Silicon Valley Bank collapse: अमेरिका के सिलिकन वैली बैंक (SVB) के बंद होने की वजह से इसका असर बैकिंग सिस्टम पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। लेकिन इस बीच मुंबई के एक बैंक के कुछ ग्राहकों के मन में भ्रम पैदा हो गया। दरअसल इन दोनों बैंकों के नाम में सामानता और दोनों बैंकों की ब्रांडिंग का रंग भी एक ही होने की वजह से ऐसा हुआ। मुंबई स्थित इस बैंक का नाम "SVC को-ऑपरेटिव बैंक" है। बैंक ने इस पर सोशल मीडिया पर स्पष्टीकरण जारी किया है।
ट्वीट कर जारी किया स्पष्टीकरण
कंपनी ने एक ट्वीट में लिखा कि, "एसवीसी बैंक किसी भी तरह से सिलिकॉन वैली बैंक (एसवीबी) से संबंधित नहीं है। हम अपने सदस्यों, ग्राहकों और अन्य हितधारकों से अनुरोध करते हैं कि वे आधारहीन अफवाहों ध्यान न दें।"
116 साल पुराना है बैंक
बैंक ने कहा कि वह अपनी ब्रांड छवि को धूमिल करने के लिए अफवाह फैलाने वालों पर उचित कानूनी कार्रवाई करेगी। "एसवीसी बैंक (एसवीसी को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, जिसे पहले द शामराव विठ्ठल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के नाम से जाना जाता था। ये 116 साल पुराना भारतीय बहु-राज्य अनुसूचित शहरी सहकारी बैंक है, जो केवल भारत में है। 31,500 करोड़ रुपये से अधिक के कुल कारोबार और 146 करोड़ रुपये (वित्तीय वर्ष 21-22) से अधिक के लाभ के साथ खुद को बनाए हुए है।
सिलिकॉन वैली बैंक
सिलिकॉन वैली बैंक अमेरिका का 16वां सबसे बड़ा बैंक है। बैंक के पास लोगों की 175 अरब डॉलर की राशि जमा है। फेडरल डिपॉजिट इंश्योरेंस कॉरपोरेशन (Federal Deposit Insurance Corporation (FDIC)) ने बैंक में जमा होने वाले पैसे पर नियंत्रण हासिल कर लिया है। इसे अमेरिका में 2008 के बाद सबसे बड़ा बैंकिंग क्राइसिस माना जा रहा है। इसके संकट में आने के कारण अमेरिका के साथ दुनिया के बाजारों में बीते शुक्रवार को गिरावट देखी गई थी।
