बिजनेस

Dollar vs Rupee: डॉलर के मुकाबले रुपया 31 पैसे टूटकर सर्वकालिक निचले स्तर पर, आखिर क्यों आई गिरावट

  • Edited by: Rohit Ojha
  • Updated Aug 5, 2024, 05:07 PM IST

Dollar vs Rupee: पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और अमेरिका में मंदी की चिंताओं के बीच व्यापक वैश्विक बाजारों में बिकवाली के चलते ऐसा हुआ। कारोबार के अंत में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया अपने नए सर्वकालिक निचले स्तर 84.03 (अस्थायी) पर बंद हुआ।

Image

रुपया निचले स्तर पर

Dollar vs Rupee: पया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 31 पैसे टूटकर 84.03 (अस्थायी) के ऑल टाइम निचले स्तर पर बंद हुआ। पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और अमेरिका में मंदी की चिंताओं के बीच व्यापक वैश्विक बाजारों में बिकवाली के चलते ऐसा हुआ। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि भारतीय शेयर बाजारों में तेज गिरावट और विदेशी निवेशकों की जोरदार बिकवाली के बाद घरेलू मुद्रा में गिरावट आई।

31 पैसे की गिरावट

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.78 पर खुला और कारोबार के दौरान डॉलर के मुकाबले 83.76 के ऊपरी और 84.03 के निचले स्तर पर पहुंचा। कारोबार के अंत में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया अपने नए सर्वकालिक निचले स्तर 84.03 (अस्थायी) पर बंद हुआ। इस तरह रुपये में 31 पैसे की गिरावट हुई। रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले एक पैसे बढ़कर 83.72 पर बंद हुआ था।

शेयरखान बाय बीएनपी पारिबा के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि हमें उम्मीद है कि वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचाव की धारणा के कारण रुपया नकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा। पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने और विदेशी निवेशकों की बिकवाली से घरेलू मुद्रा पर और दबाव पड़ सकता है। हालांकि, कमजोर अमेरिकी डॉलर और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से रुपये को निचले स्तर पर समर्थन मिल सकता है।

शेयर मार्केट में बड़ी गिरावट

चौधरी ने कहा कि रिजर्व बैंक के किसी भी हस्तक्षेप से भी रुपये को लाभ हो सकता है। घरेलू शेयर बाजारों में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 2,222.55 अंक या 2.74 प्रतिशत गिरकर 78,759.40 अंक पर बंद हुआ। दूसरी ओर निफ्टी 662.10 अंक या 2.68 प्रतिशत गिरकर 24,055.60 अंक पर बंद हुआ। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.65 प्रतिशत गिरकर 102.54 पर आ गया।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 1.91 प्रतिशत गिरकर 75.34 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने 3,310.00 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। (इनपुट-भाषा)

Rohit Ojha
Rohit Ojhaauthor

<p>रोहित ओझा Timesnowhindi.com में बतौर सीनियर कॉरस्पॉडेंट सितंबर 2023 से काम कर रहे हैं। यहां पर वो बिजेनस और यूटिलिटी की खबरों पर काम करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में पांच साल से अधिक का अनुभव। चुनावी खबरों से शुरू हुआ पत्रकारिता का सफर फिलहाल स्टॉक मार्केट, इकोनॉमी और पर्सनल फाइनेंस की खबरों के साथ जारी है। डेस्क और फील्ड दोनों में ही काम करने का तजुर्बा। टाइम्स नाऊ नवभारत से पहले अलग-अलग मीडिया संस्थानों में अलग-अलग बीट पर काम कर चुके हैं। अमर उजाला, टीवी9 हिंदी, इंडिया टीवी, आज तक जैसे मीडिया संस्थान में अलग-अलग बीट पर काम कर चुके हैं। स्टॉक मार्केट और इकोनॉमी के साथ-साथ देश की सियासी घटनाओं पर लिखने का अनुभव है। 2019 के आम चुनाव से लेकर तमाम विधानसभा की चुनावी खबरों पर काम किया है। 2019 का क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल की खबरों पर भी काम किया है। किस्से-कहानियों में मन लगता है। शारदा यूनिवर्सिटी से मास-कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म किया है। गृह जनपद- बक्सर। साहित्य, सियासत और सिनेमा पर लिखना-पढ़ना खूब पसंद है।</p>

और पढ़ें
End of Article