Reliance Capital Auction : अनिल अंबानी की रिलायंस कैपिटल की नीलामी एक बार फिर से रुक गई है। कंपनी के कर्जदाताओं ने दिवाला प्रोसेस से गुजर रही संकटग्रस्त कंपनी की बिक्री के लिए मंगलवार को होने वाली नीलामी को रद्द कर दिया। हालांकि, कर्जदातओं ने नीलामी आयोजित करने के अपने प्लान को पूरी तरह से नहीं छोड़ा है। वे जल्द ही फिर से रिलायंस कैपिटल की नीलामी के लिए नई डेट तय करेंगे। इस खबर के बीच अनिल अंबानी के रिलायंस ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में तेजी दिख रही है।
किस शेयर में कितनी तेजी
सबसे पहले बात करें रिलायंस कैपिटल की, तो बीएसई पर इसके शेयर में करीब पौने 11 बजे 2.94 फीसदी की तेजी दिख रही है। इसी तरह रिलायंस कम्युनिकेशंस के शेयर में 4.55 फीसदी की मजबूती है। रिलायंस इन्फ्रा का शेयर 4.77 फीसदी की तेजी दिखा रहा है। वहीं रिलायंस पावर के शेयर में सबसे अधिक 7.15 फीसदी की तेजी है।
कौन-कौन सी कंपनियां हैं शामिल
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि कर्जदाताओं की समिति (सीओसी) की तरफ से रिलायंस कैपिटल की ऑनलाइन नीलामी के लिए 11 अप्रैल का दिन तय किया गया था। पर इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार अब इसे फिलहाल टाल दिया गया है। नई तारीख को लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। इसके पहले पिछले हफ्ते भी नीलामी को टाल दिया गया था और 11 अप्रैल का दिन तय किया गया था। हिंदुजा समूह की कंपनी आईआईएचएल, टॉरेंट इंवेस्टमेंट और सिंगापुर की ओकट्री ने रिलायंस कैपिटल को खरीदने की दौड़ में हैं।
आरबीआई ने कंपनी के बोर्ड को किया था सस्पेंड
रिलायंस कैपिटल 29 नवंबर, 2021 से दिवालिया प्रोसेस में है। तब भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने इसके बोर्ड को सस्पेंड कर दिया था। इसके बाद केंद्रीय बैंक ने नागेश्वर राव वाई को कंपनी के प्रशासक के तौर पर नियुक्त किया था। उन्होंने फरवरी 2022 में रिलायंस कैपिटल की बिक्री के लिए एक्सप्रेशन ऑफ इंटेरेस्ट (ईओआई) मांगे थे। नीलामी के पहले दौर में रिलायंस कैपिटल के लिए टॉरेंट इंवेस्टमेंट ने सबसे बड़ी बोली लगाई थी। वहीं आईआईएचएल दूसरे नंबर पर रही थी।
