बिजनेस

गुम हो गई लॉकर की चाबी तो क्या बैंक तोड़ेगा ताला? जानें क्या है नई चाबी पाने का सही प्रोसेस और आपको कितना देना होगा चार्ज

बैंक लॉकर में हम अपनी सबसे कीमती चीजें रखते हैं, लेकिन क्या होगा अगर इसकी चाबी ही कहीं गुम हो जाए? लॉकर की चाबी खोने पर बैंक या आप कौन ड्यूप्लिकेट चाबी बनवाएगा? आइए आपको बताते हैं RBI का इसके लिए नियम क्या है?

Image

bank locker key

बैंक लॉकर का इस्तेमाल हम अपनी सबसे कीमती चीजों, जैसे गहने, प्रॉपर्टी के कागज और जरूरी दस्तावेजों को सुरक्षित रखने के लिए करते हैं। सुरक्षा के लिहाज से बैंक लॉकर की चाबी बेहद महत्वपूर्ण होती है क्योंकि बैंक के पास भी इसकी दूसरी चाबी नहीं होती। ऐसे में अगर कभी यह चाबी गुम हो जाए, तो किसी भी ग्राहक का घबराना स्वाभाविक है। क्या बैंक ताला तोड़ेगा? क्या सारा सामान सुरक्षित रहेगा? और इस पूरी प्रक्रिया में कितना खर्च आएगा? भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नियमों के अनुसार, चाबी खोने पर एक तय कानूनी प्रक्रिया का पालन करना होता है।

चाबी खोते ही सबसे पहले क्या करें?

जैसे ही आपको पता चले कि लॉकर की चाबी खो गई है, बिना देरी किए अपनी होम ब्रांच को इसकी लिखित सूचना दें। यह कदम इसलिए जरूरी है ताकि बैंक आपके लॉकर को 'फ्रीज' या 'स्टॉप' कर सके, जिससे कोई और व्यक्ति उस चाबी का गलत इस्तेमाल न कर पाए। इसके बाद, आपको पास के पुलिस स्टेशन में एक FIR (प्रथम सूचना रिपोर्ट) दर्ज करानी होगी। बैंक सुरक्षा कारणों से FIR की कॉपी मांगता है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि चाबी वास्तव में खोई है और इसके पीछे कोई आपराधिक इरादा नहीं है।

क्या बैंक के पास होती है डुप्लीकेट चाबी?

बता दें बैंक के पास आपके लॉकर की डुप्लीकेट चाबी नहीं होती। बैंक लॉकर हमेशा दो चाबियों से खुलता है: एक 'मास्टर की' जो बैंक अधिकारी के पास होती है और दूसरी 'कस्टमर की' जो आपके पास होती है। बैंक अधिकारी की चाबी केवल आधे लॉक को ऑपरेट करती है, जब तक आप अपनी चाबी नहीं लगाते, लॉकर नहीं खुल सकता। इसलिए, चाबी खोने की स्थिति में बैंक के पास ताला तोड़ने या नया लॉक लगाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचता।

ताला तोड़ने और नई चाबी पाने का प्रोसेस

चाबी गुम होने पर आपके पास दो रास्ते होते हैं। पहला, बैंक से नई चाबी (Duplicate Key) जारी करने का अनुरोध करना। इसके लिए बैंक लॉक बनाने वाली कंपनी को बुलाता है। दूसरा और सबसे आम तरीका है लॉकर को तोड़ना (Break Open)। इस प्रक्रिया के लिए एक खास दिन तय किया जाता है। बैंक अधिकारी, लॉक बनाने वाली कंपनी का टेक्नीशियन और खुद ग्राहक (लॉकर होल्डर) की मौजूदगी में ताला तोड़ा जाता है। अगर लॉकर जॉइंट है, तो दोनों होल्डर्स का वहां होना अनिवार्य है। ताला तोड़ने के बाद बैंक उसी समय नया लॉक फिट कर देता है और आपको नई चाबियां सौंप दी जाती हैं।

कितना आता है खर्च?

लॉकर की चाबी खोना आपकी जेब पर भारी पड़ सकता है। RBI के नियमों के मुताबिक, ताला तोड़ने, नया लॉक लगाने और टेक्नीशियन की विजिट का सारा खर्च ग्राहक को ही उठाना पड़ता है। यह खर्च अलग-अलग बैंकों और लॉकर के साइज के हिसाब से अलग-अलग हो सकता है। आमतौर पर यह खर्च ₹500 से लेकर ₹5,000 के बीच होता है। कुछ बैंक इसके अलावा 'सर्विस चार्ज' या पेनल्टी भी वसूलते हैं। बैंक आपके खाते से यह राशि सीधे डेबिट कर सकता है या आपसे डिमांड ड्राफ्ट/कैश के जरिए भुगतान करने को कह सकता है।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article