल तक की अवधि चुनने का विकल्प मिलता है। जितनी लंबी अवधि होगी, उतनी कम मासिक किस्त रखी जा सकती है। उदाहरण के तौर पर, अगर कोई ग्राहक रोजाना लगभग 20 रुपये की बचत के साथ हर महीने 610 रुपये निवेश करता है तो बैंक की ओर से इस राशि को 10 वर्षों में 1 लाख रुपये बना दिया जाएगा। इसी तरह अगर हर महीने किये जाने वाला निवेश बढ़ाकर 2,510 रुपये कर दिया जाए तो यही रकम मात्र 3 वर्षों में 1 लाख रुपये बन जाएगी। यह योजना खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद है, जो एकमुश्त बड़ी रकम निवेश नहीं कर सकते, लेकिन नियमित रूप से थोड़ी-थोड़ी बचत करना चाहते हैं। इसी कारण 10 साल की अवधि में 610 जैसी छोटी राशि से भी 1 लाख का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

कितने रुपये निवेश पर कितने वर्षों में बनेगा 1 लाख का फंड
अवधि (साल)सामान्य नागरिक (₹)वरिष्ठ नागरिक (₹)
3 साल₹ 2,510₹ 2,500
4 साल₹ 1,820₹ 1,810
5 साल₹ 1,420₹ 1,410
6 साल₹ 1,150₹ 1,130
7 साल₹ 960₹ 940
8 साल₹ 810₹ 800
9 साल₹ 700₹ 680
10 साल₹ 610₹ 600

कौन ले सकता है स्कीम का लाभ

ब्याज दर की बात करें तो सामान्य ग्राहकों के लिए लगभग 6.30% से 6.55% के बीच ब्याज मिलता है, जबकि सीनियर सिटिजन को इससे करीब 0.50% ज्यादा यानी 6.80% से 7.05% तक का ब्याज दिया जाता है। यानी वरिष्ठ नागरिक इस स्कीम से और भी ज्यादा फायदा उठा सकते हैं।

इस योजना में खाता कोई भी रेजिडेंट व्यक्ति खोल सकता है। यहां तक कि 10 साल से अधिक उम्र के बच्चे भी (अगर वे साइन कर सकते हैं) या माता-पिता के साथ मिलकर खाता खोल सकते हैं। इसमें सिंगल और जॉइंट दोनों तरह के अकाउंट की सुविधा उपलब्ध है।

हालांकि, इस स्कीम में कुछ नियम भी हैं, जिनका ध्यान रखना जरूरी है। अगर कोई ग्राहक समय पर किस्त जमा नहीं करता, तो उस पर पेनल्टी लगती है। वहीं, लगातार 6 किस्तें न जमा करने पर खाता समय से पहले बंद भी किया जा सकता है। इसके अलावा, समय से पहले पैसे निकालने पर 0.50% से 1% तक का जुर्माना भी लग सकता है।

हर घर लखपति स्कीम किसके लिए है

SBI की हर घर लखपति स्कीम उन लोगों के लिए एक बेहतरीन विकल्प है, जो अनुशासित बचत के जरिए भविष्य के लिए एक मजबूत फंड बनाना चाहते हैं। हर महीने सिर्फ 610 का निवेश कर 10 साल में 1 लाख जुटाना इस योजना को आम लोगों के लिए बेहद आकर्षक और व्यावहारिक बनाता है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article