बिजनेस

महंगे घर के नहीं मिल रहे खरीदार, दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, बेंगलुरु समेत इन शहरों में बिक्री गिरी

प्रॉपइक्विटी के अनुसार, 18 तिमाहियों के बाद पहली बार बिक्री एक लाख इकाइयों से नीचे आई है। इन शहरों में दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे, बेंगलुरु, पुणे, हैदराबाद, चेन्नई और कोलकाता शामिल हैं। आंकड़ों के अनुसार, पिछले वर्ष की समान अवधि में 1,13,602 इकाइयों की तुलना में इस वर्ष बिक्री घटकर 98,761 इकाइयों रह गई।

Image

रियल एस्टेट

देश में घरों की मांग लगातार कम हो रही है। रियल एस्टेट रिसर्च कंपनी प्रॉपइक्विटी के अुनसार, ईरान युद्ध और नए प्रोजेक्ट की लॉन्चिंग में कमी के चलते देश के नौ प्रमुख शहरों में जनवरी-मार्च तिमाही के दौरान घरों की बिक्री सालाना आधार पर 13 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98,761 इकाइयों पर आ गई। वहीं, रियल एस्टेट के जानकारों का कहना है कि प्रॉपर्टी की आसमान छूती कीमत ने मांग में कमी करने का बड़ा काम किया है। मिडिल क्लास की बजट से बाहर प्रॉपर्टी की कीमत निकल गई है। इसके चलते लोग अब चाहकर भी अपना घर खरीद नहीं पा रहे हैं। इससे मांग में बड़ी गिरावट लगातार दर्ज की जा रही है।

18 तिमाहियों बाद बड़ा झटका

प्रॉपइक्विटी के अनुसार, 18 तिमाहियों के बाद पहली बार बिक्री एक लाख इकाइयों से नीचे आई है। इन शहरों में दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे, बेंगलुरु, पुणे, हैदराबाद, चेन्नई और कोलकाता शामिल हैं। आंकड़ों के अनुसार, पिछले वर्ष की समान अवधि में 1,13,602 इकाइयों की तुलना में इस वर्ष बिक्री घटकर 98,761 इकाइयों रह गई। वहीं, पिछली तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर 2025) के 1,05,527 इकाइयों के मुकाबले भी इसमें छह प्रतिशत की कमी आई है। पइक्विटी के संस्थापक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) समीर जसूजा ने कहा कि 2026 की पहली तिमाही में आवास क्षेत्र की बिक्री में नरमी बनी रही। हालांकि, दिल्ली-एनसीआर और बेंगलुरु इसका अपवाद रहे।

स्थानQ1-2025Q4-2025Q1-2026तिमाही गिरावट (Q-o-Q)सालाना गिरावट (Y-o-Y)
बेंगलुरु17,50815,54617,99116%3%
चेन्नई4,9594,8484,765-2%-4%
हैदराबाद13,72512,19011,546-5%-16%
कोलकाता4,2294,2973,872-10%-8%
मुंबई11,45310,5689,186-13%-20%
नवी मुंबई8,3408,8357,157-19%-14%
पुणे21,64017,64316,144-8%-25%
ठाणे21,02519,30515,959-17%-24%
दिल्ली NCR10,72312,29512,141-1%13%
कुल1,13,6021,05,52798,761-6%-13%

कहां कितनी आई मांग में कमी?

शहरवार आंकड़ों में बेंगलुरु में बिक्री तीन प्रतिशत बढ़कर 17,991 इकाइयों पर पहुंच गई, जबकि दिल्ली-एनसीआर में यह 13 प्रतिशत बढ़कर 12,141 इकाई हो गई। इसके विपरीत चेन्नई में चार प्रतिशत की गिरावट के साथ बिक्री 4,765 इकाई रही और हैदराबाद में 16 प्रतिशत घटकर 11,546 इकाई रह गई। मुंबई में घरों की बिक्री 20 प्रतिशत घटकर 9,186 इकाई रह गई। नवी मुंबई में 14 प्रतिशत गिरावट के साथ 7,157 इकाइयां बिकीं, जबकि ठाणे में 24 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ 15,959 इकाइयों की बिक्री हुई। पुणे में बिक्री 25 प्रतिशत घटकर 16,144 इकाइयों पर आ गई और कोलकाता में आठ प्रतिशत की कमी के साथ यह 3,872 इकाई रही।

Alok Kumr
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभ... और देखें

End of Article