शहर

बदरीनाथ मंदिर चढ़ावा विवाद में बड़ा एक्शन, रजिस्टर में ओवरराइटिंग को लेकर हटाए गए कोषाध्यक्ष; समिति ने देखे CCTV फुटेज

Badrinath Temple Donation Row: उत्तराखंड के बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे और दान के प्रबंधन में कथित अनियमितता की जांच के बीच बीकेटीसी ने चढ़ावे के रखरखाव से जुड़े रजिस्टर में 'ओवरराइटिंग' पाए जाने पर कोषाध्यक्ष को पद से हटाया।

Image

बद्रीनाथ मंदिर (फोटो साभार: instagram.com/sharanmshukla)

Badrinath Temple Donation Row: उत्तराखंड के विख्यात बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे और दान के प्रबंधन में कथित अनियमितता की जांच के बीच श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) ने चढ़ावे के रखरखाव से जुड़े रजिस्टर में 'ओवरराइटिंग' पाए जाने पर कोषाध्यक्ष को पद से हटा दिया।

बीकेटीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि मंदिर के लॉकर में रखी हुई चांदी की मात्रा रजिस्टर में दर्ज प्रविष्टि की तुलना में थोड़ी अधिक होने और रजिस्टर में 'ओवरराइटिंग' पाए जाने के बाद कोषाध्यक्ष संदेश मेहता को वहां से हटाकर दूसरी जगह स्थानांतरित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि कोषाध्यक्ष के पद की जिम्मेदारी मंदिर में पूजा काउंटर पर तैनात कर्मचारी केदार सिंह को सौंप दी गई है, जबकि उनकी जगह मेहता को तैनात किया गया है।

इस बीच, कथित अनियमितता की जांच कर रही उच्चस्तरीय समिति ने बुधवार को दूसरे दिन चढ़ावे के रख-रखाव की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली तथा बीकेटीसी के कर्मचारियों से बातचीत की। मंदिर समिति के सूत्रों ने बताया कि गढ़वाल के आयुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता वाली जांच समिति मंदिर की व्यवस्था से जुड़े अन्य लोगों से भी बातचीत करेगी।

समिति ने CCTV फुटेज किया चेक

समिति ने मंगलवार को बदरीनाथ मंदिर पहुंचकर जांच शुरू की थी । स्वरूप के अलावा, समिति में बर्तौर सदस्य गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN) के प्रबंध निदेशक संदीप तिवारी तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में निदेशक (वित्त) जगत सिंह चौहान भी शामिल हैं । समिति ने बदरीनाथ पहुंचने के बाद मंदिर परिसर में पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों का निरीक्षण किया और नकद गणना कक्ष का जायजा लिया, जहां उन्होंने लगभग एक घंटे तक सीसीटीवी फुटेज देखे और काउंटिंग रजिस्टर व अन्य संबंधित दस्तावेजों का गहन अवलोकन किया।

बाद में, तिवारी ने बताया कि समिति ने दान की गणना प्रक्रिया, हुंडी से काउंटिंग रूम तक दान पहुंचने की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और तैनात कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि समिति ने उपलब्ध सीसीटीवी रिकॉर्डिंग और बीकेटीसी के निलंबित कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को गिरफ्तार किए जाने का भी संज्ञान लिया है। तिवारी ने कहा कि विस्तृत जांच के दौरान आम लोगों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे तथा समिति से सभी सीसीटीवी रिकॉर्ड लेकर फॉरेंसिक, साइबर जैसे तकनीकी विशेषज्ञों की राय ली जाएगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर गठित समिति को मंदिर में प्राप्त होने वाले दान-चढ़ावे से संबंधित कथित अनियमितताओं की विस्तृत जांच के अलावा मंदिर की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए सिफारिशें भी देने को कहा गया है।

नौटियाल की हुई गिरफ्तार

सनद रहे कि दो जुलाई को सोशल मीडिया पर मंदिर में चढ़ावे और दान के प्रबंधन में कथित अनियमितता के आरोप सामने आने के बाद बीकेटीसी ने चार सदस्यीय आंतरिक जांच समिति गठित की थी जिसकी प्रारंभिक रिपोर्ट में प्रथमद्रष्टया आरोपों की पुष्टि होने के बाद नौटियाल को सात जुलाई को निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद बीकेटीसी ने बदरीनाथ थाने में नौटियाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जिसकी जांच के लिए विशेष अन्वेषण दल (SIT) का गठन किया गया। बाद में एसआईटी को मिले सबूतों के आधार पर 12 जुलाई की रात को नौटियाल को गिरफ्तार कर लिया गया।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article