बिजनेस

Nifty-Sensex लड़खड़ाए, बैंकिंग स्टॉक्स के सहारे से बदली चाल, नए शिखर की तरफ Bank Nifty

शेयर बाजार में गुरुवार को कारोबार की शुरुआत हल्की कमजोरी के साथ हुई। खासतौर पर बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी और सेंसेक्स में बिकवाली हावी दिखी। लेकिन, बैंकिंग स्टॉक्स में जोरदार खरीदारी ने दोनों इंडेक्स की चाल बदल दी है।

Image

बैंकिंग शेयरों में मजबूती से संभला बाजार

Stock Market Opening 19 November 2026: भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को कारोबार की शुरुआत कमजोर और उतार-चढ़ाव भरी रही। ग्लोबल मार्केट से मिले मिले-जुले संकेतों के बीच Nifty शुरुआती कारोबार में पिछले बंद स्तर से नीचे फिसल गया। सेंसेक्स में भी निचले स्तरों से दबाव देखने को मिला।

हालांकि, बैंकिंग शेयरों में खरीदारी ने बाजार की चाल बदल दी। Bank Nifty में जोरदार तेजी आई और यह अपने 52 हफ्ते के रिकॉर्ड हाई के बेहद करीब पहुंच गया। ऑटो शेयरों में भी तूफानी खरीदारी ने बाजार को संभालने में अहम भूमिका निभाई।

सुबह के करोबार के दौरान Sensex 82,246.94 के हाई और 81,698.63 के लो के बीच ट्रेड करता दिख रहा है। वहीं, निफ्टी भी 25,283.90 से 25,104.80 के बीच ट्रेड कर रहा है।

नए शिखर की ओर बैंक निफ्टी

गुरुवार के कारोबार में बैंकिंग शेयर बाजार के सबसे अहम सहारों में शामिल रहे। Nifty Bank करीब 0.54% से ज्यादा की तेजी के साथ 62,410.95 पर पहुंच गया। इस तरह Bank Nifty अपने ऑल टाइम हाई 62,442.20 से कुछ ही अंंक दूर है। ऐसे में इंडेक्स आज एक नया रिकॉर्ड स्तर बनाता दिख सकता है। बैंकिंग सेक्टर में भी खासतौर पर PSU बैंकों की खरीदारी ज्यादा मजबूत रही। Nifty PSU Bank इंडेक्स 1.44% चढ़ा, जबकि Nifty Private Bank में 0.16% की तेजी थी। इसके अलावा Nifty Financial Services भी 0.21% ऊपर कारोबार कर रहा था। बैंकिंग शेयरों में यह खरीदारी बाजार की रिकवरी को मजबूती दे रही है।

ऑटो शेयरों में भी तूफानी तेजी

सेक्टोरल प्रदर्शन देखें तो ऑटो शेयरों ने सबसे शानदार प्रदर्शन किया। Nifty Auto इंडेक्स करीब 2.55% उछल गया। कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 1.85%, केमिकल में 1.05% और FMCG में 0.61% की तेजी रही। रियल्टी इंडेक्स भी 0.72% ऊपर था। दूसरी तरफ IT शेयरों में बिकवाली का दबाव बना रहा। Nifty IT इंडेक्स 1.52% टूट गया। हेल्थकेयर, मिड-स्मॉल IT और मेटल शेयरों में भी कमजोरी रही। इससे स्पष्ट है कि बाजार की रिकवरी में सभी सेक्टरों की भागीदारी नहीं है।

मिडकैप-स्मॉलकैप में भी लौटी खरीदारी

बाजार की तेजी केवल सेंसेक्स और निफ्टी के बड़े शेयरों तक सीमित नहीं रही। Nifty Midcap 100 में 0.48%, Nifty Smallcap 100 में 0.41% और Nifty 500 में 0.34% की बढ़त दर्ज की गई। हालांकि, India VIX में 2.66% की तेजी के साथ यह 15.98 पर पहुंच गया। यह बाजार में संभावित उतार-चढ़ाव को लेकर सतर्कता का संकेत है।

एशिया बाजार मिलेजुले

एशियाई बाजारों में कमजोरी का रुख रहा। Hang Seng करीब 2% और ताइवान का बाजार 2.44% नीचे था। शंघाई कंपोजिट में भी गिरावट रही। इसके उलट जापान का Nikkei 0.74% और दक्षिण कोरिया का Kospi 0.50% ऊपर कारोबार कर रहा था। GIFT Nifty में भी केवल 0.09% की मामूली बढ़त थी।

क्रूड और रुपया लगभग स्थिर

कमोडिटी बाजार में Brent Crude 92.09 डॉलर प्रति बैरल पर था, जबकि डॉलर के मुकाबले रुपया 93.485 के आसपास कारोबार कर रहा था। ऊंचे कच्चे तेल और कमजोर रुपये पर भी निवेशकों की नजर रहेगी। इसके अलावा IT शेयरों की कमजोरी और India VIX में बढ़त के चलते बाजार में सतर्कता जरूरी है।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article