बिजनेस

रुपया धड़ाम! आज डॉलर के मुकाबले 54 पैसे की बड़ी गिरावट, जानें ताजा एक्सचेंज रेट?

Dollar Vs Rupee: रुपये में बड़ी गिरावट अमेरिका और भारत के बीच ट्रेड डील मार्च तक होने की खबर के बाद आई। इससे निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई। इसके अलावा आयातकों की तरफ से डॉलर की मजबूत मांग और वैश्विक बाजार में बढ़े उतार-चढ़ाव ने भी रुपये पर दबाव बनाया।

Image

डॉलर बनाम रुपया

Dollar Vs Rupee: भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के मार्च, 2026 तक टलने की खबरों के बाद रुपये में गुरुवार को कारोबार के दौरान तेज गिरावट आई। यह अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में 54 पैसे टूटकर रिकॉर्ड निचले स्तर 90.48 प्रति अमेरिकी डॉलर पर आ गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के अगले साल मार्च तक संपन्न होने की संभावना जताए जाने से निवेशकों के बीच जोखिम से बचने की प्रवृत्ति बढ़ी। मुख्य आर्थिक सलाहकार (सीईए) वी. अनंत नागेश्वरन ने समझौते के मार्च तक संपन्न होने की संभावना जताई है।

इस कारण टूटा रुपया

रुपये में बड़ी गिरावट अमेरिका और भारत के बीच ट्रेड डील मार्च तक होने की खबर के बाद आई। इससे निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई। इसके अलावा आयातकों की तरफ से डॉलर की मजबूत मांग और वैश्विक बाजार में बढ़े उतार-चढ़ाव ने भी रुपये पर दबाव बनाया। अंतर-बैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपये 89.95 पर शुरुआत की, लेकिन जल्दी ही कमजोर होकर 90.48 के स्तर तक गिर गया। बुधवार को यह 89.87 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

सीईए की टिप्पणी के बाद मूड खराब हुआ

फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के ट्रेजरी प्रमुख और कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली ने कहा, “सीईए की टिप्पणी के बाद रुपये में तेज गिरावट आई। मेक्सिको द्वारा भारत एवं अन्य एशियाई देशों से आयात पर 50 प्रतिशत तक शुल्क लगाने की घोषणा ने भी बाजार धारणा को प्रभावित किया। इसके अलावा विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने भी ऊंचे बॉन्ड प्रतिफल के कारण ऋण बाजार से बिकवाली की।”

शेयर बाजार में लौटी तेजी

वैश्विक मोर्चे पर फेडरल रिज़र्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती और नरम संकेत देने के बाद डॉलर सूचकांक 0.17 प्रतिशत टूटकर 98.61 पर आ गया। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड के दाम 1.17 प्रतिशत घटकर 61.48 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 443.66 अंक की बढ़त के साथ 84,834.93 पर और निफ्टी 140.55 अंक चढ़कर 25,899.05 पर बंद हुआ। बुधवार को एफपीआई ने 1,651.06 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की थी।

Alok Kumr
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article