बिजनेस

Life Certificate Rejected? क्या आपको भी बैंक से आया है ये मैसेज? तो तुरंत करें ये काम

1 नवंबर से केंद्र सरकार के पेंशनर्स के लिए जीवन प्रमाण पत्र यानी डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (DLC) जमा करने का अभियान शुरू हो चुका है। पेंशन और पेंशनर्स कल्याण विभाग ने 1 से 30 नवंबर तक DLC Campaign 4.0 चलाने का ऐलान किया है, जिसमें सभी पेंशनर्स को अपना लाइफ सर्टिफिकेट जमा करना जरूरी है।

Image

life certificate

अगर आपको ‘Life Certificate Rejected’ का SMS मिला है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। हर महीने समय पर पेंशन मिलती रहे, इसके लिए पेंशनरों को साल में एक बार जीवन प्रमाण पत्र जमा करना होता है। पहले यह काम काफी मुश्किल माना जाता था बैंक या पेंशन दफ्तर में लंबी लाइनें लगानी पड़ती थीं, कई बार चक्कर भी लगाने पड़ते थे। लेकिन अब डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (DLC) ने इस प्रक्रिया को आसान बना दिया है। पेंशनर अब घर बैठे ही अपने स्मार्टफोन से मिनटों में जीवन प्रमाण जमा कर सकते हैं।

हालांकि कई बार ऐसा होता है कि जीवन प्रमाण जमा करने के बाद मैसेज आता है कि आपका Digital Life Certificate रिजेक्ट कर दिया गया है, और इस स्थिति में लोगों को समझ नहीं आता कि आगे क्या किया जाए। अगर आपके घर में कोई पेंशनर भी इस समस्या से परेशान है, तो पहले यह जानना जरूरी है कि सर्टिफिकेट रिजेक्ट क्यों होता है, स्टेटस कैसे चेक करें, और इसे दोबारा सही तरीके से कैसे जमा करें।

डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट क्या है?

डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट या जीवन प्रमाण पत्र एक आधार-आधारित बायोमेट्रिक सर्टिफिकेशन है। इसकी मदद से केंद्र या राज्य सरकार के पेंशनर यह साबित कर सकते हैं कि वे जीवित हैं वह भी बिना बैंक या दफ्तर जाए। पेंशनर के आधार और बायोमेट्रिक से एक यूनिक सर्टिफिकेट बनता है, जो सीधे उस बैंक या विभाग को भेज दिया जाता है, जो पेंशन जारी करता है।

कैसे पता करें कि आपका DLC एक्सेप्ट हुआ है या रिजेक्ट?

अगर आप यह जानना चाहते हैं कि आपका डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (DLC) स्वीकार हुआ है या रिजेक्ट, तो इसका सबसे आसान तरीका है कि आप जीवन प्रमाण की आधिकारिक वेबसाइट jeevanpramaan.gov.in पर जाएं। यहाँ अपनी Pramaan ID डालकर आप DLC डाउनलोड कर सकते हैं। डाउनलोड होते ही स्क्रीन पर साफ दिखाई देगा कि आपका लाइफ सर्टिफिकेट Approved, Pending या Rejected है। यह तरीका सबसे भरोसेमंद है, चाहे आपको SMS मिला हो या नहीं।

Life Certificate रिजेक्ट क्यों होता है?

कई बार जीवन प्रमाण गलत जानकारी या बायोमेट्रिक में समस्या के कारण रिजेक्ट हो जाता है। जैसे PPO नंबर गलत भरना, बैंक या ट्रेजरी की डिटेल गलत देना, आधार की जानकारी मैच न होना, फिंगरप्रिंट या आईरिस स्कैन सही से न होना, या नाम और जन्मतिथि में अंतर। उम्र अधिक होने या स्वास्थ्य कारणों से भी बायोमेट्रिक क्लियर नहीं हो पाता, जिससे सर्टिफिकेट रिजेक्ट हो जाता है।

Life Certificate रिजेक्ट हो जाए तो क्या करें?

अगर आपका लाइफ सर्टिफिकेट रिजेक्ट हो गया है, तो घबराने की जरूरत नहीं। सबसे पहले अपनी पेंशन देने वाली संस्था (PDA) से संपर्क करें और रिजेक्शन का कारण जानें। अधिकतर मामलों में छोटी-सी गलती सुधारने के बाद समस्या हल हो जाती है। इसके बाद आपको एक नया डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनाकर दोबारा सबमिट करना होता है। इस दौरान ध्यान रखें कि PPO नंबर, नाम, जन्मतिथि और बैंक डिटेल बिल्कुल सही भरें और ये सभी जानकारी आधार से मैच करती हों। साथ ही फिंगरप्रिंट या आईरिस स्कैन भी साफ और सही तरीके से लें। जीवन प्रमाण की गाइडलाइन भी कहती है कि गलत जानकारी के कारण यदि DLC रिजेक्ट हो जाए, तो नई Pramaan ID बनाकर दोबारा सबमिट करना ही सबसे सही तरीका है।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article