बिजनेस

Operation Sindoor के बाद डिफेंस स्टॉक्स भरी उड़ान, ₹2.9 लाख करोड़ बढ़ा मार्केट कैप

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने अपनी स्वदेशी तकनीक के दम पर पाकिस्तान को धूल चटाई। इसके बाद भारत के डिफेंस सेक्टर में एक बड़ा टर्नअराउंड देखने को मिला है। डिफेंस स्टॉक्स ने इस दौरान 37% का रिटर्न दिया है।

Image

ऑपरेशन सिंदूर के बाद डिफेंस स्टॉक्स ने दिया तगड़ा रिटर्न

Operation Sindoor के दौरान पिछले साल 6-7 मई, 2025 की रात भारत ने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया। इस ऑपरेशन के एक साल बाद भी भारतीय डिफेंस सेक्टर शेयर बाजार निवेशकों को आकर्षित कर रहा है। वहीं, पिछले एक साल में इस सेक्टर के स्टॉक्स ने 37% तक रिटर्न दिया है। वहीं, इस पूरे सेक्टर का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन ₹2.9 लाख करोड़ बढ़ गया है। रिकॉर्ड डिफेंस बजट, इमरजेंसी प्रोक्योरमेंट और आत्मनिर्भर भारत पर जोर ने इस रैली को मजबूत आधार दिया।

निफ्टी इंडिया डिफेंस इंडेक्स ने दिया 34% रिटर्न

NSE के आंकड़ों के मुताबिक 6 मई, 2026 तक Nifty India Defence Index ने एक साल में 34.07% का रिटर्न दिया। इंडेक्स की 52 हफ्तों की रेंज 6,621.8 से 9,195.15 के बीच रही, जबकि 6 मई 2026 को यह 8,903.35 के स्तर पर ट्रेड कर रहा था। वहीं, इंफोमेरिक्स वैल्यूएशन एंड रेटिंग्स के मुताबिक ऑपरेशन सिंदूर भारत की टेक्नोलॉजिकल आत्मनिर्भरता का बड़ा प्रदर्शन था और इसी ने डिफेंस स्टॉक्स में निवेशकों का भरोसा मजबूत किया।

8 ट्रेडिंग सेशन में 40% तक भागे शेयर

ऑपरेशन सिंदूर के तुरंत बाद बाजार में डिफेंस शेयरों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। सिर्फ 8 ट्रेडिंग सेशन में कई स्टॉक्स 15% से 40% तक चढ़ गए। इस दौरान Cochin Shipyard Ltd करीब 40% उछला था। Bharat Dynamics Ltd में 27% से ज्यादा तेजी आई। Paras Defence and Space Technologies Ltd 22% से ज्यादा चढ़ा। Mazagon Dock Shipbuilders Ltd करीब 19% उछला। Bharat Electronics Ltd में 20% और Hindustan Aeronautics Ltd में 16% की तेजी दर्ज हुई।

MTAR ने दिया 337% का धमाकेदार रिटर्न

डिफेंस थीम की सबसे बड़ी स्टार परफॉर्मर MTAR Technologies Ltd रही। कंपनी के शेयरों ने एक साल में 337% तक का जोरदार रिटर्न दिया।इसके अलावा 2025 में Garden Reach Shipbuilders & Engineers ने करीब 79% रिटर्न दिया है। Paras Defence and Space Technologies 61% से ज्यादा चढ़ा है। Bharat Dynamics Ltd 61% उछला। Cochin Shipyard और Mazagon Dock Shipbuilders ने 34-39% तक रिटर्न दिया है। वहीं, Bharat Electronics करीब 40% चढ़ा है।

भारत-US और रूस डील से बढ़ा भरोसा

डिफेंस सेक्टर में तेजी सिर्फ ऑपरेशन सिंदूर तक सीमित नहीं रही। भारत-US डिफेंस फ्रेमवर्क एग्रीमेंट, रूस के साथ जॉइंट मैन्युफैक्चरिंग डील और लगातार मिल रहे रक्षा ऑर्डर ने निवेशकों की दिलचस्पी बनाए रखी। सरकार ने FY25 में रिकॉर्ड ₹1.5 लाख करोड़ के डिफेंस प्रोडक्शन का आंकड़ा हासिल किया। वहीं डिफेंस एक्सपोर्ट ₹23,622 करोड़ तक पहुंच गया, जो FY14 के ₹686 करोड़ के मुकाबले 34 गुना ज्यादा है।

रिकॉर्ड बजट से मिला सपोर्ट

FY27 के लिए पेश किया गया ₹7.85 लाख करोड़ का रक्षा बजट भारतीय इतिहास का सबसे बड़ा डिफेंस एलोकेशन है। यह FY26 के मुकाबले 15.19% ज्यादा है। कुल बजट में ₹2.19 लाख करोड़ कैपिटल एक्सपेंडिचर के लिए रखे गए हैं, जो नए हथियार, ड्रोन, मिसाइल सिस्टम और सैन्य तकनीक खरीदने में खर्च होंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक सरकार ऑपरेशन सिंदूर के बाद इमरजेंसी खरीद पर पहले ही करीब ₹40,000 करोड़ खर्च कर चुकी है। रक्षा मंत्री राजनाथ ने कहा कि यह बजट सुरक्षा, विकास और आत्मनिर्भरता के संतुलन को और मजबूत करेगा।

आगे भी तेजी संभव

विश्लेषकों का मानना है कि आत्मनिर्भर भारत, रिकॉर्ड सरकारी खर्च, बढ़ते डिफेंस एक्सपोर्ट और लगातार मिल रहे ऑर्डर आने वाले वर्षों में डिफेंस सेक्टर को मजबूत ग्रोथ ट्रैक पर बनाए रख सकते हैं। ड्रोन, मिसाइल सिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर और शिपबिल्डिंग कंपनियों में निवेशकों की दिलचस्पी लगातार बढ़ रही है। यही वजह है कि ऑपरेशन सिंदूर के एक साल बाद डिफेंस सेक्टर सिर्फ रणनीतिक नहीं बल्कि शेयर बाजार का भी सबसे मजबूत थीम बन चुका है।

डिस्क्लेमर: TimesNow Navbharat किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानिया author

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों... और देखें

End of Article