बिजनेस

अंबानी-अडानी को बड़ा झटका! घटी हजार करोड़ संपत्ति, वर्ल्ड रैंकिंग में भी फिसले

Mukesh Ambani And Gautam Adani Net Worth: भारतीय शेयर बाजार में आई तेज और अचानक गिरावट ने उद्योगपति मुकेश अंबानी और गौतम अडानी की संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाया। बिकवाली के दबाव और कमजोर वैश्विक संकेतों के कारण एक ही दिन में उनकी नेटवर्थ अरबों डॉलर घट गई, जिससे न केवल उनकी निजी दौलत घटी बल्कि वैश्विक अमीरों की रैंकिंग में भी बदलाव आया।

Mukesh Ambani And Gautam Adani Net Worth Drop

अंबानी-अडानी की संपत्ति लुढ़की

Mukesh Ambani And Gautam Adani Net Worth : भारतीय शेयर बाजार में आई अचानक तेज गिरावट ने देश के दो सबसे बड़े उद्योगपतियों मुकेश अंबानी और गौतम अडानी की संपत्ति को बड़ा नुकसान पहुंचाया है। बाजार में बिकवाली के दबाव और कमजोर वैश्विक संकेतों के चलते दोनों की नेटवर्थ में एक ही दिन में अरबों डॉलर की गिरावट दर्ज की गई। इसका असर न सिर्फ उनकी निजी संपत्ति पर पड़ा, बल्कि वैश्विक अमीरों की रैंकिंग में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला।

रिलायंस के शेयर टूटे, मुकेश अंबानी को भारी नुकसान

मंगलवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में जोरदार बिकवाली देखने को मिली। कारोबार के दौरान कंपनी का शेयर करीब 5 फीसदी तक टूट गया। इस गिरावट की वजह से रिलायंस का मार्केट कैप लगभग 1 लाख करोड़ रुपये घट गया। यह गिरावट बुधवार को भी जारी है, खबर लिखे जाने तक करीब 1 प्रतिशत की गिरावट हुई। चूंकि मुकेश अंबानी की संपत्ति का बड़ा हिस्सा रिलायंस के शेयरों से जुड़ा है, इसलिए इसका सीधा असर उनकी नेटवर्थ पर पड़ा। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, मुकेश अंबानी की संपत्ति मंगलवार को 24 घंटे में 4.37 अरब डॉलर यानी करीब 39 हजार करोड़ रुपये घट गई। इसके बाद उनकी कुल नेटवर्थ घटकर 104 अरब डॉलर रह गई। इस गिरावट के साथ वह दुनिया के अमीरों की सूची में 18वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

साल 2026 में भी जारी है गिरावट का सिलसिला

यह गिरावट सिर्फ एक दिन की नहीं है। साल 2026 में अब तक मुकेश अंबानी की संपत्ति में कुल 4.21 अरब डॉलर की कमी आ चुकी है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि निवेशक फिलहाल सतर्क हैं और बड़े शेयरों में मुनाफावसूली कर रहे हैं, जिसका असर सीधे रिलायंस जैसे दिग्गज शेयरों पर पड़ रहा है।

अंबानी की संपत्ति घटने की मुख्य वजहें

मुकेश अंबानी की नेटवर्थ में आई गिरावट के पीछे कई कारण बताए जा रहे हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में तेज गिरावट इसका सबसे बड़ा कारण रही। इसके अलावा बड़े निवेशकों द्वारा मुनाफावसूली, आईटी, एनर्जी और टेलीकॉम सेक्टर के शेयरों पर दबाव और कमजोर वैश्विक संकेतों ने भारतीय बाजार को नीचे खींचा।

गौतम अडानी की संपत्ति में गिरावट

शेयर बाजार की कमजोरी का असर गौतम अडानी पर भी साफ नजर आया। मंगलवार को उनकी नेटवर्थ में 313 मिलियन डॉलर की गिरावट दर्ज की गई, जिसके बाद उनकी कुल संपत्ति घटकर 85.4 अरब डॉलर रह गई। इस नुकसान के साथ ही गौतम अडानी दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 20वें नंबर पर हैं। यह बदलाव दिखाता है कि शेयर बाजार की थोड़ी सी कमजोरी भी अरबपतियों की रैंकिंग को तेजी से बदल सकती है।

अडानी ग्रुप के शेयरों पर दबाव

गौतम अडानी की संपत्ति में गिरावट की वजह अडानी ग्रुप के कुछ प्रमुख शेयरों में कमजोरी मानी जा रही है। इसके अलावा वैश्विक बाजारों में उतार-चढ़ाव, निवेशकों की सतर्कता और सीमित खरीदारी ने भी अडानी ग्रुप के शेयरों पर दबाव बनाया। फिलहाल निवेशक जोखिम लेने से बच रहे हैं और सुरक्षित विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं।

एलन मस्क अब भी दुनिया के सबसे अमीर

इस बीच दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क पहले नंबर पर बने हुए हैं, हालांकि उन्हें भी नुकसान झेलना पड़ा है। मंगलवार को उनकी नेटवर्थ 13 अरब डॉलर घटकर 629 अरब डॉलर रह गई। दूसरे स्थान पर गूगल के सह-संस्थापक लैरी पेज बने हुए हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

रामानुज सिंह
रामानुज सिंह author

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल ... और देखें

End of Article