बिजनेस

PPF, सुकन्या समृद्धि और SCSS की नई ब्याज दरों का ऐलान हुआ, जानें किस स्कीम में कितना मिलेगा रिटर्न

सरकार ने 9वीं बार छोटी बचत योजनाओं के ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया है। आइए जानते हैं कि किस स्कीम पर कितना ब्याज मिलेगा।

Image

स्मॉल सेविंग्स स्कीम की नई ब्याज दरों का ऐलान

Small Saving Schemes: केंद्र सरकार ने चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के लिए स्मॉल सेविंग पर ब्याज दरों का ऐलान कर दिया है। बता दें कि सरकार ने मंगलवार को सार्वजनिक भविष्य निधि (PPF) और नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट (NSC) जैसी विभिन्न लघु बचत योजनाओं पर ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया है। एक जुलाई, 2026 से शुरू होने वाली चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के लिए दरों को यथावत रखा गया है। यह लगातार नौवीं तिमाही है जब इन दरों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

9वीं बार ब्याज दरों में बदलाव नहीं

वित्त मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (एक जुलाई 2026 से 30 सितंबर 2026 तक) के लिए विभिन्न लघु बचत योजनाओं पर ब्याज दरें वही रहेंगी, जो चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही के लिए अधिसूचित की गई थीं। अधिसूचना के मुताबिक, सुकन्या समृद्धि योजना के तहत जमा पर 8.2 प्रतिशत की दर से ब्याज मिलता रहेगा, जबकि तीन साल की सावधि जमा पर ब्याज दर 7.1 प्रतिशत पर बरकरार रखी गई है। लोकप्रिय बचत योजना पीपीएफ पर ब्याज दर 7.1 प्रतिशत और डाकघर बचत जमा योजना पर दर चार प्रतिशत पर ही स्थिर रहेगी। 'किसान विकास पत्र’ (केवीपी) पर ब्याज दर 7.5 प्रतिशत होगी और इसमें किया गया निवेश 115 महीनों में परिपक्व होगा।

एनएससी पर 7.7% की दर से ब्याज

वहीं, राष्ट्रीय बचत प्रमाणपत्र (एनएससी) पर जुलाई-सितंबर तिमाही के लिए ब्याज दर 7.7 प्रतिशत पर बनी रहेगी।

पहली तिमाही की तरह ही, डाकघर की मासिक आय योजना के निवेशकों को दूसरी तिमाही में भी 7.4 प्रतिशत की दर से ब्याज मिलेगा।

मुख्य रूप से डाकघरों और बैंकों द्वारा संचालित इन लघु बचत योजनाओं की ब्याज दरों में सरकार ने आखिरी बार वित्त वर्ष 2023-24 की चौथी तिमाही में कुछ बदलाव किया था, जिसके बाद से ये दरें लगातार नौवीं बार स्थिर रखी गई हैं।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article