बिजनेस

2000 Rupee Notes Update: RBI का बड़ा खुलासा, अब भी 6099 करोड़ रु लोगों के पास, जानें अब क्या हैं विकल्प?

2000 Rupee Notes Update: भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा ₹2000 के नोट वापस लेने के दो साल बाद भी ₹6,099 करोड़ मूल्य के नोट अभी चलन में हैं। मंगलवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों में यह जानकारी दी गई। आरबीआई के अनुसार, ₹2000 के नोट अब भी कानूनी रूप से वैध हैं, यानी इन्हें लेनदेन में इस्तेमाल किया जा सकता है।

Image

2000 रुपये के नोटों पर आया नया अपडेट

Photo : iStock

2000 Rupee Notes Update: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा 2000 रुपये मूल्यवर्ग के नोटों को वापस लेने की घोषणा को दो साल बीत चुके हैं, लेकिन अब भी कुल ₹6,099 करोड़ मूल्य के नोट चलन में हैं। आरबीआई के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक 30 जून 2025 तक 98.29% ₹2000 के नोट वापस लिए जा चुके हैं। यह संख्या 19 मई 2023 को कुल ₹3.56 लाख करोड़ रुपये थी, जब इन नोटों को वापस लेने का फैसला लिया गया था।

2000 रुपये के नोट अब भी वैध, लेकिन...

आरबीआई ने यह स्पष्ट किया है कि 2000 रुपये के नोट अब भी कानूनी रूप से वैध (Legal Tender) हैं। इसका मतलब है कि इन्हें लेनदेन में इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन अधिकांश व्यापारिक प्रतिष्ठानों और लोगों ने इनका इस्तेमाल बंद कर दिया है, जिससे यह नोट धीरे-धीरे चलन से बाहर हो रहे हैं।

बैंकों में बदलने की सुविधा बंद, लेकिन RBI में अब भी संभव

सात अक्टूबर 2023 तक 2000 रुपये के नोटों को सभी बैंक शाखाओं में जमा कराने या बदलने की सुविधा दी गई थी। हालांकि अब यह सेवा केवल भारतीय रिजर्व बैंक के 19 निर्गम कार्यालयों में उपलब्ध है। लोग इन कार्यालयों में जाकर नोट जमा कर सकते हैं या फिर एक वैकल्पिक तरीका अपनाकर भारतीय डाक के माध्यम से नोट भेज सकते हैं।

डाक से भेजकर बैंक खाते में जमा

अगर किसी व्यक्ति के पास अब भी 2000 रुपये के नोट हैं, तो वह इन्हें भारतीय डाक द्वारा आरबीआई के किसी भी निर्गम कार्यालय को भेज सकता है। ये नोट व्यक्ति के दिए गए बैंक खाते में जमा कर दिए जाएंगे, जिससे नगद लेनदेन की जरुरत नहीं पड़ेगी।

क्या है आगे की राह?

हालांकि आरबीआई ने इन नोटों को पूरी तरह से अमान्य नहीं किया है, लेकिन यह स्पष्ट है कि सरकार और आरबीआई की मंशा इन्हें धीरे-धीरे पूरी तरह चलन से बाहर करने की है। ऐसे में जिनके पास अब भी ये नोट हैं, उन्हें जल्द से जल्द इसे जमा कर देना चाहिए ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। (भाषा इनपुट के साथ)

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article