नेशनल पेंशन सिस्टम यानी NPS में निवेश करना अब और भी आसान हो गया है। पेंशनल फंड रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (PFRDA) ने एक नया डिजिटल ऑनबोर्डिंग प्लेटफॉर्म StAR NPS पेश किया है। हालांकि, फिलहाल इसे पॉइंट ऑफ प्रेजेंस (PoPs) के जरिये इस्तेमाल किया जा सकता है। देश के सबसे पुराने स्टॉक एक्सचेंज चलाने वाली कंपनी BSE की सहायक कंपनी BSE टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड ने यह प्लेटफॉर्म तैयार किया है।
क्या है StAR NPS प्लेटफॉर्म?
StAR NPS एक पूरी तरह डिजिटल प्लेटफॉर्म है। इस प्लेटफॉर्म के जरिये PoPs और उनके पेंशन एजेंट नए NPS सब्सक्राइबर्स का ऑनलाइन पंजीकरण कर पाएंगे। इसका मकसद नए लोगों के लिए NPS में शामिल होने की प्रक्रिया को तेज, सरल और पेपरलेस बनाना है। PFRDA के मुताबिक यह प्लेटफॉर्म PoPs, सेंट्रल रिकॉर्ड कीपिंग एजेंसीज यानी CRA और ट्रस्टी बैंक के बीच टेक्नोलॉजिकल इंटीग्रेशन का काम करेगा।
कैसे होगी ऑनबोर्डिंग?
PFRDA के मुताबिक StAR NPS पर खाता खोलने की पूरी प्रक्रिया डिजिटल होगी। इसके तहत आवेदक की जानकारी ऑनलाइन दर्ज की जाएगी। इसके बाद KYC की पुष्टि CKYC या DigiLocker के जरिये की जाएगी। इसके बाद KYC और पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पहली बार रकम जमा करनी होगी। यह रकम Trustee Bank को भेजी जाएगी। भुगतान की पुष्टि होते ही CRA सिस्टम के जरिये PRAN (Permanent Retirement Account Number) जारी कर दिया जाएगा।
कितनी लगेगी फीस?
StAR NPS के जरिए NPS खाता खोलने पर सिर्फ 200 रुपये और टैक्स लगेगा। हालांकि, प्लेटफॉर्म के इस्तेमाल और एक्सेस से जुड़े कुछ अतिरिक्त शुल्क भी होते हैं। लेकिन, इन्हें PoP की तरफ से वहन किया जाता है।
फंड चुनने की आजादी
PFRDA के मुताबिक StAR NPS प्लेटफॉर्म के जरिये NPS में शामिल होने पर निवेशकों को फंड चुनने की पूरी स्वतंत्रता मिलेगी। वे अपनी जरूरत, क्षमता और पसंद के मुताबिक पेंशन फंड मैनेजर, इन्वेस्टमेंट फंड और एसेट अलोकेशन तय कर सकते हैं।
कौन सी सेवाएं उपलब्ध हैं?
StAR NPS प्लेटफॉर्म पर नए NPS खातों के रजिस्ट्रेशन के साथ ही रजिस्ट्रेशन के समय पहली बार रकम जमा करने की सुविधा भी मिलती है। इसके अलावा खाता खुलने के बाद भी यहां से NPS योगदान जमा कराया जा सकता है।
