May 1 Rule Changes: मई का महीना नौकरीपेशा लोगों के लिए बड़े बदलावों की दस्तक दे रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार 1 मई से चार नए श्रम कानून (New Labour Codes) लागू करने जा रही है, जिससे कर्मचारियों की सैलरी स्ट्रक्चर, पीएफ (PF) योगदान और काम के घंटों में बड़ा फेरबदल देखने को मिलेगा—माना जा रहा है कि आगे चलकर ये नियम पूरे देश में प्रभावी हो सकते हैं। इसके साथ ही, 1 मई 2026 से बैंकिंग सेवाओं, रसोई गैस (LPG) की कीमतों और डिजिटल पेमेंट से जुड़े नियमों में भी महत्वपूर्ण बदलाव हो रहे हैं। इन अपडेट्स के प्रति जागरूक रहकर आप न केवल वित्तीय नुकसान से बच सकते हैं, बल्कि अपनी भविष्य की प्लानिंग भी बेहतर ढंग से कर पाएंगे।
1 मई से बदल रहे है ये 7 नियम
1. डिजिटल पेमेंट में सुरक्षा की नई परत (2FA)
1 मई से आपके डिजिटल ट्रांजैक्शन पहले से कहीं अधिक सुरक्षित होने वाले हैं। अब '2-फैक्टर ऑथेंटिकेशन' (2FA) को और भी सख्ती से लागू किया जा रहा है। इसका मतलब है कि अब UPI या नेट बैंकिंग का इस्तेमाल करते समय आपको बार-बार OTP, पिन या बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन की प्रक्रिया से गुजरना पड़ सकता है। इसके अलावा, यदि आप UPI के जरिए ATM से बिना कार्ड के पैसा निकालते हैं, तो यह आपकी फ्री ट्रांजैक्शन लिमिट में गिना जाएगा। लिमिट खत्म होने पर आपको प्रति ट्रांजैक्शन ₹17 से ₹21 तक का अतिरिक्त चार्ज देना होगा।
2. हाई-वैल्यू कैश ट्रांजैक्शन और PAN की जरूरत
सरकार अब काले धन पर नकेल कसने के लिए बड़े कैश ट्रांजैक्शन की निगरानी बढ़ा रही है। नए नियम के मुताबिक, यदि कोई व्यक्ति एक वित्तीय वर्ष में ₹10 लाख से अधिक का नकद जमा या निकासी करता है, तो उसके लिए पैन (PAN) कार्ड देना अनिवार्य होगा। पहले यह ट्रैकिंग दैनिक आधार पर होती थी, लेकिन अब पूरे साल के रिकॉर्ड को आधार बनाया जाएगा।
3. म्यूचुअल फंड
म्यूचुअल फंड में निवेश करने वालों के लिए भी बड़ी खबर है। पुराने 'सॉल्यूशन-ओरिएंटेड' प्लान्स (जैसे रिटायरमेंट या चाइल्ड प्लान) को हटाकर अब 'लाइफ-साइकिल फंड्स' लाए जा रहे हैं। ये फंड आपकी उम्र के हिसाब से अपने पोर्टफोलियो को अपने आप एडजस्ट करेंगे। साथ ही, इक्विटी म्यूचुअल फंड्स को अब 35% तक सोना और चांदी के ETF में निवेश करने की अनुमति मिल गई है, जो बाजार के उतार-चढ़ाव में आपके निवेश को सुरक्षा प्रदान करेगा।
4. सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (SGB) पर टैक्स का नया पेच
गोल्ड बॉन्ड में निवेश करने वालों के लिए टैक्स नियमों में बड़ा बदलाव किया गया है। अब टैक्स-फ्री मैच्योरिटी का लाभ केवल उन्हीं को मिलेगा जिन्होंने इसे सीधे सरकार (प्राइमरी मार्केट) से खरीदा है। यदि आप इसे किसी और से या शेयर बाजार (सेकेंडरी मार्केट) के जरिए खरीदते हैं, तो आपको कैपिटल गेन टैक्स देना होगा।
5. ट्रेडर्स के लिए बढ़ी लागत (STT में इजाफा)
शेयर बाजार में इंट्राडे और डेरिवेटिव ट्रेडिंग करने वालों की जेब अब और ढीली होगी। 1 मई से सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स (STT) की दरें बढ़ा दी गई हैं। अब ऑप्शंस ट्रेडिंग पर 0.15% और फ्यूचर्स पर 0.05% टैक्स लगेगा। यह बदलाव विशेष रूप से छोटे और एक्टिव ट्रेडर्स के मुनाफे पर असर डाल सकता है।
6. गैस सिलेंडर के नियम
दिल्ली और अन्य बड़े शहरों में घरेलू सिलेंडर की कीमतें फिलहाल ₹910 से ₹940 के बीच हैं। हालांकि सरकार ने मई के लिए किसी नई बढ़ोत्तरी का ऐलान नहीं किया है, लेकिन वैश्विक तनाव और होर्मुज स्ट्रेट में सप्लाई बाधित होने के कारण कच्चे तेल के साथ-साथ गैस की कीमतों में कभी भी बदलाव की संभावना बनी हुई है।
7. ऑनलाइन गेमिंग के लिए नए नियम (OGAI)
ऑनलाइन गेमिंग के शौकीनों के लिए सरकार ने 'ऑनलाइन गेमिंग अथॉरिटी ऑफ इंडिया' (OGAI) का गठन कर दिया है। 1 मई से गेमिंग कंपनियों के लिए सर्टिफिकेशन के नियम बदल जाएंगे। राहत की बात यह है कि अब गेम्स के सर्टिफिकेट की वैधता 5 साल से बढ़ाकर 10 साल कर दी गई है, जिससे कंपनियों को बार-बार रिन्यूअल की झंझट से मुक्ति मिलेगी।
