बिजनेस

DA Hike July 2025: क्या जुलाई में सिर्फ नाममात्र की होगी DA बढ़ोतरी! 1.2 करोड़ कर्मचारियों को झटका, जानिए कितनी रकम घट सकती है

DA Hike July 2025 Updates: 2025 की पहली तिमाही में महंगाई में गिरावट के चलते जुलाई में केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को मिलने वाली डीए की अगली किस्त में बढ़ोतरी 2% से कम या शून्य हो सकती है। यह 7वें वेतन आयोग के अंतर्गत अंतिम संशोधन भी होगा।

Image

7वें वेतन आयोग की आखिरी DA बढ़ोतरी हो सकती है सबसे कम!

Photo : iStock
KEY HIGHLIGHTS
  • फरवरी 2025 में AICPI-IW गिरकर 142.8 पर पहुंचा
  • मार्च में खुदरा महंगाई दर 3.34% रही, जो 5 वर्षों में सबसे कम
  • जुलाई 2025 में DA वृद्धि 0 से 2% के बीच रहने की संभावना

7th Pay Commission latest news: केंद्र सरकार ने पिछले महीने लगभग 1.2 करोड़ केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में 2% की बढ़ोतरी की थी, जिससे कुल DA बढ़कर 55% हो गया। यह बढ़ोतरी पिछले 78 महीनों में सबसे कम रही। अब 2025 की पहली तिमाही में महंगाई दर में और गिरावट आने के कारण यह संकेत मिल रहे हैं कि जुलाई-दिसंबर 2025 की अवधि में केंद्रीय कर्मचारियों को 2% से कम या फिर शून्य प्रतिशत की DA वृद्धि मिल सकती है।

यह लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए एक और झटका होगा, जो इस वर्ष के दूसरे छमाही में एक अच्छी बढ़ोतरी की उम्मीद कर रहे थे। तकनीकी रूप से देखा जाए तो यह 7वें वेतन आयोग के अंतर्गत अंतिम DA संशोधन होगा, जो 31 दिसंबर 2025 को अपना 10 वर्षीय कार्यकाल पूरा कर रहा है।

DA क्या होता है?

महंगाई भत्ता (Dearness Allowance) एक प्रकार का वेतन समायोजन है, जो सरकार अपने कर्मचारियों और पेंशनरों को बढ़ती महंगाई की भरपाई के लिए देती है। इसे साल में दो बार संशोधित किया जाता है, एक बार जनवरी-जून और दूसरी बार जुलाई-दिसंबर के लिए।

DA की गणना ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स फॉर इंडस्ट्रियल वर्कर्स (AICPI-IW) के आधार पर की जाती है, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि कर्मचारियों की वास्तविक आय महंगाई की वजह से प्रभावित न हो।

क्या कहता है AICPI-IW डेटा?

  • 2025 के पहले दो महीनों में AICPI-IW में गिरावट दर्ज की गई। जनवरी में यह सूचकांक 143.2 था, जो फरवरी में घटकर 142.8 रह गया।
  • फरवरी 2025 में साल-दर-साल महंगाई दर घटकर 2.59% रह गई, जबकि फरवरी 2024 में यह 4.90% थी।
  • इसके अलावा, मार्च में खुदरा महंगाई (CPI) घटकर 3.34% पर आ गई, जो पिछले पांच वर्षों में सबसे कम है।
  • अगर आने वाले महीनों में यह गिरावट जारी रहती है, तो जुलाई 2025 की DA वृद्धि 2% से भी कम या फिर शून्य हो सकती है।

DA कैसे की जाती है गणना?

7वें वेतन आयोग के तहत सितंबर 2020 से नई आधार वर्ष 2016 वाली AICPI-IW का उपयोग हो रहा है।

DA फार्मूला

DA = [(पिछले 12 महीनों के CPI-IW औसत x 2.88) - 261.4] x 100 / 261.4

यहाँ 261.4 वह बेस इंडेक्स है, जिसे 7वें वेतन आयोग द्वारा तय किया गया है।

यदि AICPI-IW के आंकड़े आने वाले महीनों में सुधार नहीं करते हैं, तो जुलाई 2025 की DA वृद्धि न केवल बेहद कम होगी, बल्कि इससे कर्मचारियों के वेतन और पेंशनर्स की मासिक आय पर भी प्रभाव पड़ेगा। यह चिंता का विषय है, क्योंकि पेंशनभोगियों के लिए DA उनकी कुल मासिक पेंशन का बड़ा हिस्सा होता है।

Ashish Kushwaha
आशीष कुशवाहाauthor

<p>आशीष कुमार कुशवाहा Timesnowhindi.com में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। वह 2023 से Timesnowhindi.com के साथ जुड़े हैं। वह यहां शेयर बाजार, स्टॉक्स, IPO, पर्सनल फाइनेंस, बिजनेस न्यूज, कंपनी डेवलपमेंट, सक्सेस स्टोरी, यूटिलिटी, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी और गैजेट से जुड़ी स्टोरी पर काम करते हैं। उनके पास पिछले 3 साल के भारतीय बजट को भी कवर करने का एक्सपीरियंस है। उनके पास ऑटो एक्सपो 2023 को कवर करने का अनुभव है। इसके अलावा ग्राउंड की स्टोरी और रिसर्च बेस्ड स्टोरी करने में विशेष रुचि रखते हैं। उनके पास डिजिटल मीडिया में कुल 3 साल से ज्यादा का एक्सपीरियंस है। इससे पहले इन्होंने वन इंडिया, दैनिक भास्कर डिजिटल में काम किया है। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से मीडिया में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की है। वहीं ग्रेजुएशन की पढ़ाई रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर से मास कम्यूनिकेशन में की है। उन्हें शुरू से ही डिबेट करने, सामाजिक मुद्दों पर बात करने और शेयर बाजार में रुचि थी। उन्हें बचपन से ही अखबार के संपादकीय पेज और न्यूज पढ़ने का सौख था। स्कूल के समय उन्होंने कई क्विज कंपटीशन में भी हिस्सा लिया और प्राइज जीते हैं।</p>

और पढ़ें
End of Article