बिजनेस

Share Market Today: आईटी शेयरों में प्रॉफिट बुकिंग से मार्केट रिकॉर्ड ऊंचाई से फिसला, लाल निशान में सेंसेक्स

  • Edited by: Rohit Ojha
  • Updated Sep 18, 2024, 05:09 PM IST

Share Market Today: निवेशकों ने अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दर पर निर्णय से पहले मुनाफावसूली को तरजीह दी। सेंसेक्स 131.43 अंक यानी 0.16 फीसदी टूटकर 82,948.23 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 41 अंक की गिरावट दर्ज की गई है।

Image

शेयर मार्केट में गिरावट।

Photo : iStock

Share Market Today: शेयर बाजार में बुधवार को गिरावट रही और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) शेयरों में मुनाफावसूली से बीएसई सेंसेक्स 131 अंक टूटकर रिकॉर्ड ऊंचाई से नीचे आ गया। निवेशकों ने अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दर पर निर्णय से पहले मुनाफावसूली को तरजीह दी। सेंसेक्स 131.43 अंक यानी 0.16 फीसदी टूटकर 82,948.23 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 246.72 अंक चढ़कर नए शिखर 83,326.38 अंक पर पहुंच गया था।

इन शेयरों में गिरावट

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 41 अंक यानी 0.16 फीसदी की गिरावट के साथ 25,377.55 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 63.65 अंक यानी 0.25 फीसदी की बढ़त के साथ अपने अबतक के उच्चतम स्तर 25,482.20 अंक तक चला गया था। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और एचसीएल टेक्नोलॉजीज में तीन-तीन प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई।

इसके अलावा इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, सन फार्मा और टाटा मोटर्स भी प्रमुख रूप से नुकसान में रहीं। दूसरी तरफ बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, नेस्ले, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के शेयर लाभ में रहे।

फेड से रेट कटौती की उम्मीद

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि मझोली कंपनियों के शेयरों का प्रदर्शन हल्का रहने के साथ घरेलू बाजार में कुछ मुनाफावसूली देखने को मिली। फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) की बैठक में नीतिगत दर में कटौती के निर्णय की उम्मीद से वैश्विक बाजारों में मिला-जुला रुख रहा। बाजार नीतिगत दर में 0.25 प्रतिशत की कटौती की उम्मीद कर रहा है।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक मंगलवार को खरीदार रहे। उन्होंने 482.69 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे। सेंसेक्स मंगलवार को 90.88 अंक चढ़कर 83,079.66 अंक के रिकॉर्ड उच्चस्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी 34.80 अंक की बढ़त के साथ 25,418.55 अंक के नये शिखर पर पहुंचा था। (भाषा)

Rohit Ojha
Rohit Ojhaauthor

<p>रोहित ओझा Timesnowhindi.com में बतौर सीनियर कॉरस्पॉडेंट सितंबर 2023 से काम कर रहे हैं। यहां पर वो बिजेनस और यूटिलिटी की खबरों पर काम करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में पांच साल से अधिक का अनुभव। चुनावी खबरों से शुरू हुआ पत्रकारिता का सफर फिलहाल स्टॉक मार्केट, इकोनॉमी और पर्सनल फाइनेंस की खबरों के साथ जारी है। डेस्क और फील्ड दोनों में ही काम करने का तजुर्बा। टाइम्स नाऊ नवभारत से पहले अलग-अलग मीडिया संस्थानों में अलग-अलग बीट पर काम कर चुके हैं। अमर उजाला, टीवी9 हिंदी, इंडिया टीवी, आज तक जैसे मीडिया संस्थान में अलग-अलग बीट पर काम कर चुके हैं। स्टॉक मार्केट और इकोनॉमी के साथ-साथ देश की सियासी घटनाओं पर लिखने का अनुभव है। 2019 के आम चुनाव से लेकर तमाम विधानसभा की चुनावी खबरों पर काम किया है। 2019 का क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल की खबरों पर भी काम किया है। किस्से-कहानियों में मन लगता है। शारदा यूनिवर्सिटी से मास-कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म किया है। गृह जनपद- बक्सर। साहित्य, सियासत और सिनेमा पर लिखना-पढ़ना खूब पसंद है।</p>

और पढ़ें
End of Article