बिजनेस

सेना के जांबाजों के लिए PNB का बड़ा तोहफा: लॉन्च किए 'लक्सर' और 'पराक्रम' क्रेडिट कार्ड, CSD कैंटीन पर मिलेगी छूट

PNB Credit Card News: पंजाब नेशनल बैंक ने भारतीय सेना के साथ समझौता कर सैन्य कर्मियों के लिए 'लक्सर' और 'पराक्रम' क्रेडिट कार्ड लॉन्च किए, जिन पर सीएसडी खरीदारी, लाउंज एक्सेस और टिकट ऑफर मिलेंगे।

Image

सैन्य वीरों के लिए PNB की बड़ी सौगात: 'लक्सर' और 'पराक्रम' कार्ड से चमकेगी जवानों की जेब! (तस्वीर-AI)

PNB Credit Card News: सार्वजनिक क्षेत्र के प्रमुख बैंक पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने भारतीय सेना के अधिकारियों और जवानों को विशेष बैंकिंग सुविधाएं देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। बैंक ने सैन्य कर्मियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए दो नए क्रेडिट कार्ड पेश करने के लिए भारतीय सेना के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं।

सैन्य अधिकारियों और जवानों के लिए 2 स्पेशल क्रेडिट कार्ड

न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक इस समझौते के तहत पीएनबी सेना के अलग-अलग पदों पर तैनात कर्मियों के लिए उनकी आवश्यकताओं के अनुसार दो विशेष क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराएगा। पीएनबी लक्सर मेटल क्रेडिट कार्ड: यह प्रीमियम कार्ड विशेष रूप से भारतीय सेना के अधिकारियों के लिए डिजाइन किया गया है। पीएनबी पराक्रम क्रेडिट कार्ड: यह कार्ड जूनियर कमीशंड अधिकारियों (जेसीओ) और अन्य रैंक के जवानों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।

सीएसडी कैंटीन छूट और लाउंज एक्सेस जैसी शानदार सुविधाएं

इन क्रेडिट कार्डों को सैन्य कर्मियों की जीवनशैली और जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। कार्डधारक जवानों और अधिकारियों को कई आकर्षक लाभ मिलेंगे।

  • कैंटीन खरीदारी पर छूट: कैंटीन स्टोर्स डिपार्टमेंट (सीएसडी) से खरीदारी करने पर कार्डधारकों को 3 प्रतिशत की विशेष छूट मिलेगी।
  • एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस: देश और विदेश के प्रमुख हवाई अड्डों पर बने लाउंज में मुफ्त प्रवेश की सुविधा दी जाएगी।
  • मनोरंजन पर लाभ: एक फिल्म टिकट खरीदने पर दूसरा टिकट मुफ्त (Buy 1 Get 1) पाने जैसी सुविधाएं भी शामिल हैं।

सेना मुख्यालय में संपन्न हुआ समझौता

यह समझौता ज्ञापन दिल्ली स्थित भारतीय सेना मुख्यालय में आयोजित एक औपचारिक कार्यक्रम में संपन्न हुआ। इस पर सेना की ओर से मेजर जनरल वीके पुरोहित और पंजाब नेशनल बैंक की ओर से क्रेडिट कार्ड प्रभाग के महाप्रबंधक दीपक कुमार ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर भारतीय सेना और बैंक के कई उच्च अधिकारी मौजूद रहे। इनमें लेफ्टिनेंट जनरल वीरेश प्रताप सिंह कौशिक, लेफ्टिनेंट जनरल राजीव पुरी, पीएनबी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अशोक चंद्रा तथा बैंक के मुख्य महाप्रबंधक सुधीर दलाल प्रमुख रूप से शामिल थे।

सशस्त्र बलों के प्रति पीएनबी की प्रतिबद्धता

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएनबी के प्रमुख अशोक चंद्रा ने कहा कि पंजाब नेशनल बैंक का भारतीय सशस्त्र बलों के साथ एक बहुत ही गहरा और भावनात्मक जुड़ाव रहा है। उन्होंने कहा कि यह नई साझेदारी देश की सीमा और सुरक्षा में तैनात हमारे सैन्य कर्मियों की विशिष्ट आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक वित्तीय उत्पाद और सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बैंक के निरंतर प्रयासों को और मजबूत बनाती है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article