क्रिकेट

नए घरेलू सीजन के आगाज से पहले पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने बदला कोचिंग स्टाफ

पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने 2026-27 के क्रिकेट सीजन के आगाज से पहले सीनियर पुरुष क्रिकेट टीम को कोचिंग स्टाफ में बड़ा फेरबदल किया है। जानिए किन खिलाड़ियों को मिली है जिम्मेदारी?

Image

नए घरेलू सीजन के आगाज से पहले पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने बदला कोचिंग स्टाफ

नई दिल्ली: पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने 2026-27 के क्रिकेट सीजन के आगाज से पहले सीनियर पुरुष क्रिकेट टीम को कोचिंग स्टाफ में बड़ा फेरबदल किया है। संदीप शर्मा की जगह बांए हाथ के पूर्व तेज गेंदबाज अमित उनियाल का टीम का नया हेड कोच बनाया गया है। उनियाल के साथ-साथ टीपी सिंह को टीम का नया बैटिंग कोच, हरमीत सिंह को बॉलिंग कोच और मनीष शर्मा को टीम का नया फ़ील्डिंग कोच नियुक्त किया है। ये क्रमशः उदय कौल, गगनदीप सिंह और संदीप सनवाल की जगह लेंगे।

अमित उनियाल ने पंजाब के लिए 29 प्रथम श्रेणी , 46 लिस्ट ए मैच खेले हैं। आईपीएल 2009 में वो राजस्थान रॉयल्स की टीम का हिस्सा रहे थे। आविष्कर साल्वी, वसीम जाफर और संदीप शर्मा के छोटे कार्यकाल के बाद उनियाल चार सीज़न में पंजाब के चौथे हेड कोच बने हैं। पीसीए ने यह बदलाव टीम के रेड बॉल क्रिकेट में पंजाब की टीम के लगातार खराब प्रदर्शन की वजह से किया है। हालांकि पंजाब ने साल 2023-24 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी अपने नाम की थी लेकिन रणजी ट्रॉफी में उनका रिकॉर्ड बेहद खराब रहा। पिछले तीन रणजी सीजन में उन्हें दस मैच में हार का सामना करना पड़ा और इस दौरान वो केवल तीन मैच जीत सके।

क्रिकइन्फो ने उनियाल के हवाले से कहा,'आजकल हर कोई आईपीएल में खेलना चाहता है, इसलिए खिलाड़ी टी20 क्रिकेट पर ज्यादा ध्यान देते हैं। लेकिन हमारे पास प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और क्षमता है। बस हमें एक यूनिट के तौर पर खेलने की जरूरत है। हम इस बार रेड-बॉल क्रिकेट में बेहतर प्रदर्शन करना चाहते हैं, इसके लिए हमें ऐसे गेंदबाजों की जरूरत है जो 20 विकेट ले सकें। इसलिए हम उसी दिशा में काम करेंगे।' बतौर खिलाड़ी क्रिकेट से दूर होने के बाद उनियाल चंडीगढ़ के लिए कई कोचिंग सेटअप और सिलेक्शन कमिटी का हिस्सा रहे हैं। वे 2020-21 सीजन में उनके असिस्टेंट कोच थे और पिछले सीज़न में सिलेक्शन कमिटी के चेयरमैन थे।

पिछले सीजन पंजाब ने 27 खिलाड़ियों को मैदान पर उतारा और तीन अलग-अलग कप्तानों का इस्तेमाल किया (जिसमें शुभमन गिल ने एक रणजी ट्रॉफी मैच में टीम की कप्तानी की थी)। उनियाल ने खिलाड़ियों को सही मौके देने पर जोर दिया। पिछले सीजन में सिलेक्शन में रही अस्थिरता का ज़िक्र करते हुए उनियाल ने कहा, मुझे नहीं पता कि पिछले सीज़न में क्या हुआ था। लेकिन जाहिर है, जब टीम जीत नहीं रही होती है, तो बदलाव ज्यादा होते हैं। मैं बस यही चाहता हूं कि हम बिना अपनी जगह खोने के डर के मजबूती से क्रिकेट खेलें। अगर किसी को चुना जाता है, तो उसे सही मौका मिलेगा। पीसीए ने एक नई सीनियर सिलेक्शन कमिटी भी बनाई है, जिसके हेड गौरव गुप्ता होंगे।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article