NSDL IPO: पूंजी बाजार नियामक सेबी ने नेशनल सिक्योरिटीज डिपॉजिटरी लिमिटेड (एनएसडीएल) के शेयरों की लिस्टिंग के लिए 31 जुलाई, 2025 तक का समय दिया है। एनएसडीएल ने यह जानकारी दी।
डिपॉजिटरी द्वारा भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) से समय मांगे जाने के बाद यह विस्तार दिया गया है। एनएसडीएल के बयान के अनुसार, ‘‘किसी मान्यता प्राप्त शेयर बाजार पर एनएसडीएल के शेयरों की लिस्टेड के लिए सेबी ने 28 मार्च, 2025 के अपने लेटर के जरिए 31 जुलाई, 2025 तक का समय दिया है। यह कुछ शर्तों पर निर्भर है।’’
ये भी पढ़ें -
सितंबर 2024 में मंजूरी दी थी
मार्केट एक्सपर्ट्स का सुझाव है कि यह विस्तार एनएसडीएल को आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए खुद को तैयार करने और बाजार की स्थिति अधिक अनुकूल होने पर इसे पेश करने के लिए पर्याप्त समय देगा।
सेबी ने एनएसडीएल को आईपीओ लाने के लिए सितंबर, 2024 में अपनी मंजूरी दी थी। डिपॉजिटरी ने जुलाई, 2023 में आईपीओ को लेकर विवरण पुस्तिका दाखिल की थी।
एनएसडीएल को नहीं मिलेगी कोई राशि
प्रस्तावित आईपीओ के तहत मौजूदा शेयरधारक 5.72 करोड़ से अधिक शेयर ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) के लिए रखेंगे। शेयरधारकों में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई), भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और एचडीएफसी बैंक शामिल हैं।
इसका आईपीओ इश्यू पूरी तरह से ओएफएस है, इसलिए एनएसडीएल को कोई राशि प्राप्त नहीं होगी।
सीडीएसएल पहले से है लिस्टेड
इस लिस्टिंग के साथ एनएसडीएल सेंट्रल डिपॉजिटरी सर्विसेज (सीडीएसएल) के बाद देश की दूसरी सार्वजनिक रूप से कारोबार करने वाली डिपॉजिटरी होगी। सीडीएसएल 2017 में एनएसई में लिस्टेड हुई थी।
आईडीबीआई की एनएसडीएल में हिस्सेदारी
सेबी के स्वामित्व मानदंडों का पालन करने के लिए एनएसडीएल की सूचीबद्धता महत्वपूर्ण है। इन नियमों के अनुसार, कोई भी इकाई डिपॉजिटरी कंपनी में 15 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी नहीं रख सकती है।
एनएसडीएल के प्रमुख शेयरधारकों, आईडीबीआई बैंक और एनएसई को सेबी के नियम का पालन करने के लिए कंपनी में अपनी हिस्सेदारी कम करने की आवश्यकता है। वर्तमान में, आईडीबीआई की एनएसडीएल में 26.10 प्रतिशत और एनएसई की 24 प्रतिशत हिस्सेदारी है। यह स्वीकार्य सीमा से अधिक है। (इनपुट - भाषा)
