Dollar Vs Rupee: ईरान संकट का असर भारतीय रुपये पर हुआ है। आज इंडियन करेंसी अमेरिकी डॉलर के मुकाबले टूटकर अपने निचले स्तर पर पहुंच गया। आपको बता दें कि मिडिल ईस्ट के बिगड़ते हालात के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल और डॉलर के मजबूत होने से सोमवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया 53 पैसे टूटकर 92.35 प्रति डॉलर (अस्थायी) के अपने सबसे निचले स्तर पर बंद हुआ। करेंसी एक्सपर्ट के अनुसार, घरेलू शेयर बाजारों में भारी बिकवाली के बीच विदेशी पूंजी की निकासी जारी रहने से रुपये पर खासा दबाव देखा गया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 92.22 पर खुला और थोड़ी देर के लिए मजबूत होकर 92.15 तक पहुंच गया। लेकिन बाद में लगातार गिरावट के बीच यह अंत में 92.35 के अपने रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ।
53 पैसे की आज गिरावट आई
यह पिछले बंद भाव के मुकाबले 53 पैसे की कमजोरी है। इससे पहले शुक्रवार को रुपया 18 पैसे गिरकर 91.82 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि कमजोर वैश्विक बाजार और कच्चे तेल की कीमतों में अचानक आए तेज उछाल के कारण रुपया शुरुआत में ही काफी कमजोर खुला और 92.35 के नए रिकॉर्ड निचले स्तर तक खिसक गया। एशियाई कारोबार के दौरान तेल की कीमतों में लगभग 25 प्रतिशत तेजी देखी गई। डॉलर में मजबूती और विदेशी निवेशकों की निकासी से भी रुपये पर दबाव पड़ा। चौधरी ने कहा कि पश्चिम में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और मजबूत डॉलर के कारण रुपये में कमजोरी का रुख बना रह सकता है। हालांकि, अगर केंद्रीय बैंक बाजार में हस्तक्षेप करता है तो रुपये को निचले स्तर पर कुछ सहारा मिल सकता है। उन्होंने कहा कि डॉलर-रुपया विनिमय की हाजिर कीमत 92 से 92.80 के बीच रहने की उम्मीद है।
कच्चे तेल में जबरदस्त उछाल
अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है। आज कच्चा तेल करीब 120 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया। हालांकि, बाद में गिरावट आई। इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.35 प्रतिशत बढ़कर 99.33 पर पहुंच गया।
घरेलू शेयर बाजार में भी भारी गिरावट देखी गई। सेंसेक्स 1,352.74 अंक गिरकर 77,566.16 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 422.40 अंक गिरकर 24,028.05 पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 6,030.38 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
