DA Hike July 2026: केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए महंगाई भत्ता (DA) बढ़ोतरी को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। जुलाई 2026 से लागू होने वाले अगले Dearness Allowance revision को लेकर कर्मचारियों के बीच काफी उत्सुकता है।
जुलाई में बढ़ सकता है डीए
रिपोर्ट्स की मानें तो मौजूदा महंगाई के आंकड़ों को देखते हुए आने वाले महीनों में DA में एक और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।DA की गणना All India Consumer Price Index for Industrial Workers (AICPI-IW) के आधार पर की जाती है। सरकार हर साल जनवरी और जुलाई में DA संशोधित करती है। जनवरी 2026 के लिए सरकार पहले ही DA बढ़ोतरी का ऐलान कर चुकी है और अब कर्मचारियों की नजर जुलाई 2026 की बढ़ोतरी पर टिकी हुई है।
DA बढ़ोतरी 2 प्रतिशत होगी?
जनवरी और फरवरी 2026 के AICPI-IW आंकड़ों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसी आधार पर अनुमान लगाया जा रहा है कि अगली DA बढ़ोतरी 2 प्रतिशत तक हो सकती है। हालांकि अंतिम फैसला सरकार द्वारा आने वाले महीनों के औसत आंकड़ों के आधार पर लिया जाएगा।
18 अप्रैल को केंद्र सरकार ने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में 2% की बढ़ोतरी की थी, जिसके बाद यह बढ़कर 60% हो गया। अब अगली DA बढ़ोतरी जुलाई 2026 में होने की उम्मीद है। महंगाई के आंकड़ों के आधार पर इसमें 2% से 3% तक की और बढ़ोतरी हो सकती है। इसका फायदा करीब 50.46 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 68.27 लाख पेंशनर्स को मिलेगा।
बढ़ जाएगी केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी
अगर DA में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी होती है, तो केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी में सीधा इजाफा देखने को मिलेगा। उदाहरण के लिए मानें किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी 18,000 रुपये है, तो 2 प्रतिशत DA बढ़ने पर उसकी मासिक आय में लगभग 360 रुपये की अतिरिक्त बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, सालाना आधार पर यह राशि 4,000 रुपये से ज्यादा हो सकती है।
इसी तरह जिन कर्मचारियों की बेसिक सैलरी अधिक है, उन्हें DA बढ़ोतरी का ज्यादा फायदा मिलेगा। DA का असर केवल सैलरी पर ही नहीं, बल्कि HRA, ट्रैवल अलाउंस और पेंशन जैसी कई दूसरी वित्तीय सुविधाओं पर भी पड़ सकता है। सरकार आमतौर पर जुलाई DA बढ़ोतरी का ऐलान सितंबर या अक्टूबर के आसपास करती है, हालांकि यह बढ़ोतरी जुलाई से ही लागू मानी जाती है। ऐसे में कर्मचारियों को एरियर का लाभ भी मिल सकता है।
AICPI-IW आंकड़ों पर सभी की नजर
फिलहाल कर्मचारियों और पेंशनर्स की नजर आने वाले AICPI-IW आंकड़ों पर बनी हुई है, क्योंकि इन्हीं के आधार पर तय होगा कि जुलाई 2026 में DA में कितनी बढ़ोतरी होगी। अगर महंगाई के आंकड़े में इसी तरह से बढ़ोतरी होती है तो सरकारी कर्मचारियों को एक और वेतन बढ़ोतरी का फायदा मिल सकता है।
