बिजनेस

इनकम टैक्स विभाग का नोटिस मिला? जानिए क्या करें, आसान भाषा में समझें स्टेप-बाय-स्टेप

Income Tax Notice: आयकर विभाग का नोटिस मिलने पर घबराने की जरूरत नहीं है। पहले नोटिस को जांचें, फिर संबंधित दस्तावेज जुटाकर आयकर पोर्टल पर समय रहते जवाब दें। सही ITR फॉर्म चुनना और जानकारी सही भरना बेहद जरूरी है।

Image

इनकम टैक्स नोटिस मिलने पर घबराने की जरूरत नहीं (तस्वीर-istock)

Photo : iStock

Income Tax Notice : इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) दाखिल करने की प्रक्रिया (ITR Filing) अब पूरी तरह ऑनलाइन हो चुकी है, लेकिन कई लोगों के लिए यह अभी भी थोड़ा जटिल लगती है। खासकर तब, जब किसी करदाता को आयकर विभाग से नोटिस मिल जाता है। ऐसे में घबराने की जरूरत नहीं होती, बल्कि सही तरीके से उसकी जांच और जवाब देना जरूरी होता है। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि इनकम टैक्स नोटिस क्या होता है और मिलने पर क्या करना चाहिए।

इनकम टैक्स नोटिस क्या होता है?

इनकम टैक्स नोटिस एक आधिकारिक मैसेज होता है, जो इनकम टैक्स विभाग की ओर से भेजा जाता है। यह नोटिस टैक्स रिटर्न भरने से पहले या बाद में भी आ सकता है। इसका मतलब यह जरूरी नहीं है कि आपने कोई गलती की है या आप दोषी हैं। कई बार यह केवल जानकारी की जांच या किसी गलती को सुधारने के लिए भी भेजा जाता है। नोटिस मिलने पर सबसे पहले उसकी असलियत (authenticity) की जांच करना बहुत जरूरी है। इसके लिए आपको आयकर विभाग के आधिकारिक ई-फाइलिंग पोर्टल पर जाकर नोटिस की पुष्टि करनी होती है। इसके लिए PAN कार्ड, डॉक्यूमेंट आइडेंटिफिकेशन नंबर (DIN) और मोबाइल नंबर जैसे दस्तावेजों की जरूरत पड़ती है।

इनकम टैक्स नोटिस के प्रकार

इनकम टैक्स नोटिस की असल वजह समझने के लिए उसमें दिए गए आयकर अधिनियम के सेक्शन को देखना जरूरी होता है। अलग-अलग सेक्शन अलग स्थिति को दर्शाते हैं:-

  • सेक्शन 142(1): जांच या पूछताछ के लिए नोटिस
  • सेक्शन 143(1): प्रारंभिक सूचना या गणना में अंतर होने पर
  • सेक्शन 143(2): स्क्रूटनी (विस्तृत जांच) के लिए नोटिस
  • सेक्शन 148: छिपी हुई आय के मामले में
  • सेक्शन 245: बकाया टैक्स समायोजन से जुड़ा नोटिस
इन सेक्शन को समझकर आप जान सकते हैं कि नोटिस क्यों भेजा गया है।

इनकम टैक्स नोटिस मिलने पर क्या करें?

सबसे पहले नोटिस को ध्यान से पढ़ें और समझें कि विभाग आपसे क्या जानकारी मांग रहा है। इसके बाद जरूरी दस्तावेज इकट्ठा करें, जैसे:-

  • फॉर्म 16
  • बैंक स्टेटमेंट
  • निवेश के प्रमाण
  • पहचान पत्र
  • लेन-देन से जुड़े दस्तावेज
इसके बाद इनकम टैक्स ई-फाइलिंग पोर्टल पर लॉग इन करें और “Pending Action” या “e-Proceedings” सेक्शन में जाएं। वहां आपको नोटिस दिखाई देगा। अब आप अपना जवाब लिखकर जरूरी दस्तावेज अपलोड कर सकते हैं। जवाब सबमिट करने के बाद उसका एक एक्नॉलेजमेंट (रसीद) डाउनलोड करना न भूलें, क्योंकि यह भविष्य में काम आ सकता है। अगर प्रक्रिया जटिल लगे, तो आप किसी चार्टर्ड अकाउंटेंट या वित्तीय सलाहकार की मदद भी ले सकते हैं।

इनकम टैक्स नोटिस आने के आम कारण

इनकम टैक्स नोटिस कई कारणों से आ सकता है, जैसे:-

  • ITR फाइल न करना
  • गलत ITR फॉर्म भरना
  • TDS में गड़बड़ी
  • आय की गलत जानकारी देना
  • निवेश की जानकारी न देना
  • बड़े लेन-देन की जानकारी छुपाना
  • पूंजीगत लाभ (capital gains) की गलत रिपोर्टिंग
  • उच्च मूल्य के ट्रांजैक्शन का खुलासा न करना

कौन सा ITR फॉर्म चुनें?

सही ITR फॉर्म चुनना बहुत जरूरी होता है:-

  • ITR-1: वेतन, एक घर और अन्य सामान्य आय वालों के लिए
  • ITR-2: जिनकी बिजनेस इनकम नहीं है
  • ITR-3: बिजनेस या प्रोफेशनल इनकम वालों के लिए
  • ITR-4: प्रिजम्प्टिव (अनुमानित) आय योजना वालों के लिए

इनकम टैक्स नोटिस मिलना किसी भी तरह से डरने की बात नहीं है। यह सिर्फ एक प्रक्रिया का हिस्सा हो सकता है। सही समय पर नोटिस पढ़कर, दस्तावेज तैयार करके और जवाब देकर आप आसानी से इस स्थिति को संभाल सकते हैं। सबसे जरूरी है कि किसी भी नोटिस को नजरअंदाज न करें और समय पर कार्रवाई करें।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंह author

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल ... और देखें

End of Article