शहर

BRICS Summit 2026: आज से 13 सितंबर तक दिल्ली में रहेगा ट्रैफिक अलर्ट; 35 सड़कों पर रहेगा प्रतिबंध; घर से निकलने से पहले देखें एडवाइजरी

Delhi Traffic Advisory: दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक होने वाले BRICS सम्मेलन को लेकर सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था सख्त कर दी गई है। विदेशी मेहमानों की आवाजाही के चलते राजधानी की 35 प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे। नई दिल्ली जाने से पहले जान लें कौन से रास्ते बंद रहेंगे, कहां होगा डायवर्जन और सुरक्षा के लिए क्या-क्या पाबंदियां लगाई गई हैं।

Image

BRICS Summit 2026: दिल्ली ट्रैफिक एडवाइजरी (AI Image)

Delhi Traffic Advisory: दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में आज 11 से 13 सितंबर 2026 तक होने वाले ऐतिहासिक BRICS सम्मेलन को लेकर राजधानी में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को पूरी तरह से चाक-चौबंद किया गया है। विदेशी राष्ट्राध्यक्षों, प्रतिनिधियों और अन्य विशिष्ट मेहमानों की आवाजाही को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 22 प्रमुख स्थानों पर डायवर्जन पॉइंट बनाए हैं। इसके अलावा, सुरक्षा व्यवस्था के तहत दिल्ली में स्कूलों और सरकारी कार्यालयों को बंद रखने का फैसला किया गया है। सम्मेलन के दौरान सुरक्षा कारणों से पूरी दिल्ली को नो-फ्लाई जोन भी घोषित किया गया है।

BRICS सम्मेलन के दौरान नई दिल्ली और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। ऐसे में अगर आप 11 से 13 सितंबर के बीच इन क्षेत्रों में जाने की योजना बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले ट्रैफिक प्रतिबंधों, डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों की जानकारी जरूर ले लें। बिना जानकारी के यात्रा करने पर आपको रास्ते में लंबे जाम और आवाजाही संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। दिल्ली पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की ओर से समय-समय पर जारी की जाने वाली एडवाइजरी पर भी नजर बनाए रखना जरूरी है। यात्रा से पहले दिल्ली पुलिस के आधिकारिक X हैंडल पर अपडेटेड ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देख लें, ताकि आप अपने सफर के लिए सही और वैकल्पिक मार्ग चुन सकें।

इन 35 प्रमुख सड़कों पर प्रभावित रहेगी आवाजाही

BRICS सम्मेलन के मद्देनजर 11 से 13 सितंबर तक नई दिल्ली और सेंट्रल दिल्ली के कई प्रमुख इलाकों में सामान्य वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध और नियंत्रण रहेगा। विदेशी मेहमानों और VVIP प्रतिनिधियों की आवाजाही को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने इन मार्गों पर विशेष इंतजाम किए हैं। प्रभावित प्रमुख सड़कों को अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया है।

प्रमुख मार्ग: मथुरा रोड पर सुब्रमण्यम भारती मार्ग से लोधी रोड फ्लाईओवर तक का हिस्सा, इंडिया गेट सी-हेक्सागन, शांति पथ, अकबर रोड, अशोका रोड, सरदार पटेल मार्ग और पंचशील मार्ग पर ट्रैफिक प्रभावित रहेगा।

कनेक्टिंग सड़कें: जनपथ, मदर टेरेसा क्रीसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, सत्य मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग और पृथ्वीराज रोड भी ट्रैफिक प्रतिबंधों के दायरे में रहेंगे।

संसद और VVIP जोन की सड़कें: फिरोजशाह रोड, तुगलक रोड, शेर शाह सूरी मार्ग, सैन मार्टिन मार्ग, तिलक मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, कौटिल्य मार्ग, भगवान दास रोड, कर्तव्य पथ, पुराना किला रोड, सफदरजंग रोड, न्याय मार्ग, तीस जनवरी मार्ग और ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग पर भी सामान्य यातायात प्रभावित रहेगा।

इन रास्तों पर जाने से बचें

W पॉइंट और मंडी हाउस: डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक स्थित W पॉइंट से मथुरा रोड और तिलक मार्ग की दिशा में सामान्य वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी।

C-हेक्सागन और संसद मार्ग: कस्तूरबा गांधी मार्ग तथा जनपथ की ओर से C-हेक्सागन की तरफ वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं पटेल चौक से विंडसर प्लेस और संसद मार्ग पर RBI की दिशा में जाने वाले वाहनों की आवाजाही भी नियंत्रित की जाएगी।

सेंट्रल दिल्ली और धौला कुआं: RML अस्पताल गोल चक्कर से मदर टेरेसा क्रीसेंट और तालकटोरा रोड की ओर यातायात बंद रहेगा। इसके अलावा धौला कुआं फ्लाईओवर से सरदार पटेल मार्ग और मोती बाग से शांति पथ की ओर जाने वाले वाहनों को दूसरे मार्गों पर भेजा जाएगा।

अन्य प्रमुख डायवर्जन पॉइंट: मीर दर्द चौक से महाराजा रणजीत सिंह मार्ग, वंदे मातरम मार्ग से साइमन बोलिवर मार्ग, मदरसा टी-पॉइंट, लोधी रोड के प्रमुख चौराहों, ओबेरॉय फ्लाईओवर और रिंग रोड स्थित भैरों रोड पर भी ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। इसके अलावा, सुरक्षा व्यवस्था के तहत भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

मेहमानों की सुरक्षा के लिए किए गए 3 बड़े और कड़े इंतजाम

BRICS सम्मेलन में शामिल होने वाले विदेशी मेहमानों और VVIP प्रतिनिधियों की सुरक्षा को लेकर दिल्ली में व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत राजधानी में कई स्तरों पर पाबंदियां लागू की गई हैं और पूरे आयोजन क्षेत्र को विशेष सुरक्षा घेरे में रखा गया है।

पूरी दिल्ली में नो-फ्लाई जोन: हवाई सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली के आसमान में ड्रोन समेत कम ऊंचाई पर उड़ने वाली गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई गई है। ड्रोन, हॉट एयर बैलून, पैराग्लाइडर, पैरामोटर, हैंग ग्लाइडर और UAV जैसी उड़ने वाली वस्तुओं के संचालन की अनुमति नहीं होगी।

नो पास, नो एंट्री: सम्मेलन स्थल और VVIP मेहमानों के ठहरने वाले होटलों में अनधिकृत लोगों की एंट्री रोकने के लिए डिजिटल और बायोमेट्रिक पास की व्यवस्था की गई है। निर्धारित बायोमेट्रिक सत्यापन के बिना किसी भी व्यक्ति या कर्मचारी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

7 जोन और 27 सेक्टर में सुरक्षा व्यवस्था: IGI एयरपोर्ट से लेकर प्रगति मैदान और VVIP होटलों तक के पूरे संवेदनशील इलाके को 7 जोन और 27 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन की सुरक्षा और निगरानी की जिम्मेदारी दिल्ली पुलिस के DCP और वरिष्ठ ACP स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है। इससे किसी भी स्थिति में सुरक्षा व्यवस्था पर तत्काल प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सकेगी।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article