बिजनेस

GST कटौती का नहीं मिल रहा फायदा? अब ऐसे करें तुरंत शिकायत! सरकार ने जारी किए टोल फ्री नंबर, WhatsApp हेल्पलाइन

GST Consumer Complaints Numbers: सरकार ने कहा कि अगर उपभोक्ताओं को जीएसटी दर में कटौती का लाभ नहीं मिल रहा है, तो वे टोल फ्री नंबर पर कॉल कर सकते हैं या व्हाट्सएप नंबर के जरिये से अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। यह सुविधा मुफ्त में उपलब्ध है। यहां जानिए क्या है ये नंबर।

Image

जीएसटी कटौती का फायदा नहीं मिला? तुरंत करें शिकायत, सरकार ने खोला ये आसान रास्ता! (तस्वीर-istock)

Photo : iStock

GST Consumer Complaints Numbers : केंद्र सरकार ने उपभोक्ताओं को आश्वस्त किया है कि यदि उन्हें वस्तुओं और सेवाओं पर जीएसटी दर में की गई कटौती का लाभ नहीं मिल रहा है, तो वे इसकी शिकायत आसानी से दर्ज करा सकते हैं। सरकार ने इसके लिए टोल फ्री नंबर 1915 और व्हाट्सएप नंबर 8800001915 जारी किया है। इसके अलावा, शिकायतें आईएनजीआरएएम (INGRAM) पोर्टल पर भी दर्ज की जा सकती हैं।

CBIC ने दी जानकारी

न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (CBIC) ने एक प्रेस विज्ञप्ति और अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्नों (FAQs) में स्पष्ट किया कि पीड़ित उपभोक्ता राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन (NCH) से संपर्क कर सकते हैं। इसके तहत उपभोक्ता टोल फ्री नंबर 1915 पर कॉल कर सकते हैं या व्हाट्सएप नंबर 8800001915 पर अपनी शिकायत भेज सकते हैं।

GST दरों में बड़ा सुधार

सरकार ने हाल ही में GST सिसटम में बड़े सुधार करते हुए चार स्लैब की जगह अब केवल दो स्लैब 5 प्रतिशत और 18 प्रतिशत लागू किए हैं। इस बदलाव के बाद दैनिक उपयोग की करीब 99 प्रतिशत वस्तुओं पर टैक्स का बोझ घट गया है, जिससे कीमतों में कमी आई है।

सोशल मीडिया पर शिकायतें तेज

हालांकि, सोशल मीडिया पर उपभोक्ताओं ने शिकायतें की हैं कि कुछ कंपनियां जीएसटी दर में कटौती के बावजूद कीमतों में कोई बदलाव नहीं कर रही हैं। सरकार ने कहा है कि वह मूल्य निर्धारण पर सख्त नजर रख रही है और कंपनियों से उपभोक्ताओं को इसका पूरा लाभ देने को कहा गया है।

अगर उपभोक्ता को GST दर में कटौती का लाभ नहीं मिल रहा है, तो वह बिना किसी शुल्क के सरकारी माध्यमों से अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है। इससे न सिर्फ उपभोक्ताओं को न्याय मिलेगा, बल्कि कंपनियों पर भी जवाबदेही सुनिश्चित होगी।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article