बिजनेस

GST Rate Cut: प्रॉक्टर एंड गैंबल, इमामी, HUL ने साबुन, शैम्पू, टूथपेस्ट समेत अपने सामानों के दाम घटाये, जारी की कीमतों की नई लिस्ट

GST Rate Cut: 22 सितंबर से दैनिक उपयोग की कंपनियों ने साबुन, शैम्पू, बेबी डायपर, टूथपेस्ट, रेजर और आफ्टर-शेव लोशन जैसी वस्तुओं की कीमतें घटाने की घोषणा की है। यह GST दर में कटौती का लाभ उपभोक्ताओं को देने के लिए है। प्रॉक्टर एंड गैंबल, इमामी और एचयूएल ने नई प्राइस लिस्ट जारी कर संबंधित वितरकों और उपभोक्ताओं को अपनी वेबसाइट के जरिए सूचित किया है।

Image

इन कंपनियों ने सस्ते किये अपने प्रोडक्ट्स (तस्वीर-istock)

Photo : iStock

GST Rate Cut : दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियों ने 22 सितंबर से साबुन, शैम्पू, बेबी डायपर, टूथपेस्ट, रेजर और आफ्टर-शेव लोशन जैसे अन्य उत्पादों की कीमतों में कटौती की घोषणा की है। इसका मकसद उपभोक्ताओं को माल एवं सेवा कर (GST) दर में कटौती का लाभ देना है। प्रॉक्टर एंड गैंबल, इमामी और एचयूएल जैसी कंपनियों ने नई प्राइस लिस्ट जारी की हैं। इसके बारे में कंपनियों की वेबसाइट के जरिये उनके संबंधित वितरकों और उपभोक्ताओं को सूचित किया गया है।

न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक प्रॉक्टर एंड गैंबल ने अपने उत्पादों की एक संशोधित लिस्ट जारी की है। इसमें उसने विक्स, हेड एंड शोल्डर्स, पैंटीन, पैम्पर्स (डायपर), जिलेट, ओल्ड स्पाइस और ओरल-बी आदि ब्रांड के उत्पादों की कीमतों में कमी की है। लिस्ट के अनुसार, विक्स एक्शन 500 एडवांस और विक्स इनहेलर की कीमतें 69 रुपये से घटाकर 64 रुपये कर दी गई हैं, क्योंकि इस पर GST दर 12 प्रतिशत से घटकर पांच प्रतिशत हो गई है। इसी तरह, कंपनी ने हेड एंड शोल्डर्स और पैंटीन जैसे अपने शैम्पू उत्पादों कीमतें कम कर दी हैं। इस कैटेगरी में GST 18 प्रतिशत से घटकर 5 प्रतिशत हो गया है।

हेड एंड शोल्डर्स कूल मेंथॉल (300ml) की कीमतें 22 सितंबर से 360 रुपये से घटकर 320 रुपये हो जाएंगी। हेड एंड शोल्डर्स स्मूथ एंड सिल्की (72ml) की कीमतें 89 रुपये से घटकर 79 रुपये हो जाएंगी। इसी तरह, पैंटीन शैम्पू हेयर फॉल कंट्रोल और पैंटीन शैम्पू डीप रिपेयर (340ml) की कीमतें 410 रुपये से घटकर 355 रुपये हो जाएंगी।

पीएंडजी इंडिया ने बच्चों के देखभाल से जुड़े उत्पादों के दाम भी कम किए हैं। इन उत्पादों में डायपर पर GST 12 प्रतिशत से घटकर 5 प्रतिशत और बेबी वाइप्स पर GST 18 प्रतिशत से घटकर 5 प्रतिशत हो जाएगा। नई दरें 22 सितंबर, 2025 से प्रभावी होंगी।

कंपनी जिलेट और ओल्ड स्पाइस की कीमतों में भी कमी करने जा रही है। अब जिलेट शेविंग क्रीम रेगुलर (30 ग्राम) की कीमत 45 रुपये से घटकर 40 रुपये, जिलेट शेविंग ब्रश की कीमत 85 रुपये से घटकर 75 रुपये और ओल्ड स्पाइस आफ्टर शेव लोशन ओरिजिनल (150 मिली) की कीमत 320 रुपये से घटकर 284 रुपये हो जाएगी। ओरल-बी एवरीडे केयर टूथब्रश की कीमत 35 रुपये से घटकर 30 रुपये हो गई है। इमामी बोरोप्लस एंटीसेप्टिक क्रीम, नवरत्न आयुर्वेदिक तेल और झंडू बाम आदि की कीमतें भी कम हो रही हैं।

घरेलू कंपनी 22 सितंबर से बोरोप्लस आयुर्वेदिक एंटीसेप्टिक क्रीम (80ml) की कीमत 165 रुपये से घटकर 155 रुपये, नवरत्न आयुर्वेदिक ऑयल कूल (180ml) की कीमत 155 रुपये से घटकर 145 रुपये, डर्मीकूल प्रिक्ली हीट पाउडर मेन्थॉल रेगुलर (150 ग्राम) की कीमत 159 रुपये से घटकर 149 रुपये करेगी।

इसी तरह, केश किंग गोल्ड आयुर्वेदिक तेल (100 मिली) की कीमत 190 रुपये से घटाकर 178 रुपये कर दी गई है। झंडू बाम (25 मिली) की कीमत 125 रुपये से घटाकर 118 रुपये और झंडू सोना चांदी च्यवनप्लस (900 ग्राम) की कीमत भी 385 रुपये से घटाकर 361 रुपये कर दी गई है। इमामी ने साबुन में बोरोप्लस एंटीसेप्टिक मॉइस्चराइजिंग सैंडल सोप (125 ग्राम, छह का पैक) की कीमत 384 रुपये से घटाकर 342 रुपये कर दी है।

दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली एक और प्रमुख कंपनी HUL ने भी GST सुधारों के बाद 22 सितंबर से डव शैम्पू, हॉर्लिक्स, किसान जैम, ब्रू कॉफी, लक्स और लाइफबॉय साबुन सहित अपने उपभोक्ता उत्पाद रेंज की कीमतों में कमी करने की घोषणा की है।

कंपनी ने डव हेयर फॉल शैंपू (340ml) की कीमत 490 रुपये से घटाकर 435 रुपये और डव सीरम बार (75 ग्राम) की कीमत 45 रुपये से घटाकर 40 रुपये कर दी है। इसके साथ क्लिनिक प्लस स्ट्रॉन्ग एंड लॉन्ग शैंपू (355 मिली) की कीमत 393 रुपये से घटाकर 340 रुपये और सनसिल्क ब्लैक शाइन शैंपू (350 मिली) की कीमत 430 रुपये से घटाकर 370 रुपये कर दी गई है।

साबुनों में, लाइफबॉय (75 ग्राम के चार पैक) की कीमत 68 रुपये से घटाकर 60 रुपये और लक्स रेडिएंट ग्लो सोप (75 ग्राम के चार पैक) की कीमत 96 रुपये से घटाकर 85 रुपये कर दी गई है। क्लोजअप टूथपेस्ट (150 ग्राम) की कीमत 145 रुपये से घटाकर 129 रुपये कर दी गई है। हेल्थ ड्रिंक श्रेणी में, हॉर्लिक्स चॉकलेट (200 ग्राम) की कीमत 130 रुपये से घटाकर 110 रुपये और बूस्ट (200 ग्राम) की कीमत 124 रुपये से घटाकर 110 रुपये कर दी गई है।

एचयूएल ने किसान केचप (850 ग्राम) की कीमत भी 100 रुपये से घटाकर 93 रुपये और किसान जैम (200 ग्राम) की कीमत 90 रुपये से घटाकर 80 रुपये कर दी है। ब्रू कॉफी (75 ग्राम) की कीमत 300 रुपये से घटाकर 270 रुपये कर दी गई है।

GST परिषद ने इस महीने की शुरुआत में माल एवं सेवा कर के 4 स्लैब की जगह 2 स्लैब करने का फैसला किया है। अब टैक्स की दरें 5 और 18 प्रतिशत होंगी जबकि विलासिता वस्तुओं पर 40 प्रतिशत की विशेष दर लागू होगी। सिगरेट, तंबाकू और अन्य संबंधित वस्तुओं को छोड़कर नई कर दरें 22 सितंबर से प्रभावी हो जाएंगी।

दरों को युक्तिसंगत बनाये जाने के तहत टेलीविजन एवं एयर कंडीशनर जैसे उपभोक्ता वस्तुओं के अलावा खानपान और रोजमर्रा के कई सामानों पर दरें कम की गयी हैं।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article