बिजनेस

बाजार में तगड़ी तेजी! मुकेश अंबानी की रिलायंस समेत दिग्गज कंपनियों का मार्केट कैप 96,000 करोड़ रुपये उछला

पिछले सप्ताह शेयर बाजार में हल्की तेजी के बीच टॉप 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से सात ने अपनी मार्केट वैल्यू बढ़ाई है। कुल मिलाकर इन कंपनियों के बाजार पूंजीकरण में 96,200 करोड़ रुपए से ज्यादा का इजाफा हुआ। सबसे ज्यादा फायदा रिलायंस इंडस्ट्रीज और बजाज फाइनेंस को मिला, जिनकी वैल्यूएशन में अकेले करीब 48,500 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

Image

Share Market

बाजार की तेजी के चलते BSE सेंसेक्स की शीर्ष 10 कंपनियों में से सात के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में बीते सप्ताह सामूहिक रूप से 96,200.95 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई। सबसे ज्यादा फायदा रिलायंस इंडस्ट्रीज और बजाज फाइनेंस को हुआ। इसके अलावा पिछले सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 474.75 अंक या 0.55 प्रतिशत चढ़ा। बृहस्पतिवार को सेंसेक्स 86,055.86 अंक के रिकॉर्ड उच्चस्तर पर पहुंच गया।

टॉप 10 कंपनियों में से रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, इन्फोसिस, बजाज फाइनेंस और हिंदुस्तान यूनिलीवर के बाजार पूंजीकरण में बढ़ोतरी हुई। वहीं भारती एयरटेल, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) का बाजार मूल्यांकन घट गया।

किसकी कितनी बढ़ी दौलत?

समीक्षाधीन सप्ताह में रिलायंस इंडस्ट्रीज की बाजार हैसियत 28,282.86 करोड़ रुपये बढ़कर 21,20,335.47 करोड़ रुपये हो गई। बजाज फाइनेंस का मूल्यांकन 20,347.52 करोड़ रुपये बढ़कर 6,45,676.11 करोड़ रुपये रहा। एचडीएफसी बैंक का बाजार पूंजीकरण 13,611.11 करोड़ रुपये बढ़कर 15,48,743.67 करोड़ रुपये हो गया।

आईसीआईसीआई बैंक का मूल्यांकन 13,599.62 करोड़ रुपये बढ़कर 9,92,725.97 करोड़ रुपये रहा। हिंदुस्तान यूनिलीवर का बाजार पूंजीकरण 7,671.41 करोड़ रुपये बढ़कर 5,79,644.16 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की बाजार हैसियत 6,415.28 करोड़ रुपये बढ़कर 9,04,185.15 करोड़ रुपये हो गई। इन्फोसिस का मूल्यांकन 6,273.15 करोड़ रुपये बढ़कर 6,47,961.98 करोड़ रुपये रहा।

इन 3 ने बिगाड़ा काम

इस रुख के उलट भारती एयरटेल का बाजार पूंजीकरण 35,239.01 करोड़ रुपये घटकर 11,98,040.84 करोड़ रुपये रह गया । एलआईसी का मूल्यांकन 4,996.75 करोड़ रुपये घटकर 5,65,581.29 करोड़ रुपये और टीसीएस का पूंजीकरण 3,762.81 करोड़ रुपये घटकर 11,35,952.85 करोड़ रुपये पर आ गया।

टॉप 10 की रैंकिंग में रिलायंस टॉप

शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। इसके बाद एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, टीसीएस, आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई, इन्फोसिस, बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर और एलआईसी का स्थान रहा।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article