शेयर बाजार में लंबे समय से जारी गिरावट ने म्यूचुअल फंड निवेशकों को निराश किया है। हाल के दिनों में बहुत सारे म्यूचुअल फंड निवेशकों ने अपना SIP रोक दिया है और म्यूचुअल फंड यूनिट्स रिडीम कर पैसा निकाल रहे हैं। अगर आप भी म्यूचुअल फंड निवेशक हैं और अपने फंड को रिडीम कर पैसा निकालने की योजना बना रहे हैं तो आपको पहले टैक्स देनदारी को जान लेना चाहिए। बता दें कि म्यूचुअल फंड में निवेश से होने वाली कमाई पर टैक्स लगता है। आइए जानते हैं कि आपको कितना टैक्स देना पड़ सकता है।
म्यूचुअल फंड से इनकम/मुनाफा कैसे होता है?
अगर आप म्यूचुअल फंड में निवेश करते हैं, तो आपको दो तरह से मुनाफा होता है—
कैपिटल गेन्स (पूंजीगत लाभ): जब आप यूनिट को उसकी खरीद कीमत से ज्यादा कीमत पर बेचते हैं।
डिविडेंड: फंड हाउस के जमा हुए मुनाफे का निवेशकों को किया गया भुगतान।इन दोनों तरह की इनकम पर टैक्स लगता है, लेकिन अलग-अलग तरीके से।
म्यूचुअल फंड कैपिटल गेन्स पर टैक्स
निवेशक को यूनिट बेचने या रिडीम करने के समय कैपिटल गेन्स टैक्स देना होता है। यह टैक्स सिर्फ निवेश पर हुए मुनाफे पर लगता है और यह दो मुख्य बातों पर निर्भर करता है—
म्यूचुअल फंड का प्रकार: डेट, इक्विटी या हाइब्रिड
होल्डिंग पीरियड (निवेश की अवधि): शॉर्ट टर्म या लॉन्ग टर्म
इक्विटी म्यूचुअल फंड पर कैपिटल गेन टैक्स
इक्विटी म्यूचुअल फंड वे फंड होते हैं जिनमें एसेट्स का 65 प्रतिशत या उससे ज्यादा हिस्सा इक्विटी में लगाया जाता है। ऐसे फंड को बेचने पर होल्डिंग पीरियड के आधार पर टैक्स लगता है। अगर आप इक्विटी म्यूचुअल फंड की यूनिट खरीदने के एक साल के अंदर बेचते हैं, तो बिक्री से हुए मुनाफे पर 20 प्रतिशत की दर से टैक्स लगता है। अगर बिक्री खरीद के एक साल बाद की जाती है, तो एक फाइनेंशियल ईयर में 1.25 लाख रुपये से ज़्यादा के मुनाफे पर 12.5 प्रतिशत टैक्स लगेगा।
डेट म्यूचुअल फंड पर कैपिटल गेन
डेट म्यूचुअल फंड, जिन्हें इनकम फंड भी कहा जाता है, सरकार, पब्लिक फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशन और कंपनियों द्वारा जारी शॉर्ट और लॉन्ग-टर्म सिक्योरिटीज में निवेश करते हैं। I-T कानून की धारा 50AA के तहत, डेट फंड की बिक्री से होने वाले मुनाफे पर बिना इंडेक्सेशन के इनकम टैक्स स्लैब रेट के हिसाब से टैक्स लगता है। ऐसे MF के लिए होल्डिंग पीरियड का कोई महत्व नहीं है। जो हाइब्रिड फंड मुख्य रूप से डेट सिक्योरिटीज में निवेश करते हैं, उन पर डेट फंड की तरह ही टैक्स लगता है।
1 अप्रैल, 2023 के बाद किए गए निवेश के लिए
- निवेश के दो साल के भीतर बिक्री: टैक्स स्लैब के अनुसार
- निवेश के दो साल बाद बिक्री: बिना इंडेक्सेशन के 12.5 प्रतिशत
म्यूचुअल फंड डिविडेंड पर टैक्स
मौजूदा नियमों के तहत, निवेशक के लिए पूरा डिविडेंड "अन्य स्रोतों से आय" के तहत टैक्स के दायरे में आता है। निवेशक को डिविडेंड बांटते समय, अगर किसी फाइनेंशियल ईयर में कुल रकम 5,000 रुपये से ज़्यादा हो जाती है, तो एसेट मैनेजमेंट कंपनी को धारा 194K के तहत 10 प्रतिशत TDS काटना होता है। टैक्सपेयर फाइनल टैक्स पेमेंट के समय पहले से कटे हुए TDS का क्लेम कर सकता है और केवल बाकी बची हुई रकम का भुगतान कर सकता है।
