Pradhan Mantri Vaya Vandana Yojana: सरकार ने सीनियर सिटीजंस के लिए प्रधानमंत्री वय वंदना योजना (Pradhan Mantri Vaya Vandana Yojana- PMVVY) की शुरुआत की थी। ताकि उन्हें पेंशन का लाभ मिल सके। इसे भारतीय जीवन बीमा निगम (Life Insurance Corporation-LIC) चलाती है। इस स्कीम में निवेश करके हर महीने 9,250 रुपए तक की पेंशन पाई जा सकती है।
अगर आप भी इस स्कीम का लाभ लेना चाहते हैं, तो आपके पास सिर्फ 31 मार्च 2023 तक का ही समय है। आवेदन करने के लिए एलआईसी की वेबसाइट पर जाकर या ऑफलाइन भी आवेदन कर सकते हैं। तो चलिए इस स्कीम से जुड़ी कुछ खास बातें जानते हैं।
जितना निवेश, उतनी पेंशन
ये स्कीम खासतौर से उन लोगों के लिए है, जिन्हें रिटायरमेंट के बाद रेगुलर इनकम के तौर पर पेंशन नहीं मिलती है। ऐसे लोग रिटायरमेंट पर मिले एकमुश्त रकम को इसमें निवेश कर सकते हैं। निवेश की गई रकम पर 7.4% के हिसाब से हर महीने ब्याज दिया जाता है। प्रधानमंत्री वय वंदना योजना में न्यूनतम 1000 रुपए और अधिकतम 9250 रुपए तक हर महीने पेंशन ली जा सकती है।
10 साल की है पॉलिसी
प्रधानमंत्री वय वंदना योजना की अवधि 10 साल है यानी निवेश करने के बाद आप 10 सालों तक पेंशन का लाभ ले सकते हैं। 60 या इससे अधिक उम्र का कोई भी व्यक्ति इसमें निवेश कर सकता है। 10 साल बाद पेंशन के अंतिम भुगतान के साथ निवेशित राशि को लौटा दिया जाता है। लेकिन आप चाहें तो इस योजना के शुरू होने के 10 साल से पहले कभी भी सरेंडर कर सकते हैं। इसमें पेंशन के मासिक, तिमाही, छमाही और सालाना का भी विकल्प मिलता है।
