बिजनेस

रुपया टूटकर अबतक के सबसे निचले स्तर पर पहुंचा, जानें 1 US डॉलर की कितनी हो गई कीमत

रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति ने सोमवार को अपनी तीन दिवसीय विचार-विमर्श बैठक शुरू की। आरबीआई की ब्याज दर निर्धारण समिति का निर्णय बुधवार को घोषित किया जाएगा। कल बाजार में मॉनिटरी कमेटी के फैसले का असर दिखाई दे सकता है।

Image

डॉलर के मुकाबले रुपये में गिरावट

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में गिरावट थम नहीं रही है। वैश्विक व्यापार अनिश्चितताओं के बीच विदेशी पूंजी की सतत निकासी के दबाव में रुपया मंगलवार को चार पैसे टूटकर 88.79 (अस्थायी) प्रति डॉलर के अबतक के सबसे निचले स्तर पर बंद हुआ। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने हालांकि कहा कि वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट और डॉलर के कमजोर रुख से स्थानीय मुद्रा में भारी गिरावट टल गई। उन्होंने साथ ही बताया कि निवेशक भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति के फैसले से पहले सतर्क हैं जिसकी घोषणा बुधवार को की जाएगी।

4 पैसे टूटकर हुआ बंद

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, डॉलर के मुकाबले 88.73 पर खुला। कारोबार के दौरान 88.69 से 88.80 प्रति डॉलर के दायरे में कारोबार करने के बाद अंत में 88.79 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव के मुकाबले चार पैसे की गिरावट है।

रुपया सोमवार को एक सीमित दायरे में स्थिर रहा और तीन पैसे की गिरावट के साथ 88.75 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली ने कहा कि विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) के डॉलर खरीदने के लगातार दबाव के कारण रुपया कमजोर हुआ है। अगस्त से अमेरिकी शुल्क लागू होने के बाद से व्यापार में आई गिरावट के कारण एफपीआई की बिकवाली के कारण रुपया कमजोर बना हुआ है।

डॉलर इंडेक्स कमजोर हुआ

उन्होंने कहा कि बुधवार को इसके 88.50 से 89.00 प्रति डॉलर के बीच रहने का अनुमान है। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.11 प्रतिशत की गिरावट के साथ 97.79 पर आ गया। घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स 97.32 अंक फिसलकर 80,267.62 अंक पर जबकि निफ्टी 23.80 अंक की गिरावट के साथ 24,611.10 अंक पर बंद हुआ।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 1.03 प्रतिशत की गिरावट के साथ 67.27 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 2,831.59 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

शेयर बाजार लगातार आठवें दिन लुढ़का

विदेशी पूंजी की निकासी जारी रहने और नीतिगत दर पर रिजर्व बैंक के फैसले से पहले निवेशकों के सतर्क रुख अपनाने से मंगलवार को घरेलू शेयर बाजार लगातार आठवें दिन भी गिरकर बंद हुए। सेंसेक्स में 97 अंक और निफ्टी में 24 अंक की गिरावट रही। बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स शुरुआती बढ़त गंवाकर 97.32 अंक की गिरावट के साथ 80,267.62 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान इसने 80,677.82 के ऊपरी और 80,201.15 के निचले स्तर को भी छुआ। यह लगातार आठवां कारोबारी सत्र रहा जिसमें सेंसेक्स नुकसान के साथ बंद हुआ। इन आठ दिनों में सेंसेक्स कुल 2,746.34 अंक यानी 3.30 प्रतिशत टूट चुका है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 23.80 अंक गिरकर 24,611.10 अंक पर बंद हुआ।

Alok Kumr
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article