बिजनेस

Post Office RD: ₹2,000, ₹3,000 या ₹5,000 महीना जमा करेंगे तो मैच्योरिटी पर मिलेंगे कितने लाख?

अगर आप हर महीने थोड़ी-थोड़ी बचत करके बड़ा फंड तैयार करना चाहते हैं, तो पोस्ट ऑफिस की राष्ट्रीय बचत आवर्ती जमा (Recurring Deposit-RD) योजना एक अच्छा विकल्प हो सकती है।

Image

पोस्ट ऑफिस RD

Post Office RD: देशभर के लाखों निवेशकों के लिए Post Office RD एक पॉपुलर सेविंग स्कीम है। इस स्कीम में निवेश की शुरुआत 100 रुपये से की जा सकती है। इसलिए छोटे निवेशक अपनी बचत का पैसा इस सरकारी गारंटी वाले इन्वेसटमेंट स्कीम में करना पसंद करते हैं। अब सवाल उठता है कि अगर कोई निवेशक पोस्ट ऑफिस आरडी में ₹2,000, ₹3,000 या ₹5,000 महीना निवेश करें तो 5 साल बाद मैच्योरिटी पर कितनी रकम खाते में आएगी। बता दें कि पोस्ट ऑफिस आरडी पर अभी 6.7% की दर से सालाना ब्याज मिल रहा है।

निवेश की रकम के अनुसार देखें पूरा कैलकुलेशन

मासिक किस्त (RD)5 साल में कुल जमा राशिकुल ब्याजमैच्योरिटी पर मिलने वाली राशि
₹2,000 प्रति माह₹1,20,000₹22,732₹1,42,732
₹3,000 प्रति माह₹1,80,000₹34,098₹2,14,098
₹5,000 प्रति माह₹3,00,000₹56,830₹3,56,830

मैच्योरिटी के बाद भी जारी रख सकते हैं खाता

पांच साल पूरे होने के बाद खाताधारक चाहे तो खाते को अधिकतम पांच साल और बढ़ा सकता है और पहले की तरह मासिक जमा जारी रख सकता है।

खाताधारक की मृत्यु होने पर क्या होगा?

अगर खाताधारक की मृत्यु हो जाती है, तो आगे कोई जमा नहीं होगी और खाते की राशि नामांकित व्यक्ति या कानूनी वारिस को दी जाएगी। कुछ शर्तें पूरी होने पर Protected Savings Scheme (PSS) के तहत नामांकित व्यक्ति को पूरी मैच्योरिटी राशि का लाभ भी मिल सकता है, भले ही सभी 60 किस्तें जमा न हुई हों।

समय से पहले भी बंद कर सकते हैं खाता

अगर किसी कारणवश पैसे की जरूरत पड़ जाए तो खाता खोलने के तीन वर्ष बाद RD खाते को समय से पहले बंद कराया जा सकता है। हालांकि, ऐसी स्थिति में पोस्ट ऑफिस बचत खाते की लागू ब्याज दर के अनुसार भुगतान किया जाएगा। यदि पहले से अग्रिम जमा की गई है, तो उसकी अवधि पूरी होने से पहले खाता बंद नहीं किया जा सकता।

एक साथ जमा करने पर मिलेगा फायदा

अगर आप हर महीने अलग-अलग किस्त जमा करने की बजाय एक साथ छह महीने या उससे अधिक की किस्तें जमा करते हैं, तो सरकार रिबेट (छूट) भी देती है। 6 से 11 किस्तों का अग्रिम भुगतान करने पर और 12 या उससे अधिक किस्तें एक साथ जमा करने पर अलग-अलग दर से छूट मिलती है।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article