बिजनेस

Microsoft ने रचा इतिहास, 16% उछला शेयर; एक झटके में ₹39 लाख करोड़ बढ़ी कंपनी की वैल्यू

टेक दिग्गज माइक्रोसॉफ्ट ने शेयर बाजार में इतिहास रच दिया है। एक दिन में शेयर प्राइस में आई 16% की ताबड़तोड़ तेजी के चलते कंपनी के मार्केट कैप 39 लाख करोड़ रुपये का बड़ा उछाल आया है।

Image

माइक्रोसॉफ्ट के शेयर ने रचा इतिहास

दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में शामिल Microsoft ने शेयर बाजार में ऐसा रिकॉर्ड बनाया है, जिसे पहले कभी नहीं देखा गया। कंपनी की मार्केट वैल्यू सिर्फ एक कारोबारी दिन में करीब 450 अरब डॉलर (करीब ₹39 लाख करोड़) बढ़ गई। यह किसी भी कंपनी के लिए इतिहास का सबसे बड़ा वन-डे मार्केट कैप गेन है। Microsoft के शेयर गुरुवार को 16% उछल गए, जो अक्टूबर 2008 के बाद कंपनी का सबसे बड़ा सिंगल डे गेन है। इस तेजी के साथ कंपनी की मार्केट कैप में करीब 450 अरब डॉलर का इजाफा हुआ।

Nvidia का रिकॉर्ड भी टूटा

इससे पहले एक दिन में सबसे ज्यादा मार्केट वैल्यू बढ़ाने का रिकॉर्ड Nvidia के नाम था। कंपनी की वैल्यू में करीब 440 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई थी। वह उछाल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा 90 दिनों के लिए टैरिफ रोकने की घोषणा के बाद आया था। अब Microsoft ने उस रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है।

क्यों आई इतनी बड़ी तेजी?

Microsoft ने जून तिमाही के शानदार नतीजे पेश किए। सबसे बड़ा सरप्राइज कंपनी के Azure Cloud Business से आया, जिसकी आय सालाना आधार पर 43% बढ़ी। यह 2022 की शुरुआत के बाद Azure की सबसे तेज ग्रोथ है। इसके साथ ही कंपनी ने साफ किया कि 2026 के लिए अपने बड़े AI और डेटा सेंटर निवेश (Capital Expenditure) में कोई कटौती नहीं करेगी। इससे निवेशकों का भरोसा और मजबूत हुआ कि Microsoft आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दौड़ में लगातार आक्रामक निवेश जारी रखेगी।

कई देशों के शेयर बाजार भी छोटे पड़ गए

Microsoft की एक दिन की वैल्यू में हुई बढ़ोतरी इतनी बड़ी है कि यह दुनिया के कई देशों के पूरे शेयर बाजार से भी ज्यादा है। ब्लूमबर्ग के आंकड़ों के मुताबिक, Microsoft ने एक दिन में जितनी वैल्यू जोड़ी, उससे कम कुल शेयर बाजार पूंजीकरण दक्षिण अफ्रीका, तुर्की, फिनलैंड और वियतनाम जैसे देशों का है।

S&P 500 की कंपनियों से बड़ी बढ़ोतरी

Microsoft की एक दिन की वैल्यू में बढ़ोतरी S&P 500 इंडेक्स की लगभग 96% कंपनियों के कुल मार्केट कैप से भी ज्यादा है। इतना ही नहीं, यह S&P 500 की 41 सबसे छोटी कंपनियों की संयुक्त मार्केट वैल्यू से भी अधिक है। इनमें Domino's Pizza, Clorox और Hasbro जैसी कंपनियां शामिल हैं।

AI पर दांव बना सबसे बड़ा हथियार

विश्लेषकों का मानना है कि Microsoft की इस ऐतिहासिक छलांग के पीछे सबसे बड़ी वजह Artificial Intelligence है। Azure Cloud में AI सेवाओं की तेज मांग, OpenAI से जुड़ी साझेदारी और डेटा सेंटर में लगातार निवेश ने निवेशकों का भरोसा मजबूत किया है। अगर AI की मांग इसी रफ्तार से बढ़ती रही, तो Microsoft और Nvidia जैसी कंपनियों के बीच दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनी बनने की होड़ और तेज हो सकती है।

    Yateendra Lawaniya
    यतींद्र लवानियाauthor

    प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

    और पढ़ें
    End of Article