RBI MPC Meeting 2025 Highlights : भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने बुधवार (6 अगस्त 2025) को मौजूदा आर्थिक परिस्थितियों का मूल्यांकन करते हुए प्रमुख नीतिगत दर, यानी रेपो दर को 5.5 प्रतिशत पर स्थिर रखने का फैसला लिया। साथ ही, RBI ने मौद्रिक नीति रुख को तटस्थ बनाए रखने का भी संकेत दिया, जिससे केंद्रीय बैंक आवश्यकतानुसार नीतिगत दर में समायोजन करने के लिए लचीला रहेगा। RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक के फैसले की जानकारी देते हुए कहा कि MPC ने रेपो दर को 5.5 प्रतिशत पर बरकरार रखने का निर्णय लिया है। इस साल फरवरी से अब तक, RBI ने रेपो दर में कुल 1 प्रतिशत की कटौती की है। जून की मौद्रिक नीति समीक्षा में 0.5 प्रतिशत की कटौती की गई थी, जबकि फरवरी और अप्रैल में 0.25-0.25 प्रतिशत की कमी की गई थी। RBI ने 2025-26 के लिए सकल घरेलू उत्पाद (GDP) वृद्धि दर के अनुमान को 6.5 प्रतिशत पर स्थिर रखा है। वहीं, चालू वित्त वर्ष के लिए खुदरा मुद्रास्फीति का अनुमान घटाकर 3.1 प्रतिशत किया गया है, जो पहले 3.7 प्रतिशत अनुमानित थी। आइए जानते हैं एमपीसी की मुख्य बातें क्या-क्या हैं।
RBI MPC Meeting 2025: मुख्य बातें
- आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति ने रेपो रेट को 5.50 प्रतिशत पर यथावत रखा। रेपो रेट में बदलाव नहीं किया गया।
- आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा कि मानसून अच्छी प्रगति कर रहा है, जिससे अर्थव्यवस्था में तेजी आएगी।
- आरबीआई गवर्नर ने कहा कि मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) ने ‘तटस्थ’ रुख कायम रखने का फैसला किया।
- गवर्नर ने कहा कि रेपो दर में एक प्रतिशत कटौती का प्रभाव अभी पूरी तरह नहीं दिखा है।
- आरबीआई गवर्नर ने कहा कि मुख्य मुद्रास्फीति उम्मीद के मुताबिक चार प्रतिशत पर स्थिर रही।
- आरबीआई गवर्नर ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र की वृद्धि सुस्त और असमतल।
- आरबीआई ने चालू वित्त वर्ष 2025-26 के लिए जीडीपी वृद्धि का अनुमान 6.5 प्रतिशत पर बरकरार रखा। जोखिम दोनों ओर संतुलित और भू-राजनीतिक तनाव बाधाएं उत्पन्न कर सकते हैं।
- आरबीआई ने चालू वित्त वर्ष के लिए मुद्रास्फीति का अनुमान घटाकर 3.1 प्रतिशत किया। जून में इसके 3.7 प्रतिशत पर रहने का अनुमान लगाया गया था।
- चालू खाते के घाटे के टिकाऊ स्तर पर रहने का अनुमान: आरबीआई गवर्नर।
- आरबीआई गवर्नर ने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की पूंजी पर्याप्तता और नकदी से संबंधित वित्तीय मानदंड बेहतर बने हुए हैं।
- गवर्नर ने कहा कि भारतीय नागरिकों का हित और कल्याण हमारी शीर्ष प्राथमिकता।
- गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा कि आरबीआई बैंक लॉकर में रखी वस्तुओं के संबंध में दावा निपटान को मानकीकृत करेगा।
- आरबीआई गवर्नर ने बताया कि चुनौतीपूर्ण बाह्य परिवेश के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था मूल्य स्थिरता के साथ स्थिर वृद्धि के रास्ते पर आगे बढ़ रही है।
रेपो रेट क्या है?
रेपो दर वह ब्याज दर है, जिस पर वाणिज्यिक बैंक अपनी तात्कालिक जरूरतों को पूरा करने के लिए केंद्रीय बैंक से कर्ज लेते हैं। रेपो दर यथावत रहने से आवास, वाहन और अन्य खुदरा कर्ज पर ब्याज दर में कोई बदलाव की संभावना नहीं है।
