Viral Video of Odisha Woman Surya Harijan: भारत सरकार बुजुर्ग नागरिकों को वित्तीय मदद के लिए हर महीने पेंशन देती है। ओडिशा के झारीगांव में रहने वाली 70 साल की सूर्या हरीजन नाम की एक बुजुर्ग महिला को अपनी पेंशन लेने के लिए कई किलोमीटर तक पैदल जाना पड़ रहा था है। न्यूज एजेंसी एएनआई ने गुरुवार को महिला की एक वीडियो शेयर की, जिसमें वे एक टूटी हुई कुर्सी का सहारा लेकर तपती धूप में नंगे पांव की किलोमीटर दूर एसबीआई की ब्रांच की ओर जा रही थी।
झारीगांव के स्टेट बैंक ब्रांच जा रही थी महिला
एएनआई ने वीडियो शेयर करते हुए आगे बताया कि इस पूरे मामले में झारीगांव स्थित भारतीय स्टेट बैंक (State Bank of India) के मैनेजर का कहना है कि महिला की उंगलियां टूटी हुई हैं, इसलिए उन्हें पेंशन का पैसा निकालने में दिक्कत होती है। उन्होंने आश्वासन दिया कि हम बहुत जल्द सूर्या हरीजन की समस्या का समाधान निकाल लेंगे।
वायरल होने के बाद वित्त मंत्री तक पहुंचा वीडियो
एएनआई द्वारा शेयर की गई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और देखते ही देखते केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Finance Minister Nirmala Sitharaman) तक पहुंच गई। वित्त मंत्री ने वीडियो को रीट्वीट करते हुए स्टेट बैंक और डीएफएस (डिपार्टमेंट ऑफ फाइनेंशियल सर्विसेज) से कहा कि इस मामले का संज्ञान लीजिए और थोड़ी इंसानियत भी दिखाइए।
वित्त मंत्री की लताड़ के बाद होश में आया SBI
वित्त मंत्री से नसीहत मिलने के बाद SBI तुरंत एक्शन में आ गया और एक के बाद एक कई ट्वीट कर डाले। एसबीआई ने वित्त मंत्री के ट्वीट पर जवाब देते हुए कहा कि उन्हें भी महिला की वीडियो देखकर काफी दुख हुआ। बैंक ने बताया कि बुजुर्ग महिला CSP पॉइन्ट से हर महीने पेंशन निकालती हैं लेकिन ज्यादा उम्र की वजह से उनकी उंगलियों के निशान मैच नहीं होते।
बैंक ने महिला की मदद का दिया आश्वासन
बैंक ने आगे बताया कि महिला अपने एक रिश्तेदार के साथ बैंक पहुंची थीं। जहां मैनेजर ने महिला को तुरंत पेंशन के पैसे दिए। इतनी ही नहीं, वित्त मंत्री की लताड़ के बाद एसबीआई ने कहा कि अब महिला को अगले महीने से पेंशन के लिए ब्रांच आने की कोई जरूरत नहीं पड़ेगी और कर्मचारी खुद उनके घर जाकर पेंशन का पैसा देंगे। इसके साथ ही बैंक ने महिला को व्हीलचेयर देने की भी बात कही है।
