LPG Cylinder Booking Rule: मध्य पूर्व में तेज होती जंग के बीच वैश्विक बाजार में कच्चा तेल 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है। इसके बावजूद भारत सरकार के सूत्रों ने एक बार फिर कहा है कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि नहीं की जाएगी। इसके साथ ही केंद्र सरकार ने एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर भी बड़ी राहत दी है। केंद्र सरकार ने एक बार फिर से एलपीजी गैस सिलेंडर की बुकिंग की तिथि बढ़ा दी है।
वैश्विक तेल बाजारों पर सरकार की नजर
अधिकारियों ने कहा कि मध्य पूर्व में जंग के बीच सरकार वैश्विक तेल बाजारों पर नजर रख रही है,लेकिन खुदरा ईंधन की कीमतों में तत्काल वृद्धि की कोई योजना नहीं है। ऐसी संभावना है कि तेल विपणन कंपनियां फिलहाल मौजूदा लागत दबाव को वहन करेंगी। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेज वृद्धि हुई है। इससे वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ी है।
घरेलू एलपीजी सिलेंडर भराने के लिए बुकिंग के समय में बढ़ोतरी
इसके साथ ही सूत्रों ने यह भी बताया कि एलपीजी गैस की जमाखोरी को रोकने के लिए घरेलू एलपीजी सिलेंडर भराने के लिए बुकिंग की न्यूनतम प्रतीक्षा अवधि 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है। उन्होंने बताया कि एक औसत परिवार एक वर्ष में 14.2 किलोग्राम के सात से आठ एलपीजी सिलेंडर का उपयोग करता है और आमतौर पर उन्हें छह सप्ताह से कम समय में उसे भराने की आवश्यकता नहीं होनी चाहिए।
सूत्रों के अनुसार, जमाखोरी और बाजार में जानबूझकर कमी की स्थिति उत्पन्न होने से रोकने के लिए सिलेंडर भराने के लिए बुकिंग अवधि बढ़ाई गई है। उन्होंने बताया कि पेट्रोलियम कंपनियों के पास एलपीजी का पर्याप्त भंडार है।
असामान्य बुकिंग के मामले आए सामने
सूत्रों का कहना है कि हाल के दिनों में कुछ ऐसे मामले भी सामने आए हैं, जिनमें पहले जो उपभोक्ता 55 दिनों के अंतराल पर सिलेंडर बुक करते थे, वे अब केवल 15 दिनों के भीतर ही बुकिंग करने लगे हैं। ऐसे मामलों को देखते हुए सरकार ने नियमों को सख्त करने का फैसला किया है, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोका जा सके।
